Agra News: देहज की मांग पूरी नही होने पर विवाहिता को तेजाब पिलाया, दर्ज हुआ मुकदमा

Agra News: थाना ट्रांस यमुना प्रभारी निरीक्षक सुमनेश कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Arpana Singh
Published on: 11 Nov 2023 5:01 AM GMT (Updated on: 11 Nov 2023 5:01 AM GMT)
Agra News
X
सांकेतिक तस्वीर (सोशल मीडिया)

Agra News: प्रदेश में तमाम सामाजिक प्रयासों के बावजूद दहेज उत्पीड़न की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। विवाहिताएं लगातार दहेज उत्पीड़न का शिकार हो रही है। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में रहने वाली विवाहिता ने ससुराली जनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। पति और ससुराली जनों पर तेजाब पिलाने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उसके पति को दहेज में बुलेट नहीं मिली तो ससुरालीजनों ने उत्पीड़न शुरू कर दिया। मारा पीटा और भूखा-प्यासा रखा। इतने पर भी मन नहीं भरा तो उसे तेजाब पिला दिया।

ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र की रहने वाली नेहा की शादी 15 अप्रैल 2022 को एत्मादपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले करन पुत्र राकेश निवासी छलेशर थाना एत्मादपुर के साथ हुई थी। नेहा के पिता ने शादी में हैसियत अनुसार दान दहेज भी दिया था। नेहा विदा होकर ससुराल आई तो ससुराली जनों ने उसे ताने मारना शुरू कर दिया। दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। नव विवाहिता का शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करते। कहते कि जब तक तू हमारी मांग पूरी नहीं करेगी हम तुझे नहीं रखेंगे। इस बीच नेहा गर्भवती हो गई। तब भी ससुरालीजनों ने उसका उत्पीड़न बंद नहीं किया। उसे भूखे और प्यासे रखने लगे। जिससे नेहा बीमार पड़ गई।

दवा के बहाने पिला दिया तेजाब

पीड़िता नेहा का आरोप है कि मौके का फायदा उठाकर ससुरालीजनों ने उसे दवा के बहाने तेजाब पिला दिया। तेजाब पीने पर उसकी चीख निकली तो मौके पर लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज पूरा होने से पहले ही ससुरालीजन उसे फिरोजाबाद के अपने परिचित डॉक्टर के अस्पताल पर इलाज कराने ले गए। जहां उसने बच्चे को जन्म दिया। बच्चे की जन्म के बाद ही मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद नेहा के माता-पिता उसका इलाज कर रहे हैं।

ससुरालीजनों पर मुकदमा दर्ज

नेहा की तहरीर पर पुलिस ने उसके पति करन कुमार, सास सुदामा, ससुर राकेश, देवर रमन कुमार और ननद रसना के खिलाफ आईपीसी की धारा 498ए, 120 बी, 323, 506, 328 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3 और 4 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कह रही है।

थाना ट्रांस यमुना प्रभारी निरीक्षक सुमनेश कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story