×

ASTRO: सूर्य का मकर में गोचर, जानिए क्या पड़ेगा राशियों पर असर

suman
Published on: 16 Jan 2017 6:46 AM GMT
ASTRO: सूर्य का मकर में गोचर, जानिए क्या पड़ेगा राशियों पर असर
X

लखनऊ: हिंदू धर्म में सूर्य को सर्वश्रेष्ठ माना गया है। सूर्य जगत की आत्मा है, सूर्य के द्वारा ही सभी ग्रहों को प्रकाश मिलता है। सूर्य सृष्टि को चलाने वाले एक प्रत्यक्ष देवता का रूप है। वैदिक ज्योतिष के अनुसार सूर्य देव आत्मा और पिता का प्रतिनिधित्व करते हैं। कुंडली में सूर्य को पूर्वजों का प्रतिनिधि भी माना जाता है। सूर्य प्रधान जातक उच्च पदों पर आसीन अधिकारी, निर्माता और कार्यों का निरीक्षण करने वाला बनता है।

14 जनवरी को सुबह 07:38 बजे सूर्य देव उत्तरायण होकर धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश किया है और 12 फरवरी तक मकर राशि में संचरण करेंगे। सूर्य के इस गोचर का सभी राशियों पर प्रभाव पड़ेगा। जानें आपकी राशि पर क्या होगा, इसका असर।

आगे पढ़ें मेष, वृष, मिथुन, कर्क पर पड़ने वाला प्रभाव...

मेष: सूर्य के मकर राशि में गोचर करने से मेष राशि के जातकों का व्यवसायिक और सामाजिक क्षेत्र में मान-सम्मान बढ़ेगा। अपार शक्ति का अनुभव करने से हालातों पर आपका नियंत्रण रहेगा और स्वभाविक रूप से आप दूसरों पर हावी रहेंगे। हालांकि इस दौरान पारिवारिक जीवन में थोड़ा तनाव रहेगा। कार्य स्थल पर आपको शर्मिंदगी या अपमान का सामना करना पड़ सकता है। ऑफिस में आरोप लगने से आपकी छवि को नुकसान होगा। 26 जनवरी के बाद हालात बदलेंगे और यह समय आपके पक्ष में रहेगा। ज्ञान और बुद्धिमानी से अपनी समस्याओं का हल निकालेंगे और उनका सामना करेंगे।

उपाय: ज़रुरतमंद लोगों को शनिवार को दवाई बांटे।

वृषभ: सूर्य के मकर राशि में होने वाले गोचर के परिणास्वरूप वृषभ राशि के जातक अपने लक्ष्यों का निर्धारण कर उन्हें प्राप्त करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेंगे। व्यक्तिगत और व्यवसायिक जीवन से जुड़े फैसले स्वतंत्र होकर लेने की कोशिश करें। सरकारी क्षेत्र में काम कर रहे लोगों को अचानक लाभ मिल सकता है। हालांकि सूर्य का यह गोचर आपके बड़े भाई-बहनों के लिए लाभकारी नहीं रहने वाला है। गोचर के दौरान पिता की सेहत का ख्याल रखने की खास जरुरत है। लंबी दूरी की यात्रा की संभावना भी बन रही है। हालात को समझें और शांति व सद्भाव बनाए रखें।

उपाय: श्वेतार्क (आकड़ा) का पौधा लगाएं।

मिथुन: सूर्य के मकर राशि में गोचर करने के परिणामस्वरूप मिथुन राशि के जातकों की ऊर्जा और मनोबल में कमी आएगी। कोई भी कार्य करने से पहले अच्छे से सोचें और फिर आगे बढ़ें। विवाद होने की भी संभावना बन रही है। पिता की सेहत को लेकर चिंता बनी रहेगी। अगर आप पुरानी उधारी चुकाने के बारे में सोच रहे हैं, तो यह समय आपके लिए लाभकारी रहने वाला है।

उपाय: रोजाना उगते हुए लाल सूर्य के नग्न आंखों से दर्शन करें।

कर्क: मकर राशि में सूर्य के गोचर की वजह से कर्क राशि के जातकों के आचरण और व्यवहार में कड़वाहट और चिड़चिड़ापन बढ़ेगा। जीवन साथी के व्यवहार में अहंकार और अशिष्टता देखने को मिलेगी। अहंकार की वजह से टकराव बढ़ेगा और आपका दांपत्य जीवन इससे प्रभावित होगा। इसके अलावा जीवन साथी की सेहत भी खराब रह सकती है। आपके खर्चों में बढ़ोतरी होगी हालांकि कार्य स्थल पर पदोन्नति मिलने की संभावना भी है।

उपाय: नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करें।

आगे पढ़ें सिंह, कन्या, तुला और वृश्चिक पर पड़ने वाला प्रभाव...

सिंह सिंह राशि के जातक अपनी सेहत का खास ख्याल रखें। क्योंकि सूर्य के मकर राशि में होने वाले गोचर की वजह से सिंह राशि के लोगों के स्वास्थ्य में गिरावट आ सकती है इसलिए इस समय में बुखार और सिरदर्द को हल्के में नहीं लें। आपके निर्णय लेने की क्षमता भी प्रभावित हो सकती है। इस दौरान आलस्य का भाव रहेगा और गुस्सा ज्यादा करेंगे। पेशेवर ज़िदंगी में कामयाबी पाने के लिए कड़ी मेहनत और सार्थक प्रयास करने होंगे। हालांकि आप विरोधियों पर हावी रहेंगे और उन पर बढ़त बनाए रखेंगे। आने वाली हर चुनौती का डटकर सामना करें आपको अच्छे परिणाम मिलेंगे।

