×

Amethi Election Result: कांग्रेस ने फतह किया किला, स्मृति ईरानी ने हार के बाद दिया बयान

Amethi Election Result: अमेठी लोकसभा सीट से किशोरी लाल शर्मा ने स्मृति ईरानी को मात दी है।

Sidheshwar Nath Pandey
Published on: 4 Jun 2024 11:02 AM GMT (Updated on: 4 Jun 2024 1:41 PM GMT)
Amethi News
X

Amethi Election Result (Pic: Newstrack)

Amethi Lok Sabha Election Result: उत्तर प्रदेश की हॉट सीट में शामिल अमेठी लोकसभा पर इस बार बड़ा उलटफेर हुआ। अमेठी की जनता ने मौजूदा सांसद और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को जीत का स्वाद नहीं चखने दिया। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी को मात दी है। किशोरी लाल शर्मा ने 1,67,196 वोटों से स्मृति ईरानी को हराया है। हालांकि अभी औपचारिक ऐलान बाकी है। मतगणना से पहले चले तमाम एग्जिट पोल में स्मृति ईरानी को जीत का मजबूत दावेदार माना जा रहा था। हालांकि चुनाव परिणाम में बिलकुल उलट दिखा। कांग्रेस पार्टी अपने गढ़ में वापस लौट चुकी है।

1,67,196 वोटों से हारीं स्मृति ईरानी

2024 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर चर्चा थी कि राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ेंगे। मगर कांग्रेस पार्टी ने उन्हें सोनिया गांधी की पारंपरिक सीट पर रायबरेली से सांसद का चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतार दिया। अमेठी से कांग्रेस पार्टी ने अपने पुराने वफादार किशोरी लाल शर्मा को टिकट दिया। माना जा रहा था कि किशोरी लाल के लिए स्मृति ईरानी को हराना कठिन होगा। मगर चुनाव के नतीजों ने सबको गलत साबित कर दिया है। साथ ही 1,67,196 से स्मृति को हराकर किशोरी लाल शर्मा ने भाजपा के पुराने किले पर कांग्रेस का झंडा लहरा दिया है।

स्मृति ईरानी ने दिया बयान

अमेठी लोकसभा चुनाव में हार के बाद स्मृति ईरानी का बयान सामने आया है। उन्होंंने कहा कि "मुझे लगता है कि आज जनता का आभार व्यक्त करने का दिन है, जो जीते उन्हें बधाई देने का दिन है। संगठन का स्वभाव विश्लेषण करने का है और संगठन विश्लेषण करेगा। एक जनप्रतिनिधि के नाते यह मेरा सौभाग्य रहा कि मैंने हर गांव में जाकर काम किया। हार या जीत के बावजूद मैं लोगों से जुड़ी और यह मेरे जीवन का बहुत बड़ा सौभाग्य है।"

प्रियंका गांधी ने किया सोशल मीडिया पर पोस्ट

किशोरी लाल शर्मा कांग्रेस के पुराने नेता हैं। गांधी परिवार से उनके पुराने संबंध हैं। आज लोकसभा चुनाव में उनकी जीत के बाद प्रियंका गांधी ने पोस्ट कर अपनी भावनाएं व्यक्त की है। उन्होंने अपने पोस्ट में किशोरी लाल के बारे में लिखा कि "किशोरी भैया, मुझे कभी कोई शक नहीं था, मुझे शुरू से यक़ीन था कि आप जीतोगे। आपको और अमेठी के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई" !

2019 में हारे थे राहुल गांधी

अमेठी राहुल गांधी की पारंपरिक सीट रही है। राहुल यहां से 10 साल तक सांसद रहे। 2014 में भाजपा ने राहुल गांधी के सामने स्मृति ईरानी को उतारा। मगर इस चुनाव में स्मृति ईरानी जीत नहीं सकीं। राहुल गांधी 2014 में यहां से सांसद चुने गए। 2019 के चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर स्मृति ईरानी को यहां से उम्मीदवार बनाया। इस बार राहुल गांधी की करारी हार हुई। स्मृति ईरानी ने गांधी परिवार का गढ़ माने जाने वाले अमेठी में भाजपा का झंडा लहराया। 2014 में राहुल वायनाड से सांसद चुने गए।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story