×

Aaj Ka Mausam: यूपी के कई जिलों में आज तेज हवा के साथ बारिश, मौसम खुशगवार...जानें लखनऊ का हाल

Aaj Ka Mausam 21 March 2024: यूपी में मौसमी बदलवा के तहत बारिश और तेजा हवाओं का असर देखा जा रहा है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बरसात ने लोगों को चढ़ते तापमान से राहत दी है।

aman
Written By aman
Published on: 21 March 2024 1:37 AM GMT
aaj ka mausam, up weather 21 march 2024, up rainfall alert, lucknow weather news
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Aaj Ka Mausam 21 March 2024: उत्तर प्रदेश का मौसम दिनोंदिन बदलता जा रहा है। कभी तेज धूप के साथ गर्मी से आफत, तो एकाएक बरसात से राहत का सिलसिला जारी है। इस वक़्त यूपी में मौसम मिजाज़ खुशनुमा है। राजधानी लखनऊ से लेकर प्रदेश के अन्य जिलों में भी दोपहर के समय खिली धूप लोगों को थोड़ा परेशान कर रही है। मगर, शाम से हल्की ठंड का एहसास हो रहा है। ये अलग बात है कि, न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो रही है।

भारत मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में वर्षा को लेकर येलो अलर्ट (Yellow Alert For Rain) जारी किया गया है। कुछ हिस्सों में बिजली की चमक और बादलों की गर्जना के साथ बारिश पड़ने के आसार हैं।

यूपी के इन जिलों में आज तेज हवा के साथ होगी बारिश

यूपी में मौसम ने फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने गुरुवार (21 मार्च) को कुछ जिलों में बरसात की संभावना जताई है। विभाग ने एहतियातन कुछ जिलों के लिए अलर्ट भी जारी किया है। आज प्रयागराज, संत रविदास नगर, वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र, गाजीपुर, बलिया और मिर्जापुर में बारिश के साथ तेज हवाओं की आशंका जाहिर की गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है।

लखनऊ में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी लखनऊ में भी गर्मी बढ़ गई है। लोग घरों में पंखे चलाने लगे हैं। दिन में तेज धूप की तपिश परेशान करने लगी है। गुरुवार को राजधानी के आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी। पूर्वी दिशा से चलने वाली हवाएं लोगों को सुकून देगी। 21 मार्च को लखनऊ का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम 17 डिग्री के आसपास दर्ज की जाएगी। अधिकतम की तुलना में न्यूनतम पारा बढ़ने लगा है। इसका मतलब है कि, अब गर्मी अपना तेवर दिखाएगी।

जल्द पसीने छुड़ाएगी गर्मी !

उत्तर प्रदेश में 21 मार्च को बारिश के आसार हैं। आगामी एक-दो दिन में मौसम खुल सकेगा। मौसम खुलते ही तापमान बढ़ने लगेगा, जिससे लोगों के पसीने छूटेंगे। मौसम विभाग की मानें तो यूपी में अब आने वाले दिनों में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। राजधानी लखनऊ में में भी अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है।

होली से पहले बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, 21, 22 और 23 मार्च को पश्चिमी व पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं, 24 मार्च को एक बार फिर प्रदेश में मौसम बदलने की उम्मीद है। 24 तारीख को पश्चिमी यूपी (West UP Weather) में अलग-अलग जगहों पर गरज के साथ बरसात हो सकती है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मौसम शुष्क रहेगा। 25 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है। कुल मिलकर कहें तो होली के ठीक पहले मौसम बदल रहा है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story