UP Politics: BJP के अंतर्कलह से हो रहा UP का नुकसान, डीजीपी की नियुक्ति पर बोले अखिलेश यादव

UP Politics: अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के डीजीपी की नियुक्ति में सुप्रीमकोर्ट की गाईडलाईन का उल्लंघन हो रहा है। एक न एक दिन गृह मंत्रालय को इसका जवाब देना पड़ेगा।

Anant Shukla
Published on: 27 March 2023 7:58 PM GMT
UP Politics: BJP के अंतर्कलह से हो रहा UP का नुकसान, डीजीपी की नियुक्ति पर बोले अखिलेश यादव
X
Akhilesh Yadav

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के अंदरूनी झगड़े में उत्तर प्रदेश का बड़ा नुकसान हो रहा है। भाजपा की दिल्ली और यूपी की सरकार एक दूसरे की बात नहीं मानती है। प्रदेश में स्थायी डीजीपी की तैनाती न होना इसी झगड़े का नतीजा है। हमारी समाजवादियों से अपील है कि वे जनता के बीच जायं, जनता से सम्पर्क करके बतायें कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। महंगाई, बेरोजगारी, अन्याय, अत्याचार चरम पर है। गरीबों को कहीं न्याय नहीं मिल रहा है। 2024 में भाजपा को हराना है।

सुप्रीमकोर्ट की गाईडलाईन का उल्लंघन-अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के डीजीपी की नियुक्ति में सुप्रीमकोर्ट की गाईडलाईन का उल्लंघन हो रहा है। एक न एक दिन गृह मंत्रालय को इसका जवाब देना पड़ेगा।

पेट्रोल-डीजल को लेकर उठाए सवाल

उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतें अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में गिरी हैं लेकिन डीजल, पेट्रोल की कीमतें क्यों कम नहीं हुईं? आखिर मुनाफा किसकी जेब में जा रहा है? नौजवानों को नौकरी रोजगार नहीं मिल रहा है। सरकार आज भी प्रोविडेन्ट फंड का पैसा अडानी की कम्पनियों में लगा रही है। जो कम्पनी डूब रही है लगातार घाटे में जा रही है, आखिर उसमें सरकारी पैसा क्यों लगाया जा रहा है? डूबी कम्पनी में एलआईसी और एसबीआई बैंक का पैसा लगाने वालों को कब जेल भेजा जाएगा?

भाजपा पहले बेईमानी और भ्रष्टाचार करती है-अखिलेश

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी और कार्यकर्ता देख कर मुकदमें दर्ज किये जा रहे हैं। भाजपा पहले बेईमानी और भ्रष्टाचार करती है। विरोध करने वालों खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पंचायत चुनाव, ब्लाक प्रमुख चुनाव और जिला पंचायत चुनाव के बाद एमएलसी चुनाव भाजपा ने प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग किया। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के पर्चे नहीं भरने दिये गये। जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव पैसा और प्रशासन के द्वारा जीता गया। को-आपरेटिव के चुनाव में सरकार के निर्देश पर एक तरफा चुनाव करा दिया गया। भाजपा सरकार में अन्याय और भ्रष्टाचार के विरूद्ध आवाज उठाने वालों पर ऐसे मुकदमें लगाएं जा रहे हैं जिससे कि उनकी सदस्यता चली जा रही है।

एटा में बुद्ध प्रतिमा तोड़ा गया-अखिलेश

उन्होंने कहा कि एटा में कुछ धार्मिक लोगों ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा लगायी थी। अराजक तत्वों ने उस प्रतिमा को तोड़ दिया है। आखिर कौन सी ताकतें है जो भगवान बुद्ध को नहीं पसंद करती हैं? भगवान बुद्ध के बताए रास्ते पर भारत ही नहीं दुनिया के लोग चले और बहुत आगे निकल गए हैं। लेकिन भाजपा सरकार में भगवान बुद्ध की प्रतिमाएं तोड़ी जा रही हैं। कोई भी सुरक्षित नहीं है।

Anant Shukla

Anant Shukla

Next Story