×

Ambedkar Nagar News: दारोगा ने भाजपा जिला अध्यक्ष पर लगाया रुपये लेने का आरोप, एसपी ने किया निलंबित

Ambedkar Nagar News: अम्बेडकर नगर में एक दरोगा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष पर थाने से पैसा लेने का आरोप लगाया है।

Anant kushwaha
Published on: 21 Dec 2022 2:43 PM GMT
Ambedkar Nagar News
X

भाजपा जिला अध्यक्ष

Ambedkar Nagar News: अम्बेडकरनगर में एक दरोगा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष पर थाने से पैसा लेने का आरोप लगाया है। 32 सेकेंड की इस वीडियो के वायरल होते ही हड़कम्प मच गया। एसपी ने दरोगा को निलंबित कर दिया है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष ने इन आरोपों को खारिज किया है।

अकबरपुर कोतवाली में दरोगा अजय सिंह का वीडियो वायरल

अकबरपुर कोतवाली में तैनात दरोगा अजय सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। 32 सेकेंड के वायरल हुए इस वीडियो से हड़कम्प मच गया, जिसमें दारोगा ने भाजपा जिलाध्यक्ष पर थाने से पैसा लेने का आरोप लगाया है। साथ ही मीडिया कर्मी से कह रहा है कि दम है तो ये खबर चला कर दिखाओ,, वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले को संज्ञान में लेते हुए एसपी ने दरोगा अजय सिंह को निलंबित कर दिया है। एसपी ने बताया कि दरोगा ने वीडियो में कुछ भाजपा नेताओं पर पैसे लेने का अनर्गल आरोप लगाया है। प्रथम दृष्टया उन्हें दोषी पाया गया है और निलम्बित कर दिया गया है।

भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष

भाजपा जिलाध्यक्ष डाक्टर मिथिलेश त्रिपाठी के ऊपर लगाए गए गलत आर्थिक आरोपों की वीडियो वायरल होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में भयंकर रोष व्याप्त हो गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं के बड़े रोष और सब इंस्पेक्टर के गलत आरोप की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सब इंस्पेक्टर अजय सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर यह संदेश दिया है कि किसी के भी प्रतिष्ठा का हनन नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक की सब इंस्पेक्टर के ऊपर की गई कार्यवाही पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने संतोष व्यक्त किया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने वायरल वीडियो पर जताई हैरानी

भाजपा जिलाध्यक्ष डाक्टर मिथिलेश त्रिपाठी ने भाजपा जिला मीडिया प्रभारी वाल्मीकि उपाध्याय के जरिए जारी विज्ञप्ति में उपरोक्त वायरल वीडियो पर हैरानी जताते हुए कहा है कि पुलिस विभाग के एक जिम्मेदार पद रहकर इस तरह का बयान देना सरकारी सेवा नियमावली के विपरीत आचरण है। इस तरह से किसी भी पद पर आसीन अधिकारी या कर्मचारी को कोई भी बयान नहीं देना चाहिए जो किसी की भावना या प्रतिष्ठा को प्रभावित करता है। उन्होंने उपरोक्त वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए उक्त सब इंस्पेक्टर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा त्वरित दंडात्मक कार्रवाई किए पर संतोष व्यक्त किया है।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story