×

Agra News: बोले नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव, मुख्यमंत्री जी बता दें शूद्र क्या है ? हम सवाल पूछना बंद कर देंगे

Agra News: अखिलेश यादव ने आगरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल किया है ? कहा कि मुख्यमंत्री जी बताएं शूद्र क्या है ? हम सवाल पूछना बंद कर देंगे।

Rahul Singh
Published on: 5 Feb 2023 11:24 AM GMT
Agra News
X

Agra News (Newstrack)

Agra News: उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने आगरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल किया है ? कहा है कि मुख्यमंत्री जी बताएं शूद्र क्या है ? हम सवाल पूछना बंद कर देंगे। वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए आगरा आए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जेपी होटल में मीडिया से बातचीत की। अखिलेश यादव ने कहा कि अंग्रेजी में एक कहावत है। फ्रेंड इन नीड फ्रेंड इनडीड। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों को भाजपा से मित्रता की जरूरत है। आते वक्त मैंने जी-20 की तैयारियां देखी। कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार को समाजवादी पार्टी कार्यकाल के कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए था। लेकिन सरकार ने ऐसा नहीं किया।

शेर के बच्चे की मौत देखभाल न होने के कारण हुई - पूर्व सीएम

यही वजह है कि अब आखिरी समय में तैयारियां की जा रही है। उन्होंने कहा कि लायन सफारी में सरकार ने शेर के बच्चे की देखभाल नहीं कि उसकी मौत हो गई। अखिलेश यादव ने कहा कि मेट्रो समाजवादियों की देन है। वाराणसी का उदाहरण दिया। कहा कि डीपीआर देने के बाद भी वाराणसी में मेट्रो का काम अधूरा पड़ा है। उन्होंने कहा कि यमुना की तस्वीरें देखता हूं। यमुना में पानी नहीं है। यमुना नदी के किनारे भैंस घूम रही है। डिसॉल्व ऑक्सीजन की कमी होने की वजह से यमुना नदी में मछलियां मर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि g20 बहाना है। धोखा है। पहले से तैयारियां की गई होती तो सरकार को ऐसे काम नहीं करने पड़ते।

नाम बदलने से नहीं होता विकास

अखिलेश यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक इंटरव्यू पड़ा था। जिसमें मुख्यमंत्री ने 70% एमओयू जमीन पर उतरने की बात कही थी। अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री का इससे बड़ा झूठ और क्या होगा। अखिलेश यादव ने कहा कि मुगल म्यूजियम का नाम बदलने से विकास नहीं होता। यह यूरोप के सबसे बड़े आर्किटेक्ट का प्रोजेक्ट था। सरकार ने बजट नहीं दिया। आर्किटेक्ट को भगा दिया। अखिलेश यादव ने बजट पर भी सवाल उठाया। कहा कि सरकार ने बजट में इंसेंटिव नहीं दिया है। कोई इंडस्ट्रियल पॉलिसी नहीं है। सरकार नौजवान, किसान और उद्योगपतियों को धोखा दे रही है। रामचरितमानस को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि रामचरित मानस से किसी को शिकायत नहीं है।

मुख्यमंत्री बताएं शूद्र क्या है - अखिलेश यादव

भगवान श्रीराम को हम सब मानते हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि मैं आज भी सुबह 1 घंटे भजन सुनता हूं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बताएं शूद्र क्या है? हम सवाल पूछना बंद कर देंगे। इस दौरान उन्होंने महारथी कर्ण का उदाहरण भी दिया। कहा कि रामधारी सिंह दिनकर ने अपनी रचना में लिखा है कि महारथी होने के बाद भी कर्ण को कितना अपमान सहना पड़ा था। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी गठित कर दी गई है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जनता से जुड़े सवाल उठाते रहेंगे। बीच में अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि सरकार को जानवरों की हिफाजत करनी चाहिए। जबकि सरकार जानवरों की नसबंदी करा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि बंदरों में हम हनुमान जी का रूप देखते हैं। आगरा में बंदरों की नसबंदी करवाई जा रही है। मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव भाजपा सरकार पर पूरी तरह हमलावर नजर आए।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story