×

Aaj Ka Mausam: UP में बदल रहा मौसम का मिजाज, इन जगहों पर हो सकती है बारिश

UP Weather Update: भीषण गर्मी से प्रदेश के लोग बेचैन हैं। सभी की निगाहें अब आने वाले मानसून पर टिकी हैं। प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश की स्थिति बन रही है।

Sidheshwar Nath Pandey
Published on: 19 Jun 2024 2:36 AM GMT
UP Weather Update
X

UP Weather Update (Pic: Social Media)

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर जारी है। पिछले कुछ दिनों में रिकार्ड तोड़ गर्मी देखने को मिली है। प्रदेश के लगभग सभी हिस्से मौसम की मार झेल रहे हैं। दिन के साथ साथ रात में भी तापमान कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले कई दिनों से प्रदेश का तापमान 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है। साथ ही हीट वेव ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। भीषण गर्मी से लोग बेचैन हैं। सभी की निगाहें अब आने वाले मानसून पर टिकी हैं। प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश की स्थिति बन रही है।

आज से बदल सकता है प्रदेश का मौसम

भीषण गर्मी की मार झेल रहा उत्तर प्रदेश को मानसून के बेसब्री से इंतजार हे। हालांकि ये इंतजार आज खत्म हो सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को बारिश के आसार हैं। यूपी में बारिश के साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हालांकि प्रदेश में लू पहले की तरह ही जारी रहेगी। उत्तर प्रदेश में 20-25 जून के बीच मॉनसून दस्तक दे सकता है। मगर ये भी बताते चलें कि प्री मॉनसून में पहले ही करीब 48 घंटे की देरी हो चुकी है। हालांकि आज यानि 19 जून से प्रदेश के मौसम में बदलाव होता दिख सकता है। प्री मानसून की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

इन जगहों पर हो सकती है बारिश

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के आसार बताए हैं। गरज-चमक और बारिश के साथ ही कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। जिसकी गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा मानी जा रही है। जिन क्षेत्रों में बारिश हो सकती है उनमें बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, गाजीपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बदायूं और महोबा शामिल हैं। बारिश के साथ ही जिन इलाकों में तेज हवा का प्रकोप दिख सकता है उनमें प्रयागराज, सोनभद्र, मिजपुिर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और संभल के इलाके शामिल हैं।

लू का रेड अलर्ट अभी जारी

प्रदेश में लू से लोगों को खास परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे अभी राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, झांसी, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, कन्नौज, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा और उसके आसपास के इलाकों में शामिल हैं। इसके अलावा प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अलीगढ़, कासगंज, मऊ, बलिया, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, संभल, बदायूं और आसपास के इलाकों में भी लू का अलर्ट जारी किया गया है।

उरई रहा देश का सबसे गर्म शहर

उत्तर प्रदेश के उरई शहर का तापमान मंगलवार को देश में सबसे ज्यादा रहा। यहां का तापमान 46.4 डिग्री दर्ज किया गया। कानपुर 46.3 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। सबसे गर्म रात की बात करें तो कानपुर की रात भी सबसे गर्म दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story