×

Aaj Ka Mausam: होली पर कैसा रहेगा मौसम? रंग में पड़ेगा भंग या गर्मी का 'डबल डोज'...जानें वेदर का हाल

Aaj Ka Mausam: लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार, होली के दिन चिलचिलाती धूप रहेगी। वेस्ट यूपी को छोड़, राजधानी समेत अन्य जिलों में रंग-गुलाल और पानी से होली खेलने के लिए मौसम सही रहेगा।

aman
Written By aman
Published on: 24 March 2024 1:27 AM GMT
aaj ka mausam, rain and heatwave in up, holi 2024 weather, uttar pradesh weather
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media) 

Aaj Ka Mausam 24 March 2024: उत्तर प्रदेश में मौसमी बदलाव का सिलसिला जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। हालांकि, अधिकांश हिस्सों में खिली धूप निकलेगी। मौसम विभाग की मानें तो रविवार (24 मार्च) से अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में वृद्धि दर्ज की जाएगी। वहीं, 25 मार्च यानी होली वाले दिन भी प्रदेशवासियों को तेज धूप का सामना करना पड़ेगा। मतलब, होली के दिन मौसम आपके मुफीद होगा। रंग-गुलाल और पानी का जमकर लुत्फ़ ले सकते हैं।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में कहा है कि, अधिकांश इलाकों में जहां तेज धूप रहेगी, वहीं होली के दिन पश्चिम यूपी के कुछ जिलों में बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना है। मगर, आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने के आसार हैं।

लखनऊ में आज का मौसम?

होली से पहले लखनऊ का तापमान भी ऊपर चढ़ने लगा है। सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान करने लगी है। रविवार (25 मार्च) को राजधानी के आसमान में बादलों की आवाजाही नजर आएगी। दिन में उत्तर-पश्चिम दिशा की हवाएं चलेंगी, जिससे शहरवासियों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा जबकि न्यूनतम भी बढ़कर 19 डिग्री के करीब रह सकता है। कुल मिलाकर कहें तो वीकेंड पर नवाबी शहर काफी गर्म रहने वाला है।

होली के दिन चिलचिलाती धूप

लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि, 'होली के दिन सूर्य की तपिश अपना रूप दिखाएगी। प्रदेशवासियों को गर्मी का एहसास होगा। सुबह से ही कड़ाके की धूप निकलेगी। चिलचिलाती धूप की वजह से लोगों को होली के दिन काफी गर्मी महसूस होगी। रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।'

WD सक्रिय, होगा मौसमी बदलाव

IMD के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) एक बार फिर सक्रिय हो रहा है। इसका प्रभाव पश्चिमी यूपी के जिलों में दिखाई देगा। विभाग के अनुसार, रविवार से मौसमी बदलाव देखने को मिल सकता है। बुलंदशहर (Bulandshahr Weather) समेत आसपास के इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं। राज्य के अन्य जिलों में सूर्य की तल्खी गर्मी का अहसास करवाएगी। इस बीच बादलों की आवाजाही भी रहेगी। इस संबंध में कृषि वैज्ञानिक डॉ. विवेक राज ने बताया, 'मौसम में बदलाव हो सकता है। बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना आने वाले दिनों में बन रही है'।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story