गोरखपुर में लहराया 100 फीट ऊंचा तिरंगा, सीएम बोले- ऐतिहासिक दिन

shalini
Published on: 20 Jun 2018 5:01 AM GMT
गोरखपुर में लहराया 100 फीट ऊंचा तिरंगा, सीएम बोले- ऐतिहासिक दिन
X

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर 100 फीट ऊंचे तिरंगे का लोकार्पण किया। उन्होंने उस पल को ऐतिहासिक और गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि इस क्षण का गोरखपुर के लोग वर्षों से प्रतीक्षा कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक गोरखपुर गोरखनाथ, गीता प्रेस, गीता वाटिका की वजह से जाना जाता रहा है, अब इस कड़ी में इस ऊंचे तिरंगे का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वह पहचान की इस कड़ी में स्वच्छता को भी जोड़ें ताकि स्वच्छता भी देश भर में गोरखपुर की पहचान बन सके।

इस क्रम में सीएम ने केंद्र सरकार के शौचालय अभियान की याद भी दिलाई। उन्होंने कहा कि अभियान को पूरा करने की भले ही अंतिम तिथि अक्टूबर 2019 निर्धारित की गई है लेकिन हमें इसे अक्टूबर 2018 में ही पूरा करना होगा और प्रदेश को खुले मे शौच से मुक्त बनाना होगा।

योगी ने प्रदेश की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश गंगा, यमुना, मथुरा, काशी और प्रयाग की धरती है। संतकबीर और गौतम बुद्ध की धरा है। साथ ही आजादी की लड़ाई में भी इसका महत्वपूर्ण योगदान है। यह धरती अब सर्वोत्तम प्रदेश बनने की राह पर अग्रसर है।

शासन की योजनाएं इसे इस राह पर तेजी से ले जा रही हैं लेकिन इसके लिए जनसहभागिता की महती जरूरत है। ऐसे में सबको विकास की इस दौड़ में अपनी भूमिका तय करनी होगी और सहभागी बनना होगा।

योग दिवस की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु गोरक्षनाथ के माध्यम से गोरखपुर से निकली योग परंपरा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का कार्य किया है। आगामी 21 जून को देश की इस ऋषि परंपरा से विश्व के 192 देश जुड़ते दिखाई देंगे। मुख्यमंत्री ने योग की परंपरा को राष्ट्रीयता से जोडऩे की भी लोगों से अपील की।

shalini

shalini

Next Story