×

राहुल ने कहा- मोदी ने किसानों को छोड़ा अकेला, विकास के लिए नहीं दी फूटी कौड़ी

राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- सपा और कांग्रेस का ये गठबंधन यूपी के भविष्य का आइना है। इसमें यूपी के युवा अपना भविष्य देख पाएंगे।

By
Published on: 6 Feb 2017 10:39 AM GMT
राहुल ने कहा- मोदी ने किसानों को छोड़ा अकेला, विकास के लिए नहीं दी फूटी कौड़ी
X

शामलीः कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शामली के वीवी डिग्री कॉलेज में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने किसानों को अकेला छोड़ दिया है। युवाओं से किया वादा पूरा नहीं किया। मोदी ने 50 परिवारों को 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपए दिए। इतना यूपी को देते तो प्रदेश की जनता का विकास हुआ होता।

सपा और कांग्रेस का ये गठबंधन यूपी के भविष्य का आइना है। इसमें यूपी के युवा अपना भविष्य देख पाएंगे। आज मैं यहां युवाओं की और किसानों की बात करना चाहता हूं। ये जो गठबंधन है दो युवाओं का गठबंधन है। सबसे पहला लक्ष्य यूपी में युवाओं को रोजगार देने का काम करेंगे।

किसान की तरफ नहीं देखते मोदी- कांग्रेस उपाध्यक्ष

यूपी का किसान मोदी की तरफ देखता है और सोचता है कि मोदी जी मेरी मदद करेंगे। लेकिन मोदी किसानों की तरफ नहीं देखते। जब मैंने 30 दिन किसानों की आवाज उठाई। तब भी मोदी ने उनका कर्ज माफ नहीं किया। एक तरफ मोदी की सरकार है जिसने किसानों को अकेला छोड रखा है। जिसके कारण किसान आत्महत्या कर रहा है। क्या यूपी देश की फ़ूड फैक्ट्री बन सकता है। क्या लखनऊ का आम जापान में, चीन में बिक सकता है। यूपी के किसान को बैंक से जोड़ने की जरूरत है।

अंबानी को दिया करोड़ो का लोन- राहुल

अंबानी ने देश में अभी जियो फ़ोन का बिजनेस चालू किया है। उन्हें करोड़ो रुपए का लोन मिला। मोदी जी ने कहा था हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार दूंगा। मैं पूछना चाहता हूं किसी को रोजगार मिला या नहीं मिला। मोदी ने कहा था मेक इन इंडिया बनाऊंगा। लेकिन आपके पास जो मोबाइल फ़ोन है उसके पीछे मेड इन चाइना लिखा है।

नोटबंदी पर बोले राहुल गांधी

एक दिन मोदी टीवी पर आते हैं और कहते है भाइयों और बहनो एक आईडिया आया है। तुम्हारी जेब में जो पैसा है जो तुमने कमाया है। जो किसान ने अपने खून पैसे से कमाया है, उसे आज रात से मैं खत्म कर रहा हूं। भ्रष्टाचार खत्म करने का नरेंद्र मोदी को ये ही आईडिया मिला। देश की जनता को कह दिया भ्रष्टाचार खत्म हो रहा है, आप लाइन में लगे रहो। दो आतंकवादी मारे गए जब उनकी जेब से 2 हजार का नोट निकला तो मोदी जी बोले ये आतंकवाद के खिलाफ नहीं था, ये तो कैशलैश के लिए था।

Next Story