×

Agra News: 15 चिकित्सकों के नाम पर इतने हॉस्पिटल? स्वास्थ्य विभाग की जांच में सामने आया बड़ा फर्जीवाड़ा

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में 15 चिकित्सकों का नाम बड़े फर्जीवाड़े से जुड़ता हुआ नजर आ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में इन डॉक्टरों से जुड़े चिकित्सकीय संस्थानों के पंजीकरण में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है।

Rahul Singh
Published on: 20 Jun 2023 4:17 PM GMT

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में 15 चिकित्सकों का नाम बड़े फर्जीवाड़े से जुड़ता हुआ नजर आ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में इन डॉक्टरों से जुड़े चिकित्सकीय संस्थानों के पंजीकरण में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। विभागीय जांच में एक-एक डॉक्टर के नाम से कई अस्पताल रजिस्टर्ड मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे 15 डॉक्टरो को चिन्हित किया हैं। जिनके नाम से 449 अस्पताल-पैथोलॉजी लैब पंजीकृत मिले हैं।

कई जिलों में चल रहे इन चिकित्सकों के नाम से अस्पताल

इन 15 चिकित्सकों ने आगरा समेत आसपास के जिलों में अपने नाम से अस्पतालों का पंजीकरण करा रखा हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू करा दी है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में डॉ. मनीष कुमार वार्ष्णेय के नाम से सबसे ज्यादा 65 अस्पताल पंजीकृत मिले हैं। आगरा में डॉ. मनीष कुमार वार्ष्णेय के नाम से सात अस्पताल चल रहे हैं। एक दूसरे डॉ. राजेश कुमार के नाम से 52 अस्पताल पंजीकृत मिले हैं। आगरा में डॉ. राजेश के नाम से पांच अस्पताल पंजीकृत हैं। डॉ. अशोक कुमार के नाम से 37 अस्पताल पंजीकृत हैं। आगरा में डॉ. अशोक के नाम से आगरा में छह अस्पताल पंजीकृत हैं। सत्यापन में 15 डॉक्टरों के नाम से कई जिलों में 449 अस्पताल-लैब पंजीकृत मिले हैं। इनमें कई की एनएमसी पंजीकरण संख्या भी समान है।

सभी संस्थानों पर इन चिकित्सकों के फुल टाइम होने का दावा

नियमानुसार एक डॉक्टर एक ही अस्पताल में पूर्णकालिक सेवा दे सकता है। आगरा के 15 डॉक्टरों के नाम पर 449 हॉस्पिटल और लैब पंजीकृत हैं। सभी डॉक्टर सभी स्थानों पर फुल टाइम सर्विस देने का दावा भी करते हैं। जिले में पंजीकृत 1269 चिकित्सकीय संस्थानों के 2023-24 के लिए लाइसेंस नवीनीकरण ऑनलाइन किया जा रहा है। इनमें 15 डॉक्टरों के नाम से 449 अस्पताल और पैथोलॉजी पंजीकृत हैं। ये आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, इटावा, मैनपुरी, मेरठ, कानपुर समेत कई जिलों में हैं।

डॉक्टरों को जारी किए गए नोटिस

मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विभागीय स्तर पर नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस मिलने के बाद कुछ चिकित्सकों ने शपथ पत्र भी दिए हैं। रिकार्ड तलब कर शासन को सूची भेजेंगे। प्रकरण की गंभीरता से जांच करवाई जा रही है। जांच में जिन लोगों पर आरोप और दोष साबित होगा। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। विधिक कार्रवाई की जाएगी। जांच में नाम सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में डॉ. मनीष कुमार वार्ष्णेय, डॉक्टर राजेश कुमार, डॉ. अमित कुमार, डॉ. बालेंद्र सिंह सोढ़ी, डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. रविंद्र कुमार सिंह, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. अनुराग सिंह, डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. जुनैद अहमद और डॉक्टर वीर सिंह को नोटिस जारी किया है। नोटिस मिलने के बाद इनमें से कई डॉक्टरों ने शपथ पत्र से नोटिस का जवाब दिया है। मामले की जांच अभी जारी है।

Rahul Singh

Rahul Singh

Next Story