उपाय: नियमित रूप से सूर्य मंत्र का जाप करें।

कन्या: कन्या राशि के वे जातक जो उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने के इच्छुक हैं। सूर्य के मकर राशि में होने वाले गोचर के प्रभाव से उनकी यह मनोकामना पूरी होगी। हालांकि बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में दिक्कतें और उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। कार्य स्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपके रिश्ते मधुर होंगे। करियर के मोर्चे पर लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में संघर्ष करना पड़ सकता है।

उपाय: नियमित रूप से भगवान शिव की आराधना करें।

तुला: सूर्य के मकर राशि में संचरण करने की वजह से तुला राशि के जातकों के पारिवारिक जीवन में अशांति रहेगी। क्रोध और बेसब्र स्वभाव की वजह से प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ में कुछ मुद्दे और मतभेद उभर सकते हैं। घर के सौंदर्यीकरण पर खर्च करने की योजना बनाएंगे। आपके बड़े भाई-बहनों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। वरिष्ठ अधिकारी के साथ हुई ग़लतफहमी को दूर करने की कोशिश करेंगे। क्रोध पर नियंत्रण रखें और कुछ भी करने से पहले सोचें।

उपाय: बैल को गेहूं खिलाएं।

वृश्चिक: वृश्चिक राशि के जातक अति आत्म विश्वासी होने से बचें वरना ये अति आत्म विश्वास आपके लिए घातक साबित हो सकता है। ऑफिस में सहकर्मियों व छोटे भाई-बहनों के साथ बेवजह विवाद हो सकता है। छोटी दूरी की यात्रा पर जाने की योजना बनाएंगे। आपके अंदर उत्साह व ऊर्जा बरकरार रहेगी और आप हर चुनौती का सामना धैर्य के साथ करेंगे। नई नौकरी की संभावना बन रही है। भाग्य हर समय आपका साथ देगा।

उपाय: सूर्य देव को नियमित रूप से जल चढ़ाएं।

आगे पढ़ें धनु, मकर, कुंभ और मीन पर पड़ने वाला प्रभाव...

धनु: सूर्य का मकर राशि में होने वाला गोचर धनु राशि के जातकों के लिए लाभकारी रहेगा। इस दौरान आपको आर्थिक फायदे होंगे। आपके बुरे व्यवहार से दूसरों को तकलीफ पहुंचेगी और इस वजह से आपके रिश्ते प्रभावित होंगे। सरकारी या अन्य किसी प्राधिकरण से आर्थिक लाभ मिलने की संभावना नज़र आ रही है। आपके पिता को कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। जो लोग घर से दूर रह रहे हैं वे परिजनों से मिलने की योजना बना सकते हैं। सूर्य के इस गोचर के दौरान सेहत का ख्याल रखें। क्योंकि नेत्र से जुड़ी पीड़ा हो सकती है इसलिए ऐसे किसी भी लक्षण की अनदेखी ना करें।

उपाय: रोजाना भगवान शिव की आराधना करें।

मकर: सूर्य का गोचर आपकी ही राशि में हो रहा है। इस गोचर के फलस्वरूप आपके अंदर चिड़चिड़ापन बढ़ेगा। दूसरों के साथ आपका आचरण अहंकारी प्रवृत्ति का होगा। जीवन साथी के साथ भी रिश्तों पर बुरा असर पड़ सकता है। इसके अलावा आपको सेहत से जुड़ी कोई परेशानी भी हो सकती है। लंबे समय से गोपनीय रही कोई बात या कोई चीज सबके सामने आ जाएगी हालांकि यह आपके जीवन में बड़ा बदलाव लेकर आएगी। कार्य स्थल पर आप एक प्राधिकृत अधिकारी की भांति कार्य करेंगे।

उपाय: शनि देव को नियमित रूप से सरसो का तेल चढ़ाएं।

कुंभ: सूर्य के मकर राशि में गोचर करने के फलस्वरूप कुंभ राशि के जातक लंबी दूरी की यात्रा पर जा सकते हैं। वे लोग जो विदेश यात्रा पर जाने के इच्छुक हैं उनकी यह मनोकामना पूरी होने की संभावना नज़र आ रही है। आपके जीवन साथी की सेहत थोड़ी खराब रह सकती है। व्यवसायिक साझेदारी में नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।

उपाय: पीपल के वृक्ष पर जल चढ़ाएं।

मीन: सूर्य का मकर राशि में गोचर मीन राशि के जातकों के लिए लाभकारी रहने वाला है। आप अन्य लोगों की बातों को छोड़कर खुद पर फोकस करेंगे। कार्य स्थल पर किए गए पूर्व के प्रयासों का फल मिलने से नाम और शोहरत मिलेगी। इस दौरान आपकी मुलाकात कुछ अच्छे लोगों से हो सकती है, जो आपके चरित्र निर्माण में अहम भूमिका अदा करेंगे। वरिष्ठ अधिकारी आपके दृष्टिकोण से असहमत होंगे। किसी भी हालात के बारे में ज्यादा नहीं सोचें वरना ये बातें तनाव और चिंता बढ़ा सकती है। सेहत भी कमजोर रह सकती है, सिरदर्द और बुखार से पीड़ित हो सकते हैं। हालांकि कुल मिलाकर सूर्य का यह गोचर आपके लिए लाभकारी रहने वाला है। सामाजिक क्षेत्र में भी आप सक्रिय रहेंगे। आपकी बेहतर निर्धारण क्षमता की बदौलत आपको अच्छे परिणाम मिलेंगे।

उपाय: आदित्य हृदय स्त्रोत का पाठ करें।

suman

suman

Next Story