×

UP : अखिलेश ने गवर्नर से मिल की योगी सरकार की शिकायत, कहा- आजम और उनके परिवार को किया जा रहा परेशान

Akhilesh Yadav News : अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमारे वरिष्ठ नेता और कई बार के विधायक आजम खान को सरकार झूठे मुकदमों में फंसा रही है।

Rahul Singh Rajpoot
Published on: 23 Sep 2022 6:10 AM GMT (Updated on: 23 Sep 2022 6:49 AM GMT)
akhilesh yadav meet with governor anandiben patel complaint against yogi govt azam khan
X

 अखिलेश यादव गवर्नर आनंदी बेन पटेल से मुलाकात करते हुए

Akhilesh Yadav News : यूपी विधानमंडल के मानसून सत्र (UP Assembly Monsoon Session 2022) का आज आखिरी दिन है। उससे पहले समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) अपने 12 विधायकों के साथ महामहिम आनंदीबेन पटेल (Anandiben Patel) से मिलने राजभवन पहुंचे। अखिलेश यादव ने राज्यपाल को अपने विधायकों के साथ एक ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कई मुद्दों का जिक्र है। मुलाकात के बाद राजभवन से बाहर निकले अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमारे वरिष्ठ नेता और कई बार के विधायक आजम खान को सरकार झूठे मुकदमों में फंसा रही है। उन्हें कई महीने जेल में रखा गया। उनकी सेहत खराब चल रही है। वह अस्पताल में हैं। कोरोना में कैसा इलाज हुआ। लगातार उन्हें और उनके परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है। वह बीमार हैं, परेशान चल रहे हैं। इसलिए आज हम महामहिम के पास आए थे कि वह सरकार से कहें कि आजम खान के खिलाफ अन्याय ना करें।

महंगाई, बेरोजगारी, अपराध का मुद्दा उठाया

सपा प्रमुख ने कहा कि राज्यपाल, सरकार को आदेश दे सकती है, इसीलिए वह अपनी बात कहने यहां आए थे। इसके साथ ही अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे का भी जिक्र राज्यपाल के सामने किया। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, प्रदेश में बढे अपराध को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए।


उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया पलटवार

वहीं अखिलेश यादव की राज्यपाल से मुलाकात पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने उन पर पलटवार किया है। डिप्टी सीएम ने कहा, कि 'समाजवादी पार्टी डिरेल्ड और हाशिये पर है। उनके पास न नीति है न नियत है, वह जनता का समर्थन भी वह खो चुके हैं।' जनता के लिए काम करने का उनके पास कोई विजन भी नहीं है। लूट-खसोट और भ्रष्टाचार से ही नाता रहा है। उन्होंने कहा कि, आने वाले चुनाव में उनका जनाधार और घटेगा 20 प्रतिशत से भी कम उनका वोट प्रतिशत होगा। जनता ने उन्हें पूरी तरह से नकार दिया है। भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार देश और प्रदेश हर तबके के लिए कार्य कर रही है यही उनकी बौखलाहट है।'


आपको बता दें आज विधानमंडल के मानसून सत्र का आखिरी दिन है। समाजवादी पार्टी सदन में लगातार सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। आजम खान के मुद्दे को लेकर सदन में भी हंगामा हुआ था। सत्र के पहले दिन अखिलेश यादव ने अपने सभी पार्टी विधायकों और एमएलसी के साथ पदयात्रा निकालने का फैसला किया था। लेकिन, पार्टी कार्यालय से थोड़ी दूर पर ही उन्हें पुलिस ने रोक दिया। वह जिस रास्ते से जाना चाह रहे थे, उस पर इजाजत नहीं थी। जिसके कुछ देर बाद वहीं धरने पर बैठे और फिर मीडिया से बात कर पार्टी कार्यालय वापस लौट गए थे।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story