UP Politics: जातीय जनगणना होने से ही सभी को हक और सम्मान मिल पाएगा-अखिलेश यादव

UP Politics: सपा बहुत लम्बे समय से जातीय जनगणना की मांग कर रहे हैं। डॉ0 राममनोहर लोहिया ने पहले ही यह मांग उठाई थी। अब केन्द्र की सरकार हो या अन्य सरकारें उन्हें जातीय जनगणना कराना ही पडे़गा।

Anant kumar shukla
Published on: 8 Oct 2023 1:31 PM GMT
akhilesh Yadav targets BJP Over caste census
X

akhilesh Yadav targets BJP Over caste census

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा कर दिया है। बीजेपी बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के बनाए संविधान को बदल रही है। वंचितों, शोषितों, पिछड़ों, दलितों को अधिकारों से वंचित कर रही है। आउटसोर्सिंग करके नौकरियों को खत्म कर रही है। भाजपा सामाजिक न्याय के पक्ष में भी नहीं है। वह जातीय जनगणना नहीं चाहती है। अखिलेश यादव रविवार को लखनऊ स्थित सपा के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ के डॉ0 राममनोहर लोहिया सभागार में समाजवादी बाबा साहब वाहिनी और समाजवादी पार्टी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकरर पार्टी को मजबूत करने के निर्देश दिए।

अखिलेश यादव ने कहा कि जातीय जनगणना होने से ही सभी को हक और सम्मान मिल पाएगा। जातीय जनगणना से सभी सम्मान के साथ जी सकेंगे। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना के बिना सामाजिक न्याय संभव नहीं है। सपा बहुत लम्बे समय से जातीय जनगणना की मांग कर रहे हैं। डॉ0 राममनोहर लोहिया ने पहले ही यह मांग उठाई थी। अब केन्द्र की सरकार हो या अन्य सरकारें उन्हें जातीय जनगणना कराना ही पडे़गा।


बाबासाहब के संविधान को मिटाने के लिए बनवाया गया नया संविधान

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की उत्तर प्रदेश सरकार ने सात साल में सड़कों को गड्ढ़ामुक्त करने के नाम पर हजारों करोड़ खर्च कर दिए। लेकिन कोई सड़क गड्ढ़ा मुक्त नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सरकार जब-जब गड्ढ़ामुक्त करने की घोषणा करती है तब इंजीनियर और ठेकेदार सबसे ज्यादा खुश हो जाते हैं। सरकार सड़कों से सांड़ नहीं हटा पा रही है वह गड्ढ़ामुक्त सड़कें क्या कर पाएगी? भाजपा ने नयी संसद इसलिए बनाई, ताकि जिस संसद भवन में बैठकर बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर ने संविधान बनाया उस इतिहास को सफाई से मिटाया जा सके। भाजपा नया संविधान भी बनाना चाहती है।


डराने के लिए छापे डलवा रही सरकार

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स से जितने छापे डलवाएगी जनता उतनी ज्यादा नाराज होगी। भाजपा लोगों को डराने के लिए छापे डलवा रही है। लेकिन लोकतंत्र में कोई डरता नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। अब तो अन्याय भी चरम पर है। देश की सौ करोड़ से ज्यादा जनता भाजपा से नाराज है। भाजपा लोकसभा चुनाव बुरी तरह से हारेगी। सभी ने देखा कि घोसी में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्रियों और प्रशासन ने कोई कसर छोड़ी नहीं उसके बाद भी जनता ने भाजपा को करीब पचास हजार वोटों से हरा दिया। खतौली और मैनपुरी में भी भाजपा को जनता ने आईना दिखाया। मैनपुरी में दलित समाज ने पूरी तरह समाजवादी पार्टी का साथ देकर लोकतंत्र को बचाया।

Anant kumar shukla

Anant kumar shukla

Content Writer

अनंत कुमार शुक्ल - मूल रूप से जौनपुर से हूं। लेकिन विगत 20 सालों से लखनऊ में रह रहा हूं। BBAU से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन (MJMC) की पढ़ाई। UNI (यूनिवार्ता) से शुरू हुआ सफर शुरू हुआ। राजनीति, शिक्षा, हेल्थ व समसामयिक घटनाओं से संबंधित ख़बरों में बेहद रुचि। लखनऊ में न्यूज़ एजेंसी, टीवी और पोर्टल में रिपोर्टिंग और डेस्क अनुभव है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काम किया। रिपोर्टिंग और नई चीजों को जानना और उजागर करने का शौक।

Next Story