Muzaffarpur News: वरमाला के समय दूल्हे ने चुपके से दुल्हन को तिरछी नजर कर देखा, फिर बोला-अब मुझे नहीं करनी शादी, फिर...

Muzaffarpur News: पारिवारिक विवाद के चलते दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद वधू पक्ष ने आनन-फानन में दूसरी लड़की को तैयार किया और फिर जयमाल के लिए स्टेज पर भेज दिया। दूल्हे ने दुल्हन को देखते ही शादी से मना कर दिया।

Ashish Kumar Pandey
Published on: 15 July 2024 11:00 AM GMT (Updated on: 15 July 2024 11:05 AM GMT)
Muzaffarpur News ( Social- Media- Photo)
X

Muzaffarpur News ( Social- Media- Photo)

Muzaffarpur News: बारात लेकर दूल्हा जब पहुंचा तो बारातियों का जोरदार स्वागत वधू पक्ष ने किया। उसके बाद अन्य रस्में शुरू हुईं। फिर बारी आई जयमाल की। दूल्हा वरमाला के लिए स्टेज पर जाकर बैठ गया फिर दुल्हन को भी लाया गया। अभी जयमाल होने वाला ही था कि दूल्हे ने तिरछी नजर से दुल्हन की तरफ देखा तो दंग रह गया और शादी करने से ही इनकार कर दिया। इसके बाद वहां मौजूद लोग दंग रह गए कि आखिर क्या बात हो गई कि दूल्हे ने शादी से ही मना कर दिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ।

यह मामला बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का है। यहां एक अनोखी शादी की चर्चा हर तरफ हो रही है। शादी समारोह में वरमाला के समय अचानक दुल्हन बदलने की वजह से दूल्हे ने शादी करने से ही इनकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों परिवारों में जमकर हंगामा हुआ। इसके बाद नाराज ग्रामीणों ने बारातियों को बंधक बना लिया। बाद में जब पुलिस आई तब जाकर मामला शांत हुआ और थाने में ही दूल्हे ने अपनी असली दुल्हन के साथ शादी रचाई।


परिवारिक कलह के चलते दुल्हन ने शादी से किया इनकार

यह पूरा मामला जिले के बरूराज थाना क्षेत्र के धूमनगर बखरी गांव का है। गांव में गायघाट से बारात आई थी। शादी की रस्में शुरू हुईं और बाराती नाश्ता कर रहे थे तभी अचानक दुल्हन ने पारिवारिक कलह की वजह से शादी करने से मना कर दिया। दुल्हन की यह बात सुनकर सभी लोग हैरान रह गए।


बदल गई थी दुल्हन

इसके बाद वधू पक्ष के लोगों ने आनन फानन में जल्दी से दूसरी लड़की को दुल्हन की तरह सजाकर वरमाला के लिए स्टेज पर भेज दिया। लेकिन जब वरमाला के दौरान दूल्हे की नजर दुल्हन पर पड़ी तो उसने दुल्हन बदलने की बात कहते हुए शादी से ही इनकार कर दिया। दूल्हे के इस फैसले से वहां मौजूद सभी लोग दंग रह गए और दोनों परिवारों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए ग्रामीणों ने बारात को ही बंधक बना लिया।


पुलिस तक पहुंचा मामला

इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजीव कुमार दुबे दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और बाराती पक्ष के लोगों को बंधक मुक्त कराया। इसके बाद वे दूल्हे और दुल्हन दोनों को लेकर थाने चले गए। थाने में देर रात तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा और इसी बीच दूल्हा पहले से तय दुल्हन से भी शादी करने से इनकार कर रहा था। लेकिन थानाध्यक्ष संजीव दुबे ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर किसी तरह से मामला शांत कराया और आखिरकार दोनों पक्ष शादी के लिए तैयार हो गए।


थाने में हुई शादी

इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में थाना परिसर स्थित संतोषी माता के मंदिर में दूल्हे ने उसी दुल्हन के साथ सात फेरे लिए जिससे उसकी पहले शादी तय हुई थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद सुबह होते ही थानाध्यक्ष ने नए जोड़े को आशीर्वाद देकर विदा किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर वर-वधू की शादी कराई गई। किसी पक्ष ने कोई शिकायत नहीं की है।

Shalini Rai

Shalini Rai

Next Story