×

Tripura Election 2023: त्रिपुरा में कांग्रेस-लेफ्ट पर बरसे CM योगी, बोले- ये राम और कृष्ण के अस्तित्व पर उठाते हैं सवाल

Tripura Assembly Election 2023:यूपी सीएम ने त्रिपुरा के खोवाई में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और लेफ्ट को एक ही थाली का चट्टा-बट्टा बताया। कहा, ये राज्य में घुसपैठ कराते थे।

aman
Written By aman
Published on: 7 Feb 2023 1:02 PM GMT
Tripura Assembly Election 2023
X

त्रिपुरा में जनसभा को संबोधित करते योगी आदित्यनाथ (Social Media)

Tripura Assembly Election 2023: त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए बीजेपी के फायर ब्रांड नेता और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) मंगलवार (07 फरवरी) को राज्य के दौरे पर हैं। सीएम योगी ने खोवाई में एक जनसभा को संबोधित किया। भाषण में योगी आदित्यनाथ के निशाने पर कांग्रेस और वामपंथी पार्टी रही।

योगी आदित्यनाथ ने कहा 'काम पहले भी हो सकता था। मगर, कम्युनिस्टों ने नहीं किया। कांग्रेस ने भी नहीं किया। क्योंकि, उनके एजेंडे में विकास था ही नहीं। वो घुसपैठ करवाते थे। यहां की सुरक्षा में सेंध लगवाते थे। गरीबों के लिए आने वाली योजनाओं का लूटपाट करवाते थे।

'राम-कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाती है कांग्रेस'

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, त्रिपुरा के लोगों को संबोधित करते हुए कहा, 'कांग्रेस पार्टी भगवान राम और कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाती रही है। जबकि, कम्युनिस्ट लोग देश की भावना के साथ लगातार खिलवाड़ करते रहे हैं। इतना ही नहीं उन्‍होंने ये भी दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश में दंगे नहीं होते। क्योंकि, हमारी सरकार ने विकास कार्य किया।'

...तो क्या कभी राम मंदिर बन पाता?

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने हमेशा से ही आस्था के साथ खिलवाड़ किया है। वो हमेशा भगवान राम और हमारे आराध्य कृष्ण के अस्तित्व को नकारती रही है। आस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले राममंदिर (Ram Mandir), रामसेतु (Ram Setu) का विरोध करते रहे हैं। सीएम योगी ने सवाल उठाया कि, अगर कांग्रेस होती तो क्या कभी राम मंदिर बन पाता?

'कांग्रेस-लेफ्ट को जनता ने सबक सिखाया'

यूपी सीएम आदित्यनाथ ने आगे कहा, 'कांग्रेस की सरकार में कभी 2जी घोटाला (2G spectrum case) तो कभी कॉमनवेल्थ घोटाले (Commonwealth Scam) देखने को मिला। उन्होंने अपने लपेटे में वामपंथी पार्टी को भी लिया। योगी बोले, कांग्रेस (Congress) और कम्युनिस्ट (Communist) एक थाली के चट्टे-बट्टे हैं। दोनों पार्टियां हमारी आस्था के साथ खिलवाड़ करते हैं। इस कारण दोनों को देश की जनता ने सबक सिखाया। दोनों लंबे समय से सत्ता से बाहर हैं।'

मोदी सरकार में हो रहा देश का विकास

अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के काम का बखान किया। उन्होंने कहा, 'मोदी सरकार देश का विकास कर रही है। यही वजह है कि पूर्वोत्तर के राज्यों में हाईवे, अस्पताल, कॉलेज सहित कई कार्य हो रहे हैं। ये सब हमारी सरकार में ही संभव है।'

भ्रष्टाचार पर भी कांग्रेस को घेरा

सीएम योगी ने भ्रष्टाचार को लेकर भी कांग्रेस को घेरा। वो बोले, कांग्रेस सरकार में रोजाना ही भ्रष्टाचार के नए-नए मामले सामने आते थे। अब कांग्रेस और कम्युनिस्ट साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। आज विकास योजनाएं तीव्र गति से बढ़ रही हैं, तो कांग्रेस अब कम्युनिस्टों के साथ मिलकर मैदान में उतरी है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story