×

Har Ghar Jal Scheme: फिरोजाबाद, आगरा और मथुरा में अगले साल दिसंबर तक पहुंचेगा 'हर घर जल'- डॉ. बलकार सिंह

Har Ghar Jal Scheme: नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के सचिव और जल निगम(ग्रामीण) के एमडी डॉ. बलकार सिंह पहुंचे आगरा, जल जीवन मिशन की हर घर जल योजनाओं (फेज-4) की समीक्षा की। फिरोजाबाद, आगरा और मथुरा के 9.70 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को मिलेगा शुद्ध पेयजल।

Network
Newstrack Network
Published on: 16 Dec 2023 1:08 PM GMT
Har Ghar Jal Scheme
X

डॉ. बलकार सिंह (Social Media)

Har Ghar Jal Scheme: भूगर्भ जल के खारा और फ्लोराइड युक्त होने का संकट अब फिरोजाबाद (Firozabad), आगरा (Agra) और मथुरा (Mathura) में खत्म होने वाला है। जल जीवन मिशन योजना (Jal Jeevan Mission) की 'हर घर जल योजना' यहां जमीन पर उतर चुकी है। दिसम्बर 2024 तक तीनों जिलों के के 9 लाख 70 हजार से अधिक ग्रामीण परिवारों को 'नल से जल' की सौगात देने की तैयारी है।

आगरा में शनिवार (16 दिसंबर) को नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के सचिव तथा जल निगम (ग्रामीण) के एमडी डॉ. बलकार सिंह ने 'जल जीवन मिशन' की हर घर जल योजनाओं (फेज-4) की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बारी-बारी तीनों जिलों में कार्यों की प्रगति जानी।

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

डॉ. बलकार सिंह ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी। निर्देश दिया कि, वो अपने-अपने कार्यों का होमवर्क करें। हर हाल में फील्ड में उतरें और योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करें। उन्होंने फिरोजाबाद, आगरा और मथुरा में होने वाली विकसित भारत संकल्प यात्राओं में भी अधिकारियों को भागीदारी करने तथा यात्राओं को सफल बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए योजनाओं को समय से पूरा करने को भी कहा। समीक्षा बैठक में आगरा जल निगम के इंजीनियर और जिले के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।


मथुरा में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण

समीक्षा बैठक के बाद नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के सचिव डॉ. बलकार सिंह ने मथुरा पहुंचकर नौझील विकासखंड की मांट तहसील के बैरा गांव में बन रहे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (water treatment plant) का निरीक्षण किया। यहां अधिकारियों से कार्य को तेजी से पूरा करने के भी निर्देश दिये।

जल निगम लैब में मिली खामियां, अधिकारियों की लगी फटकार

नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के सचिव डॉ. बलकार सिंह ने समीक्षा बैठक के बाद जल निगम कार्यालय का निरीक्षण किया। वो जल निगम में बनी लैब भी गए। वहां खामियां पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाई। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।


तीनों जिलों में कई सौ करोड़ की योजनाएं

आपको बता दें, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग हर घर को नल से जल पहुंचाने की योजना को तेजी से पूरा करने में जुटा है। अधिकारियों की ओर से बराबर योजनाओं की मॉनिटरिंग और निरीक्षण किया जा रहा है। इन तीनों जिलों में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत सतही जल स्रोत से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। फिरोजाबाद में 1994 करोड़, आगरा में 2600 करोड़ और 2558 करोड़ की लागत से मथुरा बहुल ग्राम समूह पेयजल योजनाओं (सतही स्रोत) में कार्य कराए जाने हैं।

हर घर जल योजना के तहत होने वाले निर्माण कार्य :

फिरोजाबाद :- 473 एमएलडी का एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, 8 सीडब्ल्यूआर, 268 ओवर हेड टैंक और 280696 गृह जल संयोजन देने के साथ 5600 कि.मी. पाइप लाइन बिछाई जानी है

आगरा :- 17 भूमिगत जलाशय , 407 ओवर हैड टैंक और 10241 कि.मी. पाइप लाइन बिछाने के साथ 396213 ग्रामीण परिवारों में क्रियाशील गृह जल संयोजन दिये जाएंगे

मथुरा :- 214 एमएलडी का एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, 7 सीडब्ल्यूआर, 214 ओवर हैड टैंक बनाने के साथ 294054 ग्रामीण परिवारों को क्रियाशील गृहजल संयोजन दिये जाने हैं। यहां 5400 कि.मी. पाइपलाइन बिछाने का काम किया जाएगा।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story