SP – Congress Alliance: क्या यूपी में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे ?, सवाल का अखिलेश यादव ने दिया दिलचस्प जवाब

SP – Congress Alliance: कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने पर बोले अखिलेश, मुश्किल तो ये है कि कई बड़े आयोजन होते हैं लेकिन हम लोगों को निमंत्रण ही नहीं मिलता है।

Krishna Chaudhary
Published on: 4 Feb 2024 5:57 AM GMT
Bharat jodo nyay yatra in UP (Photo:Social Media)
X

Bharat jodo nyay yatra in UP (Photo:Social Media)

SP – Congress Alliance. राहुल गांधी की अगुवाई में चल रही कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा फिलहाल झारखंड में है। यात्रा अगले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। ऐसे में इंडिया अलायंस में शामिल समाजवादी पार्टी इस यात्रा में शामिल होगी, इसको लेकर बड़ा प्रश्न बना हुआ है। जिस तरह पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस यात्रा से दूर रहीं, क्या अखिलेश यादव भी उसी राह पर होंगे ? इस पर सपा सुप्रीमो ने अपना रूख स्पष्ट कर दिया है।

दरअसल, पूर्व यूपी सीएम से पत्रकारों ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा, "मुश्किल तो ये है कि कई बड़े आयोजन होते हैं लेकिन हम लोगों को निमंत्रण ही नहीं मिलता है। हम लोग अपने आप निमंत्रण क्या मांगे?..." सपा मुखिया के इस बयान को कांग्रेस पर कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में निमंत्रण मिलने के बावजूद न जाने के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि हमने निमंत्रण खुद मांगा था, जब हमने उन्हें सूचित किया कि हमारे घर को गंगा जल से साफ किया गया है, तब हमने सुना कि उन्होंने हमें भी आमंत्रित करने का फैसला किया है।

भारत जोड़ो यात्रा पर अखिलेश के बयान के मायने ?

दरअसल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमुल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने पिछले दिनों आरोप लगाया था कि उन्हें राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की जानकारी कांग्रेस पार्टी की ओर से नहीं दी गई। इंडिया ब्लॉक में होने के बावजूद उन्हें पुलिस अधिकारियों से ये पता चला कि बंगाल में उनकी यात्रा पहुंची है।

बता दें कि बंगाल में यात्रा के दौरान टीएमसी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग भी चली। कांग्रेस ने ममता सरकार पर राहुल गांधी की रैली के लिए परमिशन न देने का आरोप लगाया। वहीं, सीएम ममता बनर्जी ने राहुल का नाम न लेते हुए उन्हें प्रवासी पक्षी तक करार दे दिया। ऐसे में अखिलेश यादव ने अपने बयान से साफ कर दिया है कि अगर उनके साथ भी वही रवैया अपनाया गया तो वो भी टीएमसी की राह चलने के लिए स्वतंत्र हैं।


सीटों को लेकर सपा-कांग्रेस में है ठनी

पश्चिम बंगाल में सीट बंटवारे को लेकर इंडिया गठबंधन पहले ही टूट चुका है। वहीं, अब यूपी में भी इसको लेकर सपा और कांग्रेस के बीच ठन गई है। समाजवादी पार्टी ने पिछले दिनों अचानक 16 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर कांग्रेस को चौंका दिया। इनमें वो सीटें भी शामिल हैं, जिस पर कांग्रेस का दावा था। इससे पहले अखिलेश यादव ने सार्वजनिक रूप से ऐलान कर दिया था कि कांग्रेस को 11 सीटें दी जाएंगी। इन सब चीजों को लेकर दोनों दलों के बीच ठनी हुई है।

कब यूपी पहुंचेगी कांग्रेस की यात्रा

राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा चंदौली की सीमा से 14 फरवरी को यूपी में प्रवेश करेगी। यात्रा 11 दिनों में 20 जिलों का सफर तय करते हुए संभवतः 25 फरवरी को आगरा होते हुए राजस्थान में प्रवेश करेगी। इस दौरान राहुल गांधी चंदौली और आगरा में बड़ी जनसभाएं करेंगे। कांग्रेस अन्य जिलों में भी उनकी रैली कराने की सोच रही है। पार्टी की ये भी कोशिश है कि अखिलेश यादव इन रैलियों में राहुल गांधी के साथ शामिल हों। अगर ऐसा होता है तो साल 2017 के विधानसभा चुनाव के बाद ये पहला मौका है, जब किसी सार्वजनिक मंच पर दोनों नेता एकसाथ मौजूद होंगे।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Content Writer

Krishna Chaudhary having four year experience of working in different positions during his Journalism. Having Expertise to create content in Politics, Crime, National and International Affiars.

Next Story