×

शुक्र के इस गोचर से बदल जाएगी किस्मत, किसी को मिलेगा प्यार किसी को सम्मान

suman
Published on: 1 Jun 2017 6:52 AM GMT
शुक्र के इस गोचर से बदल जाएगी किस्मत, किसी को मिलेगा प्यार किसी को सम्मान
X

लखनऊ: शुक्र को भौतिक सुख, प्रेम, विवाह, वासना और कला आदि का कारक ग्रह माना गया है। शुक्र का स्वरूप अति सुन्दर तथा मनमोहक है इसलिए शुक्र को सौन्दर्य का प्रतीक भी माना जाता है। शुक्र वृषभ और तुला राशि का स्वामी है और मीन राशि में उच्च भाव में तथा कन्या राशि में नीच भाव में रहता है। बुध व शनि इसके मित्र ग्रह हैं, जबकि सूर्य और चंद्रमा इसके शत्रु ग्रह माने जाते हैं। यदि कुंडली में शुक्र कमज़ोर हो तो प्रेम, विवाह, विलासिता, सुख-समृद्धि, कला-संगीत आदि में अड़चन आती है। साथ ही नेत्र रोग, अपच, मुँहासे जैसी शारीरिक पीड़ा से गुज़रना पड़ता है, जबकि शुक्र के मज़बूत होने से शुभ परिणाम प्राप्त होते हैं। शुक्र ग्रह 31 मई 2017, बुधवार के दिन सुबह 09:11 बजे मीन राशि से मेष राशि में गोचर कर चुका है। शुक्र ग्रह मेष राशि में 29 जून 2017 गुरुवार को शाम 7:47 बजे तक स्थित रहेगा। 12 राशियों पर शुक्र के इस गोचर का क्या प्रभाव होगा?

यह भी पढ़ें...दिल से नहीं, दिमाग से सोचती हैं, फिर भी हर दिल अजीज होती हैं जून में जन्मी लड़कियां

आगे...

मेष : शुक्र आपकी राशि से प्रथम भाव में संचरण करेगा। इस गोचर के प्रभाव से आपके व्यक्तित्व में निखार आएगा और आप दूसरों को अपनी छवि से प्रभावित करेंगे। लोग आपकी ओर आकर्षित होंगे। प्रेम संबंध में रोमांस का स्वाद घुलेगा, और आपको भरपूर आनंद की प्राप्ति होगी। शादीशुदा लोगों को जीवन साथी का सहयोग प्राप्त होगा। करियर में भी उन्नति देखने को मिल सकती है। शुक्रवार के दिन महालक्ष्मी जी को श्रृंगार भेंट करें।

आगे...

वृषभ: इस गोचर में शुक्र ग्रह आपकी राशि से बारहवे भाव में गोचर करेगा। इसके परिणामस्वरूप आपको शारीरिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आप इस दौरान भौतिक सुख-साधनों के साथ समय व्यतीत करेंगे। आपके ख़र्च में वृद्धि संभव है। क़ानूनी मामलों में आपका धन ख़र्च हो सकता है। गोचर के दौरान आप विदेश यात्रा अथवा किसी लंबी दूरी की यात्रा पर जा सकते हैं। जीवन साथी की सेहत का ख़्याल रखें और अपने ख़र्चों में कटौती करें। गाय की सेवा करें और आटा खिलाएँ।

आगे...

मिथुन: शुक्र आपकी राशि से ग्यारहवे भाव में प्रवेश करेगा, जिसके प्रभाव से आपकी आमदनी में वृद्धि की संभावना है। वहीं करियर की दिशा में अग्रसर होने के भी पर्याप्त मौक़े मिलेंगे। किसी महिला, विदेश अथवा अंतर्राष्ट्रीय संबंध से आपको लाभ प्राप्त होने की संभावना है। अभिनेताओं एवं कलाकारों के लिए यह गोचर शुभ संकेत दे रहा है। वहीं बच्चे सहज रूप से समय का आनंद लेंगे। आप अपने प्रियतम के साथ अच्छा समय व्यतीत करेंगे। सामाजिक कार्यों में आपकी सक्रियता बढ़ेगी। जीवन साथी को किसी तरह का लाभ मिल सकता है। माथे पर श्वेत चंदन का तिलक लगाएँ।

आगे...

