×

Aaj Ka Mausam: यूपी में चढ़ने लगा पारा, 3 दिन बाद फिर होगी बरसात...जानें लखनऊ में क्या हैं आसार?

Aaj Ka Mausam: मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, 'आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में वृद्धि होगी। मार्च के अंत तक यूपी के कई भागों में लोगों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ेगी।

aman
Written By aman
Published on: 16 March 2024 1:36 AM GMT
lucknow weather, uttar pradesh weather, lucknow weather today
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media) 

Aaj Ka Mausam 16 March 2024: उत्तर प्रदेश का मौसम लगातार तल्ख़ होता जा रहा है। पश्चिमी यूपी में बारिश के बाद एक बार फिर खिली धूप लोगों को सताने लगी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD Weather Forecast) ने तीन दिन बाद यानी 19 और 20 मार्च को एक बार फिर बारिश की संभावना है। ये अलग बात है कि, तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आने वाले दिनों में गर्मी और परेशान करेगी।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि, उत्तर प्रदेश पूर्वी हिस्से के कई जिलों में 19 और 20 मार्च को बरसात हो सकती है। यूपी में फिलहाल मौसम में कोई खास फर्क नहीं देखने को मिलेगा। अगले तीन दिनों तक दिन में धूप की तपिश जहां मौसम गर्म करेगी वहीं रात में हल्की ठंड महसूस होती रहेगी। हालांकि, अब रात में महसूस हो रही ठंड भी तेजी से कम हो रही है।

UP में 16 से 19 मार्च तक कैसा रहेगा मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, शनिवार (16 मार्च) को पश्चिमी से लेकर पूर्वी यूपी तक मौसम शुष्क रहने वाला है। इस दौरान मौसम में कोई बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। आज प्रदेश में मौसम साफ ही रहेगा। इसी तरह, 17 और 18 मार्च को भी उत्तर प्रदेश में पश्चिम से लेकर पूरब तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। लेकिन, 19 मार्च को मौसमी बदलाव नजर आएगा। संभावना है कि इस दिन पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश और बादलों की गर्जना के साथ बिजली की चमक और बौछारें पड़ सकती हैं। 20 मार्च को प्रदेश के कई जिलों में बरसात की आशंका जाहिर की गई है।

18 मार्च से बादलों की आवाजाही

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह की मानें तो अगले पांच दिनों तक इसी तरह गर्मी जारी रह सकती है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञ बताते हैं 18 मार्च से प्रदेश के आसमान में बादल की आवाजाही दिखने लगेगी। इसके एक दिन बाद से अगले दो दिनों तक बूंदाबांदी हो सकती है।

लखनऊ में आज कैसा रहेगा मौसम?

लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में गर्मी बढ़ी है। राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 15 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। आज शहर में 12-15 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से हवाएं चलेंगी। आसमान अमूमन साफ़ रहेगा। दोपहर में सूरज की तपिश लोगों को गर्मी का एहसास करवाएगी, लेकिन हवाएं राहत भी देगी। लखनऊ मौसम केंद्र की मानें तो इस सीजन गर्मी अपने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ेगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान अपने सामान्य डिग्री सेल्सियस से अधिक जाने का पूर्वानुमान है।

मार्च के अंत तक पड़ेगी भीषण गर्मी

लखनऊ मौसम केंद्र के वैज्ञानिक मो. दानिश के अनुसार, 'आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में वृद्धि होती नजर आ रही है। मार्च के अंत तक प्रदेश के कई भागों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story