Barabanki News: आप सांसद संजय सिंह ने मायावती को बताया बीजेपी की टीम बी

आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मायावती को लेकर बड़ा बयान दिया है।

Sarfaraz Warsi
Published on: 24 July 2021 4:26 PM GMT
Sanjay Singh
X

आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह

Barabanki News: आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मायावती को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बाराबंकी में बसपा सुप्रीमो मायावती पर सीधा निशाना साधा और कहा कि 2022 के उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मायावती का चुनाव चिन्ह हाथी की सूंड में कमल का फूल होने जा रहा है। संजय सिंह ने कहा कि भाजपा और बसपा दोनों ही पार्टियां एक हैं। इसलिए हमें किसी भी भ्रम में नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मायावती पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी की बी