UP Politics: भाजपा सरकार में किसान सर्वाधिक उपेक्षित तथा अपमानित-अखिलेश यादव

UP Politics: अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों को समय से खाद, पानी, बीज, कीटनाशक की सुविधा नहीं मिल रही है।

Anant kumar shukla
Published on: 2 March 2023 1:25 PM GMT
Akhilesh Yadav targets on BJP yogi government
X

Akhilesh Yadav targets on BJP yogi government (Social Media)

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि किसान को अन्नदाता कहा जाता है लेकिन भाजपा सरकार में किसान सर्वाधिक उपेक्षित तथा अपमानित हो रहा है। किसान को उसकी फसल का लागत मूल्य भी नहीं मिल रहा है। सरकार की तरफ से कहा गया कि किसान की आय दोगुनी की जाएगी लेकिन किसान की आय दोगुनी करने की दिशा में कोई भी प्रयास नहीं हुआ। बिजली की दरों में वृद्धि का प्रस्ताव मंजूर कर लिया गया है।

खाद का दाम बढ़ा, वजन कम-अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों को समय से खाद, पानी, बीज, कीटनाशक की सुविधा नहीं मिल रही है। भाजपा सरकार ने किसान की खाद के दाम तो बढ़ा दिए हैं पर खाद की बोरी का वजन 5 किलो कम कर दिया है। निजी और सरकारी ट्यूबवेलों से सिंचाई करने में भी किसान को तमाम दिक्कते उठानी पड़ती है।

3000 किसानों का 25 करोड़ बकाया-अखिलेश

उन्होने कहा कि रायबरेली में सरकारी क्रय केन्द्रों पर 3000 किसानों का 25 करोड़ रूपए से अधिक का बकाया है। यह हालात तब है जब जब 72 घंटे में ही किसानों को धान खरीद का भुगतान करने का नियम है। होली नज़दीक है, किसानों को होली की खरीद के लिए, सिंचाई और कृषियंत्रों की खरीद के लिए पैसा चाहिए।

किसानों को नहीं मिला मुआवजा

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पशु किसानों की फसल बर्बाद कर रहे हैं। रात भर खेतों में जाग कर रखवाली करने के लिए किसान मजबूर है। जिन किसानों की फसल बुरी तरह बर्बाद हुई है, भाजपा सरकार ने उन्हें पर्याप्त मुआवजा भी नहीं दिया है।

पूंजीपतियों के लिए काम कर रही भाजपा सरकार-अखिलेश

गन्ना, गेहूं, धान किसान सभी परेशान और दुःखी है। भाजपा सरकार केवल बड़े-बड़े विज्ञापनों के जरिए ही किसानों को खुशहाल बता रही है, जबकि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान नहीं, पूंजीघराने ही लाभान्वित हो रहे हैं। भाजपा सरकार पूंजीपतियों के हित में ही समस्त सरकारी नीतियां कार्यान्वित कर रही हैं। लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा सरकार का सत्ता से बाहर जाना तय है।

Anant kumar shukla

Anant kumar shukla

Content Writer

अनंत कुमार शुक्ल - मूल रूप से जौनपुर से हूं। लेकिन विगत 20 सालों से लखनऊ में रह रहा हूं। BBAU से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन (MJMC) की पढ़ाई। UNI (यूनिवार्ता) से शुरू हुआ सफर शुरू हुआ। राजनीति, शिक्षा, हेल्थ व समसामयिक घटनाओं से संबंधित ख़बरों में बेहद रुचि। लखनऊ में न्यूज़ एजेंसी, टीवी और पोर्टल में रिपोर्टिंग और डेस्क अनुभव है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काम किया। रिपोर्टिंग और नई चीजों को जानना और उजागर करने का शौक।

Next Story