UP Politics: यूपी में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल, विज्ञापनों से अव्यवस्था छिपाई नहीं जा सकती: अखिलेश यादव

UP Politics: अखिलेश यादव ने कहा कि कन्नौज में जिला अस्पताल की ऐसी दुर्दशा है कि यहां के लोग दूसरे जिलों में इलाज के लिए जाने लगे हैं।

Anant kumar shukla
Published on: 19 Feb 2023 12:35 PM GMT
Akhilesh Yadav attack on UP government
X

Akhilesh Yadav attack on UP government (Social Media)

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाली के स्तर पर पहुंच गई हैं। अस्पतालों में दवा और इलाज दोनों का अभाव है। मुख्यमंत्री जी के तमाम दावों के बावजूद अस्पतालों की दशा सुधरने का नाम नहीं ले रही है। विज्ञापनों या बड़बोले बयानों से अव्यवस्था को छुपाया नहीं जा सकता है।

कन्नौज में नहीं है इलाज की उचित व्यवस्था-अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि कन्नौज में जिला अस्पताल की ऐसी दुर्दशा है कि यहां के लोग दूसरे जिलों में इलाज के लिए जाने लगे हैं। यहां भाजपा सरकार ने समाजवादी सरकार के समय की व्यवस्था को बर्बाद कर जनता को बीमार रहने को बाध्य कर दिया है।

राजधानी में इलाज के अभाव में मरीज तोड़ रहे दम-अखिलेश

उन्होने कहा कि राजधानी लखनऊ में, जहां पूरा शासन-प्रशासन सिर पर है, अस्पतालों में बीमार लोगों को समय से सही इलाज नहीं मिल पाता है। दिल के कई मरीज इलाज के अभाव में दम तोड़ चुके हैं। पीजीआई में चार दिनों से भर्ती होने के लिए गाजीपुर की महिला भटक रही थी। उसे बीस साल से दिल की बीमारी थी। समय से इलाज न मिलने से उसकी रात को टिन शेड के नीचे बैठे-बैठे मौत हो गई।

भाजपा ने सुविधाओं को बर्बाद कर दिया-अखिलेश

सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में एक रूपये के पर्चे पर गंभीर बीमारियों दिल, किडनी, कैंसर, लीवर आदि के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की गई थी। कैंसर रोगियों के लिए कैंसर अस्पताल की अलग नींव रखी गई थी। भाजपा सरकार ने खुद तो कुछ किया नहीं जो सुविधाएं थी उन्हें भी बर्बाद कर दिया। सिर्फ प्रचार और भ्रष्टाचार ही भाजपा सरकार में हो रहा है। यह सरकार पूरी तरह संवेदनहीन और जनविरोधी है।

सपा ने नरेन्द्र देव की 67वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने आज महान समाजवादी नेता एवं विचारक आचार्य नरेन्द्र देव जी की 67वीं पुण्यतिथि पर लखनऊ में गोमती तट स्थित उनकी समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

आचार्य नरेन्द्र देव ने स्वतंत्रता आंदोलन में मुख्य भूमिका निभाई थी। वे प्रख्यात शिक्षाविद तथा बौद्धधर्म एवं दर्शन के प्रकाण्ड विद्वान थे। स्वाधीन भारत में आचार्य नरेन्द्र देव लखनऊ विश्वविद्यालय और काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के उपकुलपति रहे। उनके नाम से आज भी कई कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं।

Anant kumar shukla

Anant kumar shukla

Content Writer

अनंत कुमार शुक्ल - मूल रूप से जौनपुर से हूं। लेकिन विगत 20 सालों से लखनऊ में रह रहा हूं। BBAU से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन (MJMC) की पढ़ाई। UNI (यूनिवार्ता) से शुरू हुआ सफर शुरू हुआ। राजनीति, शिक्षा, हेल्थ व समसामयिक घटनाओं से संबंधित ख़बरों में बेहद रुचि। लखनऊ में न्यूज़ एजेंसी, टीवी और पोर्टल में रिपोर्टिंग और डेस्क अनुभव है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काम किया। रिपोर्टिंग और नई चीजों को जानना और उजागर करने का शौक।

Next Story