राजा नाम बता की दोस्ती, घर ले गया तो पता चला वह राजा खान है, धर्म परिवर्तन करा बोला-हम जोधा-अकबर की तरह रहेंगे, फिर..

Agra News: आगरा में युवती ने बताई दर्दनाक दास्तान, कहा- अनजान फोन करके पहले दोस्ती फिर निकाह करने वाला निकला राजा खान। 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, युवती बोली- जान से मारने की धमकी दे रहे हैं आरोपी।

Rahul Singh
Published on: 15 May 2023 6:27 PM GMT (Updated on: 15 May 2023 7:11 PM GMT)

Agra News: युवती को एक अनजान फोन आया और उसने अपना नाम राजा बताया, धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। एक दिन जब राजा युवती को अपने घर ले गया जो युवती के होश उड़ गए। युवती जिसे राजा समझ रही थी वह राजा खान निकला। राजा ने युवती का धर्म परिवर्तन करा निकाह कर लिया और बोला हम जोधा-अकबर की तरह रहेंगे। तुम अपना धर्म मानना और मैं अपना।

यह मामला है यूपी के आगरा का। आगरा में फिल्म द केरला स्टोरी की तर्ज पर युवती की दर्दनाक रियल स्टोरी सामने आई है। अनजान फोन कॉल से शुरू हुई दोस्ती निकाह तक पहुंची। अब युवती और उसके परिवार की जान पर बन आई है। लव स्टोरी मुकदमे के पायदान तक पहुंच गई है। आगरा की रहने वाली युवती ने मुस्लिम परिवार पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया है। युवती शहर के रकाबगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है। आज युवती और उसका परिवार दहशत में है। युवती का कहना है कि मुकदमे में नामजद लोग उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। युवती की शिकायत पर रकाबगंज थाना पुलिस ने 6 नामजद लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बातचीत में युवती ने बताया कि 2018 में उसके मोबाइल फोन पर अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम राजा और खुद को हिन्दू बताया। युवती के मुताबिक राजा उन्हें बार बार कॉल करने लगा। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई। मिलना जुलना शुरू हो गया। राजा ने युवती पर शादी का दबाव बनाया। अपने साथ घर ले गया। राजा के बालूगंज दरगइया में बने घर जाने पर युवती को पता चला कि राजा हिन्दू नहीं मुस्लिम है। राजा का पूरा नाम राजा खान है। युवती का आरोप है कि राजा और उसके परिवार ने बंधक बनाकर उसका धर्म परिवर्तन कराया। उसका नाम निशा खान रख दिया। कहा कि हम अकबर और जोधा की तरह रहेंगे। तुम अपने धर्म का पालन करना मैं अपने धर्म का पालन करूंगा। 28 नवम्बर वर्ष 2018 को उसका निकाह राजा खान से करवा दिया। युवती का आरोप है कि ससुराल जाने के बाद शौहर राजा खान और उसके परिजनों ने युवती का शारीरिक और मानसिक शोषण शुरू कर दिया। बेटे के जन्म के बाद भी उसे परेशान किया जाने लगा। वह जैसे तैसे पति के चंगुल से बचकर अपने घर पहुंची।

आपबीती अपनी माँ को बताई। माँ को साथ लेकर थाना पुलिस ने शिकायत की। कहीं सुनवाई नहीं हुई। थक हारकर युवती ने न्यायालय में गुहार लगाई। न्यायालय के आदेश पर रकाबगंज थाना पुलिस ने राजा खान, मोहम्मद रियाज, जरीना, बुशरा, मुस्कान और तनु के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3, 5 (1) 420, 504, 506, 323, 120 बी और मुस्लिम महिला विवाह अधिकारों की सुरक्षा अधिनियम 2019 की धारा 3, 4 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी मामले में जांच कर कार्रवाई की बात कह रहे हैं। आपको यहां बता दें कि युवती के पिता की मौत हो चुकी है। युवती का कोई सगा भाई भी नहीं है। युवती अब आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही है। युवती ने राजा खान पर आरोप लगाया है कि उसके अन्य युवतियों से भी प्रेम संबंध हैं। कुछ दिन पहले आरोपी राजा खान जेल भी जा चुका है।

Rahul Singh

Rahul Singh

Next Story