×

यूपी में प्रियंका के बड़े रोल को लेकर संशय, 21 को आएंगी मां-भाई के साथ इलाहाबाद

By
Published on: 19 Nov 2016 6:42 PM GMT
यूपी में प्रियंका के बड़े रोल को लेकर संशय, 21 को आएंगी मां-भाई के साथ इलाहाबाद
X

लखनऊः यूपी में होने वाले विधानसभा चुनावों के दौरान प्रियंका गांधी के व्यापक तौर पर कांग्रेस के लिए प्रचार करने पर संशय है। बताया जा रहा है कि प्रियंका ने अभी इसे लेकर हामी नहीं भरी है। इससे पहले खबर आई थी कि प्रियंका बड़ा रोल निभाने को तैयार हैं। बहरहाल, प्रियंका एक कार्यक्रम में अपनी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल के साथ 21 नवंबर को इलाहाबाद आ रही हैं।

प्रियंका पर संशय क्यों?

बता दें कि प्रियंका ने शुक्रवार को राहुल के आवास पर एक बैठक में हिस्सा लिया था। उस बैठक में कांग्रेस के तमाम बड़े नेता मौजूद थे। यहीं से खबर निकली थी कि यूपी में प्रियंका बड़े रोल में हिस्सा लेंगी, लेकिन सूत्रों का कहना है कि प्रियंका ने इस बारे में कुछ भी नहीं कहा है। हालांकि, शुक्रवार को यूपी कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर और यूपी प्रभारी गुलाम नबी आजाद के अलावा यूपी कांग्रेस की प्रचार कमेटी के अध्यक्ष संजय सिंह भी उत्साहित थे।

21 को प्रियंका आएंगी इलाहाबाद

21 नवंबर को इस बारे में कुछ और पुख्ता जानकारी सामने आने की उम्मीद है। उस दिन प्रियंका अपनी दादी इंदिरा की जयंती के सिलसिले में होने वाले एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने इलाहाबाद आएंगी। इस साल इंदिरा की जन्मशती मनाई जा रही है। यूपी में कांग्रेस करीब तीन दशक से सत्ता में नहीं आई है। 2014 में लोकसभा चुनाव हारने के बाद से कई और राज्यों के विधानसभा चुनाव भी पार्टी नहीं जीत सकी है।

Next Story