×

Bihar Politics: बिहार में भाजपा का मिशन Y, लालू के यादव वोट बैंक में सेंध लगाने की तैयारी, मध्य प्रदेश के CM मोहन यादव 18 को करेंगे दौरा

Bihar Politics: पार्टी के वरिष्ठ यादव नेताओं की ओर से श्रीकृष्ण चेतना मंच के बैनर तले मोहन यादव का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 10 Jan 2024 3:22 AM GMT
CM Mohan Yadav and Lalu Prasad Yadav
X

CM Mohan Yadav and Lalu Prasad Yadav (photo: social  media )

Bihar Politics: बिहार में भारतीय जनता पार्टी राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव के कोर वोट बैंक में सेंध लगाने की तैयारी में जुट गई है। लालू यादव का एम-वाई (मुस्लिम-यादव) समीकरण बिहार में राजद की ताकत का बड़ा कारण माना जाता रहा है। अब भाजपा बिहार में मिशन वाई मतलब मिशन यादव लॉन्च करने जा रही है। इस मिशन के तहत मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को बिहार के सियासी अखाड़े में उतारने की तैयारी है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव 18 जनवरी को पटना के दौरे पर पहुंचने वाले हैं। दरअसल पार्टी के वरिष्ठ यादव नेताओं की ओर से श्रीकृष्ण चेतना मंच के बैनर तले मोहन यादव का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की कमान संभालने के बाद मोहन यादव का यह पहला बिहार दौरा होगा। मुख्यमंत्री के रूप में उनके पहली बार बिहार पहुंचने पर जोरदार स्वागत की तैयारी भी की जा रही हैं। सियासी जानकारों का मानना है कि भाजपा लोकसभा चुनाव के दौरान राजद को चोट पहुंचाने की कोशिश में जुट गई है।

भाजपा के लिए मोहन यादव साधेंगे समीकरण

दरअसल मध्य प्रदेश में मोहन यादव को मुख्यमंत्री पद की कमान सौंपने के भाजपा हाईकमान के फैसले पर सियासी हल्कों में हैरानी भी जताई गई थी। सियासी जानकारों का मानना था कि उत्तर प्रदेश में सपा और बिहार में राजद के वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश में भाजपा ने मोहन यादव की ताजपोशी की है। भाजपा के इस बड़े सियासी मकसद के कारण ही मध्य प्रदेश में मोहन यादव की किस्मत चमक उठी थी।

यह आकलन अब सही साबित होता दिख रहा है क्योंकि भाजपा ने अब मोहन यादव को बिहार के सियासी अखाड़े में उतारने का फैसला कर लिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बाद में मोहन यादव को उत्तर प्रदेश के अखाड़े में भी उतारा जाएगा ताकि समाजवादी पार्टी के वोट बैंक में भी सेंध लगाने में कामयाबी मिल सके। अगर पार्टी का यह मिशन कामयाब रहा तो पार्टी के वोट बैंक में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

यादव नेताओं और रिटायर्ड अफसरों को भी बुलाया

मुख्यमंत्री मोहन यादव 18 जनवरी को पटना पहुंचने के बाद एयरपोर्ट से सीधे श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल जाएंगे। इस मौके पर श्रीकृष्ण चेतना मंच की ओर से मोहन यादव का जोरदार अभिनंदन करने की तैयारी है। इस कार्यक्रम में यादव समाज के कई बड़े नेताओं और रिटायर्ड अफसरों को भी आमंत्रित किया गया है। इस स्वागत कार्यक्रम के बाद मोहन यादव भाजपा कार्यालय और इस्कॉन मंदिर का भी दौरा करेंगे।

बिहार के सियासत के जानकारों का कहना है कि नीतीश कुमार के एनडीए से अलग होने के बाद भाजपा अब दूसरी बिरादरी के वोट हासिल करने की कोशिश में जुटी हुई है। गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता समय-समय पर बिहार में लालू और नीतीश को सबक सिखाने की बात कहते रहे हैं। इसी कड़ी में अब यादव वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश की जा रही है।

भाजपा नेताओं को प्रशिक्षित करने की योजना

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने अपने मीडिया विभाग से जुड़े नेताओं को भी प्रशिक्षित करने की रणनीति तैयार की है। इसी सिलसिले में आज भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन भी किया गया है। इस कार्यशाला में विभिन्न मुद्दों से जुड़े छह सत्रआयोजित किए जाएंगे। कार्यशाला का उद्घाटन बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी करेंगे।

कार्यशाला के अंतिम सत्र को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी संबोधित करेंगी। इस कार्यशाला के जरिए मीडिया विंग से जुड़े नेताओं के बयानों को और धारदार बनाने की कोशिश की जाएगी। इसके साथ ही उन्हें यह भी बताया जाएगा कि उन्हें किस तरह के बयानों को देने से परहेज करना चाहिए।

इसके जरिए भाजपा नेताओं को यह भी बताया जाएगा कि वे केंद्रीय योजनाओं को किस तरह प्रभावशाली तरीके से पेश करें और आम लोगों को प्रभावित करने वाले मुद्दों को किस तरह उठाएं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story