×

Agra: बीहड़ में डकैतों ने युवक को पीटा, वापस लौट कर सुनाई दिलदहला देने वाली कहानी, पुलिस के साथ ग्रामीणों ने की कॉम्बिंग

Agra News: युवक जब घर लौटा तो उसके शरीर पर मौजूद चोट के निशान देख परिवार के लोग दंग रह गए। उन्होंने युवक से पूछताछ की। युवक ने आपबीती बयां की। युवक ने परिजनों को बताया कि पशु चराने के दौरान डकैतों के 15 सदस्यीय गिरोह ने उसे पकड़ लिया था।

Arpana Singh
Published on: 16 Nov 2023 5:30 PM GMT
Agra News
X

पीड़ित युवक सिंटू (Social Media) 

Agra News: आगरा जिले के थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव पडुआपुरा के चंबल के बीहड़ से दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। चंबल के बीहड़ में पशु चराने गए युवक को डकैतों ने पकड़ लिया। युवक के साथ जमकर मारपीट की। पीट-पीट कर युवक को लहूलुहान कर दिया। युवक को डकैतों ने बंदूक की बट से इतना पीटा कि वह मरणासन्न हो गया। बेहोशी की हालत में उसे वहीं छोड़ डकैत आगे बढ़ गए। युवक को जब होश आया तो वह जैसे-तैसे घर वापस लौटा। परिजनों को आपबीती सुनाई।

युवक जब घर लौटा तो उसके शरीर पर मौजूद चोट के निशान देख परिवार के लोग दंग रह गए। उन्होंने युवक से पूछताछ की। युवक ने आपबीती बयां की। युवक ने परिजनों को बताया कि पशु चराने के दौरान डकैतों के 15 सदस्यीय गिरोह ने उसे पकड़ लिया था। गिरोह में पांच महिलाएं भी थी। गिरोह के अधिकांश सदस्यों के पास बंदूक थी। कुछ के पास धारदार हथियार भी थे।

गांव वाले गए डकैतों की खोज में

ग्रामीणों ने युवक की आपबीती सुन पुलिस को सूचना दी। गांव वाले हाथों में लाठी, डंडे, कुल्हाड़ी सहित अन्य हथियार लेकर चंबल के उन रास्तों पर कांबिंग करने पहुंचे, जहां युवक सिंटू ने डकैतों के होने की बात कही थी। ग्रामीण काफी देर तक बीहड़ में घूमते रहे, लेकिन उन्हें डकैत नहीं मिले। थक-हारकर ग्रामीण वापस लौट आए। चंबल में डकैतों के गिरोह होने की जानकारी के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

बीहड़ में सक्रिय है दस्यु सुंदरियां भी

बीहड़ से दस्यु सुंदरियों का पुराना नाता रहा है। डकैतों ने शिकार को जाल में फंसाने के लिए कई बार दस्यु सुंदरियों का सहारा लिया है। बीहड़ की सच्चाई सामने आने के बाद हर कोई दहशत में है। बीहड़ में डकैतों के साथ सुंदरिया क्या कर रही थी। यह बात सभी के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। सभी ग्रामीण सिंटू से गिरोह के बारे में जानकारी कर रहे हैं। दस्यु सुंदरियां कैसी दिख रही थी उससे पूछ रहे हैं?

आगरा पुलिस अलर्ट

चंबल के बीहड़ में डकैतों की सक्रियता उजागर होने के बाद पुलिस भी अलर्ट है। पुलिस मुखबिर तंत्र के सहारे गिरोह की तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। देखना होगा पुलिस टीम कब तक बीहड़ में पनप रहे डकैतों को गिरफ्तार कर पाती है। दस्यु सुंदरियों का सच सबके सामने ला पाती है।

पीड़ित ने क्या कहा?

इस पूरे वाकये पर पीड़ित सिंटू ने बताया, 'मैं बीहड़ में पशु चराने गया था। तभी डकैतों ने मुझे पकड़ लिया। मुझे बुरी तरह मारा-पीटा। बंदूक की बट से मुझ पर हमला किया। वहीं, सिंटू के भाई दिनेश ने बताया कि, मेरा भाई जंगल में पशु चराने गया था। डकैतों ने उसके साथ मारपीट की है। हमने काफी देर तक जंगल में कॉम्बिंग की, लेकिन डकैत नहीं मिले।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story