Aligarh News: महिला और मासूम बच्चों की बेरहमी से पिटाई, पुलिस ने थाने से फटकार कर भगाया

Aligarh News: टप्पल थाना क्षेत्र के भरतपुर बझेड़ा गांव की एक महिला की दबंगों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, उसके मासूम बच्चों को भी नहीं छोड़ा गया।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 23 Jun 2023 9:59 AM GMT

Aligarh News: महिला अधिकारों, उनके सशक्तिकरण पर प्रदेश भर में तमाम कार्यक्रम आयोजित होते हैं। इसी पखवाड़े कई जिलों में खुद पुलिस महकमे ने कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए लेकिन अलीगढ़ जनपद में इसकी उलट तस्वीर सामने आई। यहां टप्पल थाना क्षेत्र के भरतपुर बझेड़ा गांव की एक महिला की दबंगों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, उसके मासूम बच्चों को भी नहीं छोड़ा गया। बच्चे रोते-बिलखते रहे और दबंगों ने उनकी पिटाई कर दी। मां के सामने ही बच्चों को पीटा गया। लाचार मां मदद की गुहार लगाती रही लेकिन उसका साथ देने कोई नहीं आया।

नाली के जलभराव को लेकर हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक महिला के घर के सामने नाली में जल जमाव हो रहा था। जिसे लेकर गांव के दबंगों से उसकी कुछ दिन पहले कहासुनी हो गई थी। शुक्रवार को फिर इसी बात पर झगड़ा हो गया और नौबत मारपीट की आ गई। करीब छह दबंगों ने महिला को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। उसे बचाने मासूम बच्चे दौड़े तो उन्हें भी धक्का देकर गिरा दिया गया। बच्चों की भी पिटाई की गई। मां रोती-चिल्लाती रही लेकिन दबंगों का दिल नहीं पसीजा। महिला को घर से बाहर निकाल दिया गया और जमकर पीटा।

पुलिस पर उठे सवाल

इस मामले में महिला का आरोप है कि जब वो आपबीती बताने थाने टप्पल गई तो उसे डांट-फटकार कर भगा दिया गया। जिसके बाद उसे कुछ समझ नहीं आया तो वो सीओ ऑफिस पहुंची। वहां क्षेत्राधिकारी टप्पल को प्रार्थना पत्र देकर महिला ने न्याय की गुहार लगाई है। उसका कहना है कि दबंगों से उसे और उसके बच्चों की जान की हिफाजत की जाए। चूंकि आगे चलकर उसे अंदेशा है कि फिर उसके परिवार पर हमला हो सकता है। काफी समय से गांव के दबंगों से उसका विवाद चल रहा है। महिला के मुताबिक सीओ कार्यालय से उसे जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन मिला है।

Lakshman Singh Raghav

Lakshman Singh Raghav

Next Story