×

UP Politics: अखिलेश यादव का योगी सरकार पर बड़ा आरोप, बोले-6 साल के कार्यकाल में शहरों से कूड़ा नहीं हटा पाई बीजेपी

UP Politics: उन्होंने कहा कि कूड़ा हटाना, नालियां साफ करना नालियों को सीवर लाइन से जोड़ना, साफ सफाई करना, सांड हटाना यह जिम्मेदारी नगर निगमों की है। लेकिन नगर निकाय चुनाव में इन सवालों का जवाब देने के बजाय मुख्यमंत्री जी पता नहीं क्या-क्या बातें करते हैं।

Anant Shukla
Published on: 30 April 2023 7:57 PM GMT
UP Politics: अखिलेश यादव का योगी सरकार पर बड़ा आरोप, बोले-6 साल के कार्यकाल में शहरों से कूड़ा नहीं हटा पाई बीजेपी
X
Akhilesh Yadav

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार 6 साल के कार्यकाल में शहरों से कूड़ा नहीं हटा पाई, नालियां और नाले नहीं साफ कर पाई। सड़कों से गड्ढे नहीं हटा पाई। भाजपा सरकार जनता से तमाम तरह का टैक्स लेती है लेकिन उन्हें कोई सुविधा नहीं देती। स्मार्ट सिटी के नाम पर सिर्फ धोखा देने का काम किया है। इसमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है।

उन्होंने कहा कि कूड़ा हटाना, नालियां साफ करना नालियों को सीवर लाइन से जोड़ना, साफ सफाई करना, सांड हटाना यह जिम्मेदारी नगर निगमों की है। लेकिन नगर निकाय चुनाव में इन सवालों का जवाब देने के बजाय मुख्यमंत्री जी पता नहीं क्या-क्या बातें करते हैं। गोरखपुर देवरिया और संत कबीर नगर दौरे पर पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 2017 में गोरखपुर में मेट्रो चलाने की घोषणा की थी लेकिन आज तक मेट्रो कहीं दिखाई नहीं दे रही है। इस दौरान उन्होंने कानपुर सपा मेयर प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांगा।

उन्होने कहा कि हम लोग लगातार जातिय जनगणना की मांग कर रहे हैं, जिससे सभी को उनकी आबादी के अनुपात में हक और सम्मान मिल सके लेकिन जातीय जनगणना के नाम पर भाजपा को सांप सूंघ जाता है।

भाजपा सरकार बजट का बंदरबांट कर रही है-अखिलेश

सपा चीफ ने कहा कि भाजपा सरकार बजट का बंदरबांट कर रही है। सड़के बनते ही टूट रही हैं। सड़कों के निर्माण में कोई गुणवत्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि समाजवादियों पर आरोप लगाने वाले 90 किलोमीटर की गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे बनाने के लिए करीब पांच हजार करोड़ रुपए लुटा रहे हैं। इसमें बड़े पैमाने पर खेल हो रहा है। इतने भारी भरकम बजट के बाद भी यह सड़क अभी नहीं बन पायी। पता नहीं इसमें कौन सा हिसाब किताब चल रहा है?

बीजेपी राज मंहगाई बेरोजगारी बढ़ी

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में महंगाई, बेरोजगारी बहुत बढ़ गई है। लोगों को दूध, तेल, आटा, दाल सभी कुछ मंहगा खरीदना पड़ रहा है। नौजवान मारा-मारा फिर रहा है। कहीं नौकरी नहीं है। इस सबके लिए भाजपा जिम्मेदार है। प्रदेश की जनता भाजपा से त्रस्त है। उसने बदलाव का मन बना लिया है। गोरखपुर में समाजवादी पार्टी भाजपा को पहले भी हरा चुकी है और अब फिर नगर निगम चुनाव में हराने जा रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार वन ट्रिलियन डॉलर इकोनामी की बात करती है लेकिन यह नहीं बताती है कि यह कैसे होगा? इसी झूठ के प्रचार के लिए भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री जी ने 200 करोड़ रूपये देकर अमेरिका से एक कम्पनी बुलाई है। अपने झूठ को सच बताने के लिए भाजपा सरकार जनता के सैकेड़ों करोड़ रूपये लुटा रही है।

प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त

सपा मुखिया ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधिक घटनाओं से आम जनता परेशान और त्रस्त है। भ्रष्टाचार, लूट, बलात्कार और अन्य अपराध की घटनाएं इतनी पहले कभी नहीं हुई जितनी भाजपा सरकार में हो रही है। गोरखपुर के अपराध की घटनाएं हर दिन अखबार की सुर्खियां बन रही है। उन्होंने गोरखपुर पार्टी संगठन से कहा कि पिछले पांच साल में गोरखपुर में हुई घटनाओं को लेकर एक किताब छापी जाय कि कितनी हत्या हुई है, कितनी बेटियों के साथ छेड़खानी हुई महिलाओं के साथ बलात्कार हुआ। मुख्यमंत्री अपना डीजीपी न पोस्ट कर पाये उससे कमजोर मुख्यमंत्री कोई नहीं हो सकता। अपनी कुर्सी बचाने के लिए और महंगाई, बेरोजगारी पर बहस न हो इसलिए नये-नये मुद्दे उठाते हैं। भाजपा के लोग हिन्दू मुस्लिम की खाईं पैदा करते हैं। दूसरों की चार्टशीट दिखाने वाले मुख्यमंत्री जी अगर अपने मुकदमें वापस न लिये होते तो पता चल जाता उनके मुकदमों की सूची कितनी बड़ी थी। तब बताइये गोरखपुर में नम्बर वन कौन होता?

भाजपा के डबल इंजन आपस में टकरा रहे

अखिलेश ने कहा कि भाजपा के डबल इंजन आपस में टकरा रहे हैं। दिल्ली की एजेंसी यूपी में छापा मार रही है और यूपी की एजेंसी दिल्ली में छापा मार रही है। प्रधानमंत्री जी के आवास के पास रहने वाला एक कथित दमदार आदमी पर यूपी एसटीएफ ने छापा मारा है। यूपी की एसटीएफ दिल्ली में छापा मार रहीं है और दिल्ली की इन्कम टैक्स गोरखपुर में छापा मार रही है। गोरखपुर के जिस उद्योगपति पर इन्कम टैक्स का छापा पड़ा है। उनका कारोबार लखनऊ से लेकर दूर-दूर तक फैला है। उनके मोबाइल में कई भाजपा नेताओं से बातचीत पकड़ी गई है।

Anant Shukla

Anant Shukla

Next Story