×

Agra: मकान मालिक हो जाएं सावधान ! बैंक लोन के लिए किया अप्लाई तो सामने आई सच्चाई, किराएदार ने ले रखा था लोन

Agra Crime News: बैंक कर्मचारी ने उन्हें बैंक सिविल का रिकॉर्ड दिखाया। तब पता चला कि उनके नाम से घरेलू सामान के लिए लोन लिया गया था। करीब 38 हजार का सामान खरीदा गया है।

Arpana Singh
Published on: 30 Oct 2023 1:24 PM GMT
Agra News
X

Agra Police (Social Media)

Agra Crime News: ये खबर उन मकान मालिकों के लिए काम की है, जो आंखें मूंद किराएदार पर भरोसा करते हैं। यूपी के आगरा में सदर थाने में एक मकान मालकिन ने किराएदार के खिलाफ धोखाधड़ी कर मुकदमा दर्ज करवाया है। ये मामला साइबर फ्रॉड से जुड़ा है। जिसने भी ये खबर सुनी अब अपने दस्तावेज जांचने में जुटे हैं।

क्या है मामला?

दरअसल, आगरा के नेहरू एनक्लेव शमशाबाद रोड में रहने वाली महिला के पति मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस विभाग के पूर्व कर्मचारी हैं। उन्हें पेंशन नहीं मिलती है। आय का कोई और साधन न होने की वजह से महिला ने 20 अप्रैल 2017 से 29 दिसम्बर 2017 तक पंजाब के रहने वाले युवक राहुल को 5,100 रुपए प्रतिमाह पर किराएदार रखा। राहुल उस घर में अकेले रहता था। महिला का आरोप है कि किरायानामा बनवाने के नाम पर किराएदार राहुल ने उनसे पैन कार्ड और आधार कार्ड ले लिया। उसने किरायानामा तो नहीं बनवाया। लेकिन, महिला के आधार कार्ड और पैन कार्ड पर चुपचाप निजी कम्पनी से इलेक्ट्रॉनिक आइटम लोन पर ले लिया।

कैसे उठा धोखाधड़ी से पर्दा?

राहुल नामक किराएदार चार महीने का किराया दिए बिना ही महिला का कमरा खाली कर चला गया। कुछ दिन पहले महिला बैंक से लोन लेने गईं। तब पता चला कि, उसे लोन नहीं मिल पाएगा। महिला ने बैंक कर्मी से कारण पूछा। उसे बताया कि उनकी 'बैंक सिविल' खराब है। महिला ने बताया कि, उन्होंने कभी लोन ही नहीं लिया है, तो उनकी बैंक सिविल खराब कैसे हो गई? इस पर बैंक कर्मचारी ने उन्हें बैंक सिविल का रिकॉर्ड दिखाया। तब पता चला कि उनके नाम से घरेलू सामान के लिए लोन लिया गया था। करीब 38 हजार का सामान खरीदा गया है।

कई धाराओं में आरोपी पर केस दर्ज

इस जानकारी के बाद महिला हैरान रह गई। महिला ने अब थाना पुलिस से मामले की शिकायत की। किराएदार राहुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला की शिकायत पर सदर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा- 420,467,406,468,471 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपी की तलाश में जुट गई है।

क्या बताया पुलिस ने?

थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार शर्मा ने बताया, 'पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story