×

देश में तबाही का नाम कांग्रेस, इस तबाही को मत आने दें : योगी आदित्यनाथ

Shreedhar Agnihotri
Published on: 25 March 2019 1:05 PM
देश में तबाही का नाम कांग्रेस, इस तबाही को मत आने दें : योगी आदित्यनाथ
X

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि देश में तबाही का नाम कांग्रेस है, इस तबाही को मत आने दीजिए। राहुल गांधी किसानों से कहते हैं कि खेत में टाइल्स लगा देंगे, कांग्रेस हमारे अन्नदाता को तबाह करने में जुटी है।

कांग्रेस आतंकवादियों को संरक्षण देती है, आतंकवादियों को बिरयानी खिलाती है। लेकिन भाजपा सरकार आतंकवादियों को बिरयानी नहीं, बल्कि गोली खिलाती है। वे गोली चलाते हैं तो यहां से गोला भी दागा जाता है। ये कार्य सिर्फ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं।

हेमामालिनी 250 बार मथुरा आईं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा में विजय संकल्प सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मथुरा के विकास के लिए पांच साल में आपकी सांसद हेमा मालिनी 250 बार यहां की यात्रा कर चुकी हैं। जबकि कई बार से सांसद राहुल और सोनिया गांधी 250 बार अमेठी और रायबरेली नहीं गए होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा-बसपा की सरकार में गुंडागर्दी चरम पर थी। उत्तर प्रदेश में दंगे, अराजकता, गुंडागर्दी का बोलबाला था। व्यापारियों से सपा-बसपा सरकार में गुंडा टैक्स वसूला जाता था।

राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद हमने तीन संकल्प लिये। पहला लघु सीमांत किसानों का 1 लाख रुपए का कर्ज माफी, दूसरा अवैध बूचड़ खाने को बंद करना और तीसरा संकल्प प्रदेश में बहन और बेटियों की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो का गठन करना। तीनों सफलतापूर्वक पूरे किये। इसका नतीजा यह है कि उत्तर प्रदेश में गुंडे या तो जेल के अंदर हैं, या वे “राम नाम सत्य है” की यात्रा पर निकल चुके हैं।

हमारा लक्ष्य है मथुरा का वैभव बहाल करना

योगी ने कहा कि ये ब्रज क्षेत्र हम सब का पवित्र तीर्थ क्षेत्र है। इसके बारे में जब हम चर्चा करते हैं तो हम सबको लगता है कि हमारे पूर्व जन्मों का पुण्य है, जो इस क्षेत्र का दर्शन करने और विकास करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, उससे जन्म और जीवन धन्य मानते हैं।

योगी ने कहा सैलिब्रेटी के लिए कहा जाता है कि चुनाव जीतकर दोबारा नहीं आते, लेकिन हेमा मालिनी ने इस मिथ को तोड़ा। मथुरा की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी आगे बढ़ाया। देश और दुनिया इस तीर्थ स्थल के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप को देखना चाहती है। इसी सोच को लेकर हमारी सरकार ने इन तीर्थ स्थलों के विकास का कार्य किया। सभी की अभिलाषा है कि मथुरा और वृन्दावन के पुरातन वैभव को पुनर्स्थापित करें।

मोदी ने नाममुमकिन को मुमकिन किया

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पूरे देश में 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया गया। जनधन योजना के तहत 36 करोड़ परिवार का बैंक में एकाउंट खुलवाया गया।

12 करोड़ किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से सालाना 6 हजार रुपए मुहैया करवाया गया है। 7 करोड़ गरीबों को निशुल्क रसोई गैस मुहैया करवाई गई। 9.50 करोड़ गरीबों को शौचालय प्रदान किया गया। 2.50 करोड़ लोगों को पीएम आवास योजना के तहत आवास मुहैया करवाया गया।

सौभाग्य योजना में 4 करोड़ परिवार को निशुल्क बिजली कनेक्शन दिया गया, इसमें अकेले उत्तर प्रदेश में 1 करोड़ लोगों को निशुल्क कनेक्शन मुहैया करवाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ये मुमकिन कर दिखाया है। क्योंकि मोदी हैं तो मुमकिन है।

योगी ने कहा कि आप लोग समाजवादी पार्टी की करतूतों को अच्छी तरह से जानते हैं कि किस तरह से जवाहर बाग में कब्जा करवाया गया था। सपा ने कैसे गुंडागर्दी का साम्राज्य खड़ा किया था। आप लोग जानते हैं कि सपा-बसपा-कांग्रेस आई तो चोर-चोर मौसेरे भाई...।

मोदी के डर से सब इकट्ठा

योगी ने कहा कि इन लोगों के बीच कोई समन्वय नहीं है। इनके नेता एक दूसरे का मुंह नहीं देखना चाहते हैं, नाम नहीं लेना चाहते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से डरकर ये सभी इकट्ठे हो गए।

जवाहर बाग में सपा ने जो गुंडागर्दी का कार्य किया, वह कार्य सपा सरकार प्रदेश में कर चुकी है। सपा की सरकार ने श्रीराम जन्म भूमि पर हमला करने वाले आतंकवादियों का मुकदमा वापस करने का प्रयास किया। लेकिन हमारी सरकार आतंकवादियों को उन्हीं की भाषा में जवाब देना जानती है।

पुलवामा हमले के आतंकी 72 घंटे में मारे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बालाकोट की घटना भारत की पराक्रम की अदभुत घटना है। पुलवामा में हमारे जवानों पर हमला हुआ तो 72 घंटे में आतंकवादियों को मार दिया गया। हमारे जवानों ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक किया, 300 आतंकवादियों को मारा गया। पूर्वोतर भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक से अलगाववादियों को खत्म किया।

योगी ने कहा कि मायावती जी 2011 से लेकर 2018 तक के बकाया रकम को हमारी सरकार आने के बाद महज दो साल में गन्ना मूल्य का 57,800 करोड़ का भुगतान किया। इतना मायावती के पांच साल के कार्यकाल में नहीं हुआ था। मायावती को गन्ना किसानों पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है।

सपा-बसपा जीरो पर सिमटेंगी

मायावती ने चीनी मिलों को बेचकर किसान को तबाह किया था। इन्हीं किसानों की हाय ने मायावती को इस स्थिति में पहुंचा दिया। योगी ने कहा कि सपा-बसपा का गठबंधन जीरो में सिमटेगा। क्योंकि ये लोग प्रदेश को फुटबाल बनाना चाहते थे, आज इसे फुटबाल जैसा ही नंबर दे दीजिए।

मथुरा में नई डेयरी खुल रही है। जैसे गंगा जी के लिए कार्य हुआ है, वैसे ही यमुना मैया के लिए कार्य होगा। कांग्रेस और सपा-बसपा का पाप ही यमुना मैया की गंदगी है, इसे नरेंद्र मोदी की सरकार दूर करेगी।

Shreedhar Agnihotri

Shreedhar Agnihotri

Next Story

AI Assistant

Online

👋 Welcome!

I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!