×

Tripura Election 2023: त्रिपुरा में PM मोदी ने कांग्रेस और लेफ्ट पर साधा निशाना, डबल इंजन की सरकार के बताए फायदे

Tripura Election 2023: पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अंबासा में जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा, डबल इंजन सरकार ने त्रिपुरा की पहचान हिंसा औऱ पिछड़ेपन से बदला।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 11 Feb 2023 11:14 AM GMT
Tripura election 2023
X

PM Narendra Modi (Social Media)

Tripura election 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज त्रिपुरा की चुनावी रैलियों में कांग्रेस और लेफ्ट पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और लेफ्ट के लोगों ने त्रिपुरा को विकास के मामले में काफी पीछे धकेल दिया था, मगर भाजपा की सरकार बनने के बाद हम त्रिपुरा को एक बार फिर विकास के रास्ते पर ले आए हैं। भाजपा के राज में पिछले पांच वर्षों के दौरान त्रिपुरा में विकास के काफी काम हुए हैं और राज्य के लोगों को हिंसा और चंदे की संस्कृति से छुटकारा मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार का गठन होने के बाद त्रिपुरा को डबल इंजन की सरकार का फायदा मिला है।

त्रिपुरा में 16 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर पहुंच चुका है। राज्य में अपनी सत्ता बचाए रखने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है और पार्टी के शीर्ष नेता लगातार राज्य का दौरा करने में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अंबासा और गोमती में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए राज्य में भाजपा को एक बार फिर मौका देने की अपील की।

भाजपा को मिलेगा फिर त्रिपुरा का समर्थन

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि त्रिपुरा के विधानसभा चुनाव में इस बार मैं पहली बार प्रचार करने के लिए पहुंचा हूं और जनसभा में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि लोगों का भाजपा के प्रति अभी भी भरोसा बना हुआ है। लोगों का उत्साह देखकर पता चलता है कि इस बार भी राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में राज्य का विकास एक बार फिर काफी तेजी से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में फिर डबल इंजन की सरकार बनाने की आवाज काफी तेजी से सुनी जा रही है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान सीपीएम और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। त्रिपुरा के विधानसभा चुनाव में इन दोनों राजनीतिक दलों ने इस बार गठबंधन कर लिया है। इस कारण दोनों दल प्रधानमंत्री के निशाने पर रहे। उन्होंने कहा कि इन दोनों दलों ने त्रिपुरा को विकास की दौड़ में काफी पीछे कर दिया था मगर भाजपा की सरकार बनने के बाद राज्य के विकास में तेजी आई है।

भाजपा ने स्थापित किया कानून का राज

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा शासनकाल में त्रिपुरा को हिंसा से मुक्ति दिलाने के साथ ही कानून का राज स्थापित किया गया है। सीपीएम के राज में पुलिस थानों पर भी कैडर के लोगों ने ही कब्जा कर रखा था मगर अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। भाजपा के शासनकाल में त्रिपुरा में पांच हजार किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण कराने के साथ ही गांवों को भी सड़कों से जोड़ने की दिशा में काफी काम किया गया है।अगरतला में एक नया एयरपोर्ट बनाने के साथ ही गांवों के लोगों को भी 4जी कनेक्टिविटी मिल रही है। इसके साथ ही त्रिपुरा में बंदरगाह बनाने का काम भी काफी तेजी से किया जा रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज की जनसभा से लोगों के चुनावी मूड का पता चलता है। जनसभा में उमड़ी भीड़ विपक्षी दलों की नींद उड़ाने वाली है। उन्होंने कहा कि लोगों का उत्साह इस बात का संकेत देता है कि राज्य में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी और त्रिपुरा के लोगों को डबल इंजन की सरकार के फायदे मिलेंगे।

भाजपा ने लगा रखी है पूरी ताकत

2018 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद राज्य में अपनी सरकार बनाने वाली भाजपा के लिए इस बार का विधानसभा चुनाव काफी अहम माना जा रहा है। कांग्रेस और लेफ्ट की चुनौती के कारण भाजपा के शीर्ष नेता लगातार राज्य में प्रचार करने में जुटे हुए हैं। अभी हाल में पार्टी की ओर से गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में चुनावी सभाओं को संबोधित किया था। अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने रोड शो में भी हिस्सा लिया था।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी हाल में राज्य के चुनावी दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने त्रिपुरा के लिए पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र भी जारी किया था। त्रिपुरा की 60 सीटों के लिए 16 फरवरी को मतदान होने वाला है। मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही चुनाव प्रचार चरम पर पहुंच चुका है। भाजपा ने राज्य की 55 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं जबकि 5 सीटें सहयोगी दल आईपीएफटी के लिए छोड़ी हैं।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story