Aaj Ka Mausam : आज भी बदला रहेगा मौसम का मिजाज, इन जिलों में बढ़ेगा पारा

Aaj Ka Mausam: होली के त्यौहार के बाद अचानक से तापमान में बढ़ोतरी हो गई थी। सूबे में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था।

Rajnish Verma
Written By Rajnish Verma
Published on: 5 April 2024 1:33 AM GMT
Weather Update
X

सांकेतिक तस्वीर (Photo - Social Media)

Aaj Ka Mausam 05 April 2024: होली के त्यौहार के बाद अचानक से तापमान में बढ़ोतरी हो गई थी। सूबे में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था, हालांकि बीते कुछ दिन से पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज हवाएं चलने से गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल गई थी। अब एक बार फिर से मौसम ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। आज (05 अप्रैल, 2024) भी मौसम में बदलाव जारी रहेगा। राजधानी लखनऊ सहित आस-पास के इलाकों में तेज धूप और हवा की मंद गति के कारण गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखाएगी।

मौसम विभाग विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित आस-पास के क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, आज का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। उन्होंने आगे बताया कि वाराणसी, आगरा, प्रयागराज, सुलतानपुर, बहराइच, झांसी, बुलंदशहर और कानपुर का तापमान एक बार फिर से 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच सकता है। अप्रैल माह की शुरुआत में ही जिस प्रकार से मौसम में अचानक से बदलाव हो रहा है, इसे देखते हुए आने वाले दिनों में भीषण गर्मी देखने को मिल सकती है।

8 और 9 अप्रैल को बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अगले सप्ताह गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 और 9 अप्रैल को कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, यहां गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। वहीं, इसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग ने जारी की गाइड लाइन

सूबे में अचानक बढ़े तापमान को लेकर मौसम विभाग ने गाइड लाइन जारी कर दी है। गाइड लाइन के अनुसार, यूपी के कई जिलों में अगले कुछ दिनों में भीषण गर्मी पड़ेगी, यदि कोई जरूरी काम नहीं है तो तेज धूप में निकलने से बचना चाहिए। इसके साथ दोपहर में सनग्लास और छतरी का प्रयोग करें। भीषण गर्मी को देखते हुए हमें अपने स्वास्थ्य का विशेष खयाल रखना होगा। हमें अपने शरीर में पानी की कमी नहीं होने देनी है, इसलिए ज्यादा से ज्यादा पानी का सेवन करें और हमेशा अपने पैसे ग्लूकोज का पैकेट रखें।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story