×

NEET Paper Leak: ओपी राजभर के विधायक बेदी राम पर कई पेपर लीक मामलों में दर्ज है FIR, शपथ-पत्र से हुआ खुलासा

NEET Paper Leak: विधानसभा चुनाव के दौरान विधायक बेदी राम की ओर से दिए गए शपथ पत्र में भी उनके ऊपर पेपर लीक मामले की 9 एफआईआर दर्ज का जिक्र किया गया है। बेदी राम के खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान और मध्य प्रदेश के भी कई थानों में बेहद गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

Network
Written By Network
Published on: 27 Jun 2024 9:27 AM GMT
NEET Paper Leak: ओपी राजभर के विधायक बेदी राम पर कई पेपर लीक मामलों में दर्ज है FIR, शपथ-पत्र से हुआ खुलासा
X

NEET Paper Leak : नीट पेपर लीक मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के विधायक बेदी राम का नाम सामने आने के बाद सियासत तेज हो गई है। बेदी राम गाजीपुर की जखनियां विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह मूलरूप से आजमगढ़ के रहने वाले हैं। लेकिन, सुभासपा ने उन्हें जखनियां विधानसभा सीट से टिकट दिया और जीतकर विधायक बन गए। बेदी राम को सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का करीबी माना जाता है।

यह पहला मौका नहीं है, जब विधायक बेदी राम का नाम भर्ती परीक्षा के पेपर लीक से जुड़ा है। इससे पहले भी वह रेलवे भर्ती पेपर लीक मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। साल 2014 में यूपी एसटीएफ ने उन्हें लखनऊ के आशियाना इलाके से गिरफ्तार किया था। बता दें कि विधानसभा चुनाव के दौरान विधायक बेदी राम की ओर से दिए गए शपथ पत्र में भी उनके ऊपर पेपर लीक मामले की 9 एफआईआर दर्ज का जिक्र किया गया है। बेदी राम के खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान और मध्य प्रदेश के भी कई थानों में बेहद गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। जिसमें एमपी - पीसीएस और रेलवे भर्ती जैसे परीक्षाओं का पेपर लीक करने का आरोपी बनाया गया है। उनके ऊपर बाराबंकी में एक बड़े जमीन घोटाले का भी आरोप है जिसकी जांच जारी है।


बेदी राम नीट पेपर लीक के सरगना- कांग्रेस

वहीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने दावा किया है कि सुभासपा विधायक बेदी राम नीट पेपर लीक के सरगना हैं। कांग्रेस ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि पीएम नरेंद्र मोदी की पार्टी का सहयोगी विधायक नीट पेपर लीक का सरगना है। यूपी के इस विधायक का नाम बेदी राम है। इसका धंधा है- देशभर में पेपर लीक करवाना और उससे पैसे बनाना। बेदी राम बीजेपी का चहेता और उनका बेहद करीबी है। कांग्रेस ने दावा किया कि एनडीए विधायक बेदी राम का साफ कहना है कि मैं देश में कोई भी पेपर लीक करवा सकता हूं। बेदी राम पहले भी पेपर लीक के मामले में जेल जा चुका है।



भाजपा का पेपर लीक सरगना को समर्थन क्यों?- कांग्रेस

कांग्रेस ने इस संदर्भ में कुछ सवाल भी पूछा है। कांग्रेस ने पूछा करि बेदी राम पेपर लीक करवाता है, ये सबको पता है। इसके बाद भी इसे एनडीए में क्यों रखा गया? यूपी के लोग बताते हैं कि बेदी राम खुले तौर पर पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी का नाम लेकर रौब झाड़ता है और कहता है- मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। पेपर लीक होगा, इसे कोई नहीं रोक सकता। आखिर पीएम नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी का पेपर लीक सरगना को समर्थन क्यों है? साफ है पेपर लीक जहां - भाजपा का कनेक्शन वहां।

Sandip Kumar Mishra

Sandip Kumar Mishra

Content Writer

Sandip kumar writes research and data-oriented stories on UP Politics and Election. He previously worked at Prabhat Khabar And Dainik Bhaskar Organisation.

Next Story