UP Politics: स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भड़के अखिलेश, कहा-मोमबत्ती की रोशनी में इलाज कर रहे डॉक्टर

UP Politics: अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तम स्वास्थ्य सेवा का दम्भ भरने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज में गाजियाबाद के संयुक्त अस्पताल में पांच दिन से डॉक्टर मोमबत्ती की रोशनी में मरीजों का इलाज कर रहे हैं

Anant kumar shukla
Published on: 21 Feb 2023 1:26 PM GMT (Updated on: 21 Feb 2023 1:27 PM GMT)
Akhilesh Attack On Yogi Government
X

Akhilesh Attack On Yogi Government (Social Media)

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं ने दम तोड़ दिया है। भाजपा सरकार में अस्पतालों की दुर्दशा देखने का किसी को भी समय नहीं है। सरकार ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और जी-20 डेलीगेट्स के स्वागत में सजाए गए गमलों की चोरी का पता लगाने में ही व्यस्त हो गई है। एम्बूलेंस सेवा 108 और 102 अब समय से उपलब्ध नहीं होती है। अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी है तो कहीं डॉक्टर अपनी ओपीडी छोड़कर प्राइवेट प्रैक्टिस कर रहे हैं। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जी भी अब पस्त हो चुके हैं उनके दौरे और आदेश भी अब थम गए हैं।

गाजियाबाद के संयुक्त अस्पताल मोमबत्ती की रोशनी में इलाज को मजबूर डॉक्टर

उन्होंने कहा कि उत्तम स्वास्थ्य सेवा का दम्भ भरने वाले मुख्यमंत्री जी के राज में गाजियाबाद के संयुक्त अस्पताल में पांच दिन से डॉक्टर मोमबत्ती की रोशनी में मरीजों का इलाज कर रहे हैं। प्रशासकीय अमला हाथ पर हाथ धरे बैठा रहा। इसे भाजपा का अंधेर राज न कहें तो क्या कहें?

अयोध्या जिला अस्पताल में नहीं है आक्सीजन सिलेण्डर

अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या में जिला अस्पताल की इमरजेंसी में एक गंभीर मरीज को आक्सीजन का खाली सिलेण्डर लगा दिया गया। तीमारदारों की नाराजगी पर नर्स ने सिलेण्डर बदले तो दूसरा, तीसरा आक्सीजन मिलेण्डर भी खाली निकला। मरीजों की जान के साथ यह खिलवाड़ भाजपा सरकार में आम बात हो गई है।

राजधानी के अस्पतालों नहीं है सुविध, तड़पते रहेते हैं मरीज-अखिलेश

सपा अध्यक्ष ने कहा कि खुद राजधानी में भी अस्पतालों के हालात अच्छे नहीं हैं। लखनऊ के लोहिया संस्थान और पीजीआई में इमरजेंसी सेवाएं मजाक बन गई है। घंटों मरीज तड़पते रहते है। भर्ती नहीं होती है। मरीज स्ट्रेचर पर या वहां बने टिनशेड में पड़े भाजपा के अमृतकाल में बस अमर हो जाने की प्रतीक्षा करते रहते हैं। लोहिया संस्थान की नई इमरजेंसी का ताला ही नहीं खोला जा रहा है।

अस्पतालों में जांच के लिए रेट फिक्स-अखिलेश यादव

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने एक रुपए के पर्चे पर इलाज और जांच की निःशुल्क सुविधा प्रदान की थी। भाजपा सरकार में अस्पतालों में जांचो के अलग-अलग रेट तय हो गए हैं। समाजवादी सरकार के समय बना कैंसर संस्थान में पूर्ण कालिक निदेशक नहीं नियुक्त हो सका है। यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की भी कमी है। कैंसर से मौतें हो रही है।

केजीएमयू अपनी पुरानी ख्याति खोती जा रही है-अखिलेश यादव

उन्होंने कहा कि प्रदेश की शान कहे जाने वाली किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी कभी अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर जानी जाती थी। आज वह अपनी पुरानी ख्याति खोती जा रही है। भाजपा सरकार जनता से सिर्फ झूठे वादों का खिलवाड़ कर रही है। भाजपा पूरी तरह संवेदनशून्यता की चरम सीमा पर है।

Anant kumar shukla

Anant kumar shukla

Content Writer

अनंत कुमार शुक्ल - मूल रूप से जौनपुर से हूं। लेकिन विगत 20 सालों से लखनऊ में रह रहा हूं। BBAU से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन (MJMC) की पढ़ाई। UNI (यूनिवार्ता) से शुरू हुआ सफर शुरू हुआ। राजनीति, शिक्षा, हेल्थ व समसामयिक घटनाओं से संबंधित ख़बरों में बेहद रुचि। लखनऊ में न्यूज़ एजेंसी, टीवी और पोर्टल में रिपोर्टिंग और डेस्क अनुभव है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काम किया। रिपोर्टिंग और नई चीजों को जानना और उजागर करने का शौक।

Next Story