Agra News: अपाचे सवार बदमाशों ने सेल्समैन से लूटी 1.39 लाख की नकदी, पुलिस ने की जांच शुरू

Agra News Today: अपाचे बाइक सवार दो बदमाश निजी कंपनी के सेल्समैन कपिल से 1.39 लाख की नकदी लूट ले गए। बदमाशों ने भागूपुर फ्लाईओवर पर सेल्समैन को निशाना बनाया।

Rahul Singh
Published on: 7 Dec 2022 2:16 AM GMT
Agra News In Hindi
X
मौके पर पहुंची पुलिस।

Agra News: आगरा में अपराध का ग्राफ बढ़ता हुआ दिख रहा है। बदमाश एक के बाद एक संगीन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने सरेशाम लूट की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। अपाचे बाइक सवार दो बदमाश निजी कंपनी के सेल्समैन कपिल से ₹1 लाख 39000 से ज्यादा की नकदी लूट ले गए। बदमाशों ने भागूपुर फ्लाईओवर पर सेल्समैन को निशाना बनाया।

निजी कंपनी का पोइया घाट पर रिफाइंड का गोदाम

बताया जा रहा है कि निजी कंपनी का पोइया घाट पर रिफाइंड का गोदाम है। कंपनी का सेल्समैन व्यापार का कैश कलेक्ट करके जा रहा था। तभी एत्मादपुर थाना क्षेत्र के भागूपुर फ्लाई ओवर पर बदमाशों ने सेल्समैन को रोका और तमंचा दिखाकर नकदी लूट ले गए। बदमाशों ने वारदात को इतनी तेजी के साथ अंजाम दिया कि अन्य राहगीरों को भनक तक नहीं लग पाई। वारदात के बाद बदमाश भाग निकले तो सेल्समैन ने शोर मचाया और वारदात की जानकारी लोगों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने पीड़ित सेल्समैन से बातचीत कर बदमाशों का हुलिया और बाइक के बारे में जानकारी जुटाई है। वारदात के बाद जिले में अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। सभी थानों की पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। हाईवे और आसपास के इलाकों में बदमाशों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। वारदात के बाद पुलिस की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि चोर , बदमाश एक के बाद एक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

72 घंटे के अंदर तीसरी बड़ी वारदात

72 घंटे के अंदर आगरा में 3 बड़ी वारदातें सामने आई हैं। इनमें पहली वारदात लॉयर्स कॉलोनी न्यू आगरा की है। जहाँ घर में घुसकर बदमाश महिला की चेन लूट ले गए है। दूसरी बड़ी वारदात नाई की मंडी थाना क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी के घर हुई लाखों की चोरी की है। अब तीसरी बड़ी वारदात में बदमाश 1 लाख 39000 से ज्यादा की नकदी लूट ले गए। जाते-जाते बदमाश पुलिस को बड़ी चुनौती दे गए हैं। देखना होगा पुलिस टीम बदमाशों को कब तक गिरफ्तार कर पाती है। बदमाशों को उनके सही अंजाम तक पहुंचा पाती है।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story