×

UP School Closed: भीषण ठंड और कोहरे के चलते यूपी में दो दिन बंद रहेंगे सभी स्कूल, विद्यालयों की टाइमिंग बदली

UP School Closed: यूपी सरकार ने प्रदेश में बढ़ते कोहरे और ठंड को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सभी स्कूलों में दो दिन यानी गुरुवार और शुक्रवार (28-29 दिसंबर) को अवकाश की घोषणा कर दी है।

Jugul Kishor
Published on: 28 Dec 2023 4:08 AM GMT
UP School Closed
X

UP School Closed (Social Media)

UP School Closed: समूचा उत्तर भारत इन दिनों घने कोहरे और ठंड की चपेट में है। पहाड़ो पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में साफ तौर पर देखा जा सकता है। पिछले दो दिनों से पूरे उत्तर प्रदेश में कोहरे की चादर बिछी हुई है। शीतलहर और कोहरे के डबल अटैक का सबसे ज्यादा असर स्कूल जाने वाले बच्चों पर पड़ रहा है। यूपी सरकार ने प्रदेश में बढ़ते कोहरे और ठंड को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सभी स्कूलों में दो दिन यानी गुरुवार और शुक्रवार (28-29 दिसंबर) को अवकाश की घोषणा कर दी है। जबकि घने कोहरे के कारण स्कूलों के समय में भी बदलाव कर दिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश में कहा गया है कि गाजियाबाद में, कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों का समय बदलकर सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक कर दिया गया है। जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अलीगढ़ में, कक्षा 1 से 12 तक के सभी बोर्डों के स्कूल, जिनमें अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय भी शामिल है, गुरुवार और शुक्रवार को बंद रहेंगे।

इसी तरह मथुरा में भी कक्षाओं का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह भी घोषणा की कि जालौन में कक्षा 1 से 8 तक के लिए स्कूल 31 दिसंबर तक बंद रहेंगे।

प्रदेश में शीतकालीन अवकाश की घोषणा

यूपी सरकार ने दो दिनों के अवकाश के साथ स्कूलों में शीतकालीन अवकाश की भी घोषणा कर दी है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश शिक्षा विभाग के महानिदेशक ने जानकारी भी साझा की है। जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के परिषदीय स्कूल 31 दिसंबर 2023 से बंद हो जाएंगे। इन दिनों की छुट्टी को शीतकालीन अवकाश में गिना जाएगा। जारी आदेश के मुताबिक स्कूल 15 जनवरी को खुलेंगे। यानि कि स्कूलों में अवकाश 14 जनवरी तक रहेगा।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story