कर्क: शुक्र आपकी राशि से दसवें भाव में गोचर करेगा। इस दौरान आप कार्य क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करेंगे। किसी व्यक्ति को आप अपनी लाइफ़ स्टाइल एवं कार्यशैली से बहुत अधिक प्रभावित करेंगे। किसी महिला के सहयोग से आपको आगे बढ़ने का मंच मिलेगा। घरेलू जीवन में सामंजस्य बना रहेगा। आप नया घर खरीद सकते हैं। ऐसे भी योग हैं कि आप गोचर के दौरान कोई वाहन ख़रीदें। शुक्रवार के दिन दही के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक करें।

आगे...

सिंह: शुक्र आपकी राशि से नौंवे भाव में स्थित होगा, जिसके परिणाम स्वरूप आप अपनी जॉब को बदलने का मन बना सकते हैं। लंबी दूरी की यात्रा पर पर जाने के योग बन रहे हैं। वहीं गोचर के दौरान आपको भाई-बहन से किसी तरह का लाभ भी हो सकता है। आर्थिक ज़रुरत पड़ने पर वे भी आपकी मदद को आगे रहेंगे। जीवन साथी का सहयोग आपको और ऊर्जा देगा। समाज में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। धार्मिक क्रिया-कलापों में भी आपकी रुचि बढ़ सकती है। किस्मत का साथ आपके लिए सोने पर सुहागा की तरह कार्य करेगा। अपने प्रयासों एवं प्रतिभा के द्वारा आपको अच्छी आमदनी की प्राप्ति होगी। शुक्रवार के दिन छोटी कन्याओं को खीर खिलाएँ।

आगे...

कन्या: शुक्र आपकी राशि से आठवें भाव में गोचर करेगा। इस कारण आपको अचानक धन हानि हो सकती है, इसलिए सोच समझकर पैसों का निवेश करें। पिता जी की सेहत में भी गिरावट आने की संभावना है। महिलाओं के साथ संबंध ठीक रखें और उनको सम्मान दें। अपनी सेहत को लेकर सजग रहें और खाने-पीने में जंक फ़ूड व बासी खाने से परहेज़ करें। करियर के क्षेत्र में आपको कोई ख़ुशख़बरी मिल सकती है। गाय की सेवा करें।

आगे...

तुला: शुक्र आपकी राशि से सातवे भाव में संचरण करेगा। इस दौरान आपके जीवन में रोमांस का स्वाद घुलेगा। यदि आप शादीशुदा हैं, तो जीवन साथी का सहयोग आपके लिए बेहद शुभकारी होगा। इस दौरान आप अपने क़ीमती समय का आनंद उठाएंगे। आप दोनों के बीच प्रेम तो रहेगा ही, साथ में छोटी-मोटी तक़रार भी देखने को मिल सकती है। हाँ, अगर यह तक़रार आगे बढ़ती है तो प्रेम में कड़वाहट घुलना लाज़मी है। सेहत के लिहाज़ से गोचर आपके लिए अच्छा है। नई ऊर्जा के साथ आप अपने कार्य को पूर्ण करेंगे। गाय को हरा चारा खिलाएँ।

आगे...

वृश्चिक: शुक्र आपकी राशि से छठे भाव में गोचर करेगा, जिसके प्रभाव से वैवाहिक जीवन में आपको चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। जीवन साथी के साथ वाद विवाद संभव है। इस दौरान आप अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें। किसी अप्रत्याशित यात्रा के कारण आपका ख़र्च बढ़ेगा। किसी महिला के कारण आपको समस्या का सामना भी करना पड़ सकता है, इसलिए उनका आदर-सम्मान करें और उनके साथ मधुर रिश्ते बनाकर चलें। जीवन साथी की सेहत में गिरावट देखने को मिल सकती है। कार्य क्षेत्र में आपको अनकूल परिणाम प्राप्त होंगे। जीवन साथी के साथ किसी प्रकार की बहसबाज़ी से बचेंगे, तो यह आप दोनों के लिए अच्छा होगा। किसी देवी के मंदिर में शुक्रवार के दिन चावल दान में दें।

आगे...

धनु : शुक्र आपकी राशि से पाँचवे भाव में स्थित होगा। इसके परिणाम स्वरूप प्रेम संबंध के लिए यह समय बहुत ही बढ़िया रहेगा, हालाँकि इस बीच प्रेम में तक़रार भी संभवतः दोनों के बीच देखी जा सकती है। इस गोचर के प्रभाव से आपकी आय में वृद्धि होगी और आपको अपने कर्मों का फल मिलेगा। लॉटरी आदि में भी आपकी किस्तम चमक सकती है। आर्थिक स्थिति मजबूत होने के कारण आप अपना पुराना उधार चुका सकते हैं। कोई नया रिलेशनशिप आपको अपनी ओर आकर्षित कर सकता है। छात्रों एवं बच्चों के लिए यह गोचर अनुकूल रहने वाला है। शुक्रवार के दिन देवी को श्वेत पुष्प चढ़ाएँ।

आगे...

मकर: शुक्र आपकी राशि से चौथे भाव में गोचर करेगा। इस गोचरीय प्रभाव के कारण आपको आंतरिक ख़ुशी महसूस करेंगे, हालाँकि आपको किसी क्षेत्र में असंतोष का भाव भी देखने को मिल सकता है। घर का माहौल अच्छा और सामंजस्यपूर्ण रहने वाला है। बच्चे भी सहजता के साथ समय का आनंद लेंगे। निजी जीवन में प्रेम का रंग घुलेगा और कार्य क्षेत्र में आपका प्रदर्शन अच्छा रहेगा। इस अवधि में आप घर अथवा वाहन ख़रीद सकते हैं। भगवान गणेश जी की आराधना करें और उन्हें ध्रुव एवं मोदक चढ़ाएँ।

आगे...

कुम्भ: शुक्र आपकी राशि से तीसरे भाव में प्रवेश करेगा। जिसके प्रभाव से आप इस दौरान किसी छोटी यात्रा पर जा सकते हैं, जो आपके लिए फलदायी रहेगी। भाई-बहन के साथ रिश्ते मधुर बने रहेंगे। इस दौरान आपकी अपनी प्रतिभा को भी निखारने का अच्छा समय मिलेगा। पवित्र कार्यों को करने में भी आपकी रुचि बढ़ेगी। कला से संबंधित क्रियाओं में सफलता मिलने के योग हैं। लोगों से आपके संबंध अच्छे बनेंगे। कोई शुभ समाचार भी आपको इस गोचर के दौरान मिल सकता है। किसी नए रिश्ते की शुरुआत भी संभव है। प्रतिदिन इत्र का प्रयोग करें।

आगे...

मीन: शुक्र आपकी राशि से दूसरे भाव में गोचर करेगा। जिसके कारण आपकी संवाद शैली में निखार आएगा और आप अपनी वाणी के द्वारा लोगों को प्रभावित करने में सफल रहेंगे। परिवार में कोई मांगलिक समारोह का आयोजन हो सकता है। आपको अप्रत्याशित धन लाभ मिलने के योग हैं। गोचर के दौरान भाई-बहन से हर प्रकार की सहायता मिल सकती है। वहीं ससुराल पक्ष से भी आपके मधुर संबंध बने रहेंगे। जीवन साथी की सेहत का ख़्याल रखें, क्योंकि गोचर के दौरान उनका स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। शुक्रवार के दिन ब्राह्मण को शुद्ध घी दान करें।

suman

suman

Next Story