×

Agra: सर्दी बढ़ने के साथ ताजनगरी में चोरी की वारदातों में इजाफा, चोर ने चटकाए ताले, नकदी-कीमती सामान पर हाथ साफ

Agra Crime News: थाना ट्रांस यमुना में तैनात प्रभारी निरीक्षक सुमनेश कुमार ने बताया कि, 'चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। रात में गश्त की जा रही है। चोरों को जल्दी गिरफ्तार किया जाएगा।

Arpana Singh
Published on: 28 Nov 2023 4:34 AM GMT
Agra Crime News
X

Agra Crime News (Social Media)

Agra Crime News: उत्तर प्रदेश आगरा में सर्द मौसम की आहट के साथ ही चोरी की वारदातों में इजाफा देखने को मिल रहा है। चोर एक के बाद एक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। ताजा मामला ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र का है। पीड़िता मिनी शर्मा ने थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है।

रिंग सेरेमनी में लखनऊ गया था परिवार

मिनी शर्मा ने बताया कि वह परिवार के साथ छोटे भाई के रिंग सेरेमनी में शामिल होने लखनऊ गई थीं। ट्रांस यमुना स्थित उनके घर में ताला लगा था। घर पर कोई नहीं था। जब वह घर वापस लौटी तो घर के ताले टूटे हुए मिले। चोर घर में रखे सोने और चांदी के जेवर, 25000 की नकदी चोरी कर ले गए। वारदात के बाद मिनी और उनका परिवार बेहद परेशान है। मिनी के मुताबिक, गहने उनके भाई की शादी के लिए रखे हुए थे। जिसे चोर चोरी कर ले गए। मिनी से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

घर के सामने से चोरी हुई बाइक

ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य घटना में शातिर चोरों ने घर के सामने खड़ी युवक की बाइक चोरी कर ली। पीड़ित हरेंद्र कुमार शर्मा पुत्र सतीश चंद्र शर्मा ऑफ द रोड हॉस्पिटल के पास किराए के मकान में रहते हैं। हरेंद्र ने बताया कि उन्होंने अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी कर रखी थी। वह घर के अंदर ही थे। जब बाहर निकले तो उनकी बाइक गायब मिली। पुलिस ने हरेंद्र से मिली तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से पुलिस भी परेशान है। वारदात के बाद पुलिस की घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज खंगाल रही है। चोरों के बारे में सुराग जुटा रही है।

'घर खाली छोड़कर जाने से पहले पुलिस को बताएं'

थाना ट्रांस यमुना में तैनात प्रभारी निरीक्षक सुमनेश कुमार ने बताया कि, 'चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। रात में गश्त की जा रही है। चोरों को जल्दी ही गिरफ्तार किया जाएगा। लोगों से अपील है कि वो घर खाली छोड़कर जाने से पहले पुलिस को जानकारी दें।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story