×

Agra News: आगरा में बंदर का अनोखा प्रेम, पुरुषों को करता है प्यार, महिलाओं को देखते ही कर देता है हमला

Agra News: महिलाओं को देखकर बंदर गुस्सा हो जाता था। महिलाओं पर अटैक कर देता था, बंदर के हमलों से सरकारी महिला कर्मचारी बेहद परेशान थीं। महिलाओं के प्रति खूंखार हो चुके बंदर को अब पकड़ लिया गया है।

Rahul Singh
Published on: 25 July 2023 4:43 PM GMT

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक ऐसे बंदर को पकड़ा गया है, जो केवल महिलाओं को परेशान कर रहा था। महिलाओं का दुश्मन बना हुआ था। महिलाओं को देखकर बंदर गुस्सा हो जाता था। महिलाओं पर अटैक कर देता था, बंदर के हमलों से सरकारी महिला कर्मचारी बेहद परेशान थीं। महिलाओं के प्रति खूंखार हो चुके बंदर को अब पकड़ लिया गया है।

बंदर महिलाओं को देखते ही आक्रामक हो जाता है

मामला आगरा के पंचकुइया रोड पर बने सरकारी शिक्षा भवन का है। शिक्षा भवन में डीआईओएस और ज्वाइंट डायरेक्टर एजुकेशन का ऑफिस है। ऑफिस में महिला कर्मचारी भी काम करती हैं। महिला शिक्षकों का अभी कार्यालय में आना-जाना लगा रहता है। एक सप्ताह पहले तक तो सब कुछ ठीक-ठाक था। लेकिन इसके बाद एक बंदर कार्यालय में आ गया और महिलाओं पर हमले शुरू कर दिए। बंदर के हमले से महिला कर्मचारी परेशान हो गई। दहशत में रहने लगी। बंदर पुरुषों से तो कुछ नहीं कहता है, लेकिन महिलाओं को देखते ही आक्रामक हो जाता है। उन्हें काट खाने के लिए दौड़ता है।

परेशान महिला कर्मचारियों ने संयुक्त शिक्षा निदेशक से शिकायत की

बताया जा रहा है कि बंदर पूर्व में दो महिलाओं को काट भी चुका है। ऐसे में परेशान महिला कर्मचारियों ने संयुक्त शिक्षा निदेशक को बंदर के बारे में शिकायत की है। शिकायत के बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुँचे और बंदर को पकड़ा लिया। टीम ने बंदर को सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया है। बंदर के पकड़े जाने के बाद कार्यालय में काम करने वाली महिला कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है। बंदर के डर के मारे महिला कर्मचारी दरवाजा बंद करके काम करने को मजबूर थीं। महिला कर्मचारी सीमा ने बताया कि बंदर केवल महिलाओं पर हमला करता है। जिससे कार्यालय में आने वाली महिलाओं में दहशत का माहौल बन गया था।

Rahul Singh

Rahul Singh

Next Story