×

UP Election 2022 : अमेठी में प्रियंका ने पूछा, PM मोदी को US प्रेसिडेंट की खांसी तक की खबर,...छुट्टा जानवरों की नहीं?

प्रियंका गांधी ने अमेठी की जनता से कहा,'वोट देना आपका अधिकार है। लोकतंत्र से ये ताकत आपको मिली है। इस बार समझदारी से वोट करें, ताकि बाद में आपको पछताना न पड़े। आपके वोट से ही अगले पांच साल के लिए विकास का रास्ता तय होगा।

aman
Written By aman
Published on: 25 Feb 2022 10:32 AM GMT (Updated on: 25 Feb 2022 12:30 PM GMT)
priyanka gandhi rahul gandhi campaigns in amethi
X

 priyanka gandhi rahul gandhi campaigns in amethi 

UP Election 2022 : यूपी विधानसभा चुनाव में आगे के चरणों के लिए कांग्रेस के नेताओं ने पूरा जोर लगा दिया है। इसी क्रम में आज 25 फरवरी को कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने अमेठी में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। प्रियंका के निशाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) को रखा। हाल के समय में प्रदेश के किसानों की सबसे बड़ी समस्या छुट्टा जानवर है। प्रियंका गांधी ने पूछा, 'पीएम मोदी को जब चुनाव नजदीक आए तब पता चला कि छुट्टा जानवरों से किसान परेशान हैं। उन्हें पांच साल तक कुछ पता नहीं चला?

इसके अलावा कांग्रेस महासचिव ने रूस-यूक्रेन संघर्ष को जोड़ते हुए कहा, 'युद्ध क्षेत्र में क्या चल रहा था, उन्हें (मोदी) पता था। उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति को खांसी आने की जानकारी थी, लेकिन किसानों की दिक्कतों के बारे में उन्हें कुछ नहीं पता था ! जब चुनाव नजदीक आए तो उन्हें किसानों की याद आई?'

वोट का महत्व भी बताया

इस दौरान प्रियंका गांधी ने अमेठी की जनता से कहा,'वोट देना आपका अधिकार है। लोकतंत्र से ये ताकत आपको मिली है। इस बार समझदारी से वोट करें, ताकि बाद में आपको पछताना न पड़े। आपके वोट से ही अगले पांच साल के लिए विकास का रास्ता तय होगा। इसलिए समझदारी से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें।

राहुल बोले- मेरी बात नहीं मानी, गंगा में लाशें बही

इसके बाद कांग्रेस नेता और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेठी की जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा, कि जब भी यहां आता हूं लगता है अपने परिवार के पास आया हूं। आज देश का युवा परेशान है। क्योंकि, देश में रोजगार की कमी है। नए रोजगार सरकार नहीं ला रही है। उन्होंने आशंका जतायी यही हाल रहा तो आने वाले समय में युवाओं को नौकरियां नहीं मिल पाएंगी।' फिर उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए लोगों को आगाह किया, 'कोरोना के दौरान किसी ने मेरी बात नहीं सुनी। फिर देखा गया गंगा में लाशें बह रही थीं।'

पीएम मोदी पर राहुल का तंज

राहुल गांधी ने कांग्रेस पर लगातार होते हमले के जवाब में कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि 70 साल में कुछ नहीं हुआ। दरअसल, वो कहना चाहते हैं कि इस दौरान अंबानी-अडानी का कुछ नहीं हुआ। याद रखें, ये बड़े-बड़े उद्योगपति लोगों को नौकरियां नहीं देते। रोजगार छोटे दुकानदार, छोटे व्यापारी और किसान देते हैं।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story