×

Bahraich News: SP के कद्दावर नेता ने योगी सरकार पर बोला हमला, ब्राह्मणों की उपेक्षा का लगाया आरोप

महसी विधानसभा के तेजवापुर ब्लाक के रमपुरवा चौकी स्थित मैदान में सोमवार को समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में समाजवादी बुद्धिजीवी..

Anurag Pathak
Report Anurag PathakPublished By Deepak Raj
Published on: 6 Sep 2021 3:17 PM GMT
Mata prasad pandey
X

सपा के कद्दावर नेता माता प्रसाद पांडे

Bahraich News: महसी विधानसभा के तेजवापुर ब्लाक के रमपुरवा चौकी स्थित मैदान में सोमवार को समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में समाजवादी बुद्धिजीवी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि माता प्रसाद पांडेय रहे। संचालन मुलायम यूथ बिग्रेड के जिलाध्यक्ष अजितेश पांडेय एवं उमेश्वर पांडेय ने किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ समाजवादी सरकार के किये गए कार्यों का शिलान्यास कर रही है। भाजपा सरकार सिर्फ जुमलेबाजों की सरकार है। भाजपा सरकार में बेरोजगारी, अपराध, भ्रष्टाचार, महंगाई चरम पर है।


अखिलेश यादव व मुलायम सिंह यादव के साथ माताप्रसाद पांडे( फाइल फोटो-सोर्स-सोशल मीडिया)

आम जनता त्रस्त है। कोरोनाकाल में सरकार की लापरवाही से आम जनता की जानें चली गई। यदि विकासवाद की राजनीति करनी है, प्रदेश में तरक्की लानी है तो भाजपा सरकार को हटाकर 2022 में सपा सरकार को बनाना होगा। तभी ब्राह्मण समेत सभी वर्गों एवं धर्मों के लोगों का सम्मान होगा। भाजपा सरकार में किसानों की खेती व उपज का मूल्यांकन नहीं है। किसान परेशान है। अमीर लगातार अमीर होते जा रहे हैं जबकि गरीब और गरीब होते जा रहे हैं। ब्राह्मण सर्वे भवन्ति सुखिनः की भावना के लोग हैं लेकिन भाजपा ब्राह्मणों के शोषण व अपमान में जुटी है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रोफेसर अभिषेक मिश्रा ने कहा कि मोदी सरकार ने एक साल में दो करोड़ नौकरी देने का वादा किया था। योगी सरकार ने 75 लाख नौकरियां प्रतिवर्ष देने की बात कही थी। जो सिर्फ जुमला साबित हुआ। मुख्यमंत्री ने अपने ऊपर दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए। ऐसे कई लोगों के 20 हजार मुकदमे वापस लेने के बावजूद खुशी दूबे का मुकदमा वापस नहीं लिया। 100 दिनों के बाद भाजपा की सरकार चली जायेगी। अखिलेश के मुख्यमंत्री बनते ही 900 विप्र हत्याओं की सीबीआई जांच करवाई जाएगी। सरकार बनते ही भाजपा ने विप्र विरोध का कार्य शुरू करते हुए पंडित हरिशंकर तिवारी के यहां छापेमारी शुरू करवाई थी।

समाजवादी पार्टी भगवान परशुराम की 108 फीट ऊंची मूर्ति लगाने का कार्य करेगी

समाजवादी पार्टी भगवान परशुराम की 108 फीट ऊंची मूर्ति लगाने का कार्य करेगी। भाजपा सरकार में महंगाई चरम पर है डीजल, पेट्रोलियम, गैस, खाद्य तेलों की कीमत आसमान छू रही हैं। अंबानी-अडानी देश को लूट रहे हैं। बहराइच जिले का सबसे बड़ा चहलारी पुल सपा सरकार ने ही बनवाया। लाखों लोगों ने कोरोना से दम तोड़ दिया लेकिन भाजपा सरकार कह रही है कि ऑक्सीजन से किसी की मौत नहीं हुई। सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया कि बगैर जांच के एससी-एसटी मुकदमे में गिरफ्तारी नहीं होगी। लेकिन भाजपा ने कानून लाकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बदल दिया। प्रबुद्ध वर्ग के साथ समता का अधिकार जरूरी है।

पूर्व विधायक संतोष पांडेय ने कार्यकर्ताओं को अवधी भाषा में संबोधित करते हुए कहा कि सपा सरकार ने भगवान परशुराम के जयंती पर अवकाश घोषित किया। लेकिन भगवान परशुराम को भाजपा सरकार ने महापुरुष बताकर छुट्टी खत्म कर दी। भाजपा सरकार ने आत्मसमर्पण करने वाले विकास दूबे को संवैधानिक सजा देने के बजाए विकास दूबे की हत्या कराई। सपा सरकार में नौ कैबिनेट मंत्री ब्राह्मण थे जबकि 23 विधायक ब्राह्मण थे। प्रदेश का भाजपा मुख्यमंत्री जातिवाद को अपना रहा है। कोरोनाकाल से निपटने में भाजपा सरकार विफल रही तो समाजवादी एंबुलेंस योजना से ही मरीजों को लाभ मिला। सपा सरकार में हर मेधावी छात्र को लैपटॉप दिया।

बसपा के सतीश मिश्रा पर बरसते हुए कहा कि जब ब्राह्मण समाज का शोषण हो रहा था तब वो चुप थे अब सत्ता हथियाने के लिए ब्राह्मण सम्मेलन कर रहे हैं। ब्राह्मणों के शोषण पर उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा मौन रहते हैं। 80 वर्षीय विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय जी का पर्चा छीन भाजपा सरकार ने ब्राह्मणों का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम ने अन्याय का नाश करने के लिए भगवान कृष्ण को सुदर्शन चक्र दिया था। यदुवंशी भगवान कृष्ण एवं विप्र सुदामा की मित्रता व समर्पण विश्वविदित है।

2022 में सपा को वोट देकर भाजपा से ब्राह्मण अपमान का बदला लेने की अपील की

उन्होंने 2022 में सपा को वोट देकर भाजपा से ब्राह्मण अपमान का बदला लेने की अपील की। पूर्व मंत्री तेजनरायन पांडेय उर्फ पवन पांडेय ने कहा भाजपा सरकार ने खुशी दूबे के साथ असंवैधानिक कृत्य किये। भाजपा सरकार पूरी तरह से विप्र विरोधी सरकार है। अगर हम राम व परशुराम दोनों का पूजन करते हैं तो दर्द भाजपाइयों को होता है। इस दौरान महसी विधान सभा अध्यक्ष मोहम्मद आसिफ, आनंद यादव, ओम जी यादव, महेश्वरी पांडेय, करुणा शंकर दीक्षित, पेशकार राव, महेंद्र पांडेय, आंजनेय बाजपेई मौजूद रहे।

Deepak Raj

Deepak Raj

Next Story