×

Agra News: मंदिर के अंदर बन्द कर दी गईं बुजुर्ग महिलाएं, भाजपा विधायक ने पुलिस पर लगाए ये आरोप

Agra News: कैमरे के सामने भाजपा विधायक ने जिले के दो पुलिस अधिकारियों पर रुपये लेकर पंचायती जमीन पर कब्जा करवाने का आरोप लगाया है। जमीनी विवाद से जुड़े इस मामले में महिलाओं को बगीची के अंदर ताले में बंद कर दिया गया।

Rahul Singh
Published on: 1 Jun 2023 9:42 PM GMT
Agra News: मंदिर के अंदर बन्द कर दी गईं बुजुर्ग महिलाएं, भाजपा विधायक ने पुलिस पर लगाए ये आरोप
X
(Pic: Newstrack)

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में भाजपा विधायक ने पुलिस को आरोपों के कटघरे में खड़ा कर दिया है। कैमरे के सामने भाजपा विधायक ने जिले के दो पुलिस अधिकारियों पर रुपये लेकर पंचायती जमीन पर कब्जा करवाने का आरोप लगाया है। जमीनी विवाद से जुड़े इस मामले में महिलाओं को बगीची के अंदर ताले में बंद कर दिया गया। महिलाएं अंदर से बाहर आने के लिए चीखती चिल्लाती रहीं। आवाज भाजपा विधायक डॉ. जीएस धर्मेश तक पहुंची तो वो खुद मौके पर पहुंच गए। हालात समझने के बाद नाराजगी जाहिर की।

मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे विधायक

भाजपा विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने कहा कि मैं खुद इस पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करूंगा। पुलिस और पब्लिक के बीच का ये पूरा विवाद नरिपुरा मुख्य मार्ग पर स्थित 400 गज जमीन का है। विधायक के मुताबिक नरीपुरा में कुशवाहा समाज की पंचायती बगीची है। कुशवाहा समाज के प्रतिष्ठित व्यक्ति हेतराम कुशवाहा ने करीब 40 साल पहले कुशवाहा समाज को बगीची की जमीन दान कर दी थी। इसके बाद भी जानबूझकर जमीन की रजिस्ट्री करवाई गई। बगीची में मंदिर स्थापित है। कुशवाहा समाज के लोग करीब 40 साल से बगीची में पूजा अर्चना करते चले आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि आज अचानक बगीची पर पुलिस पहुंची और बगीची का गेट बंद करके ताला डालने लगी। इस बात की जानकारी होते ही कुशवाहा समाज के लोग मौके पर एकजुट हो गए। महिलाओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।

महिलाएं बगीची के अंदर घुस गई। पुलिस ने पहले तो सभी को मौके से हटाने का प्रयास किया। जब बात नहीं बनी तो गेट पर ताला डाल दिया। बगीची वाले मंदिर के अंदर मौजूद महिलाएं अंदर ही बंद रह गई। भाजपा के विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने मौके पुलिस कार्रवाई के प्रति नाराजगी जाहिर की। विधायक के पहुंचने के बाद ताला तोड़कर बगीची के अंदर बंद महिलाओं को बाहर निकाला गया, इस मामले पर पुलिस उपायुक्त आगरा शहर ने बताया कि जमीनी विवाद की जांच करवाई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Rahul Singh

Rahul Singh

Next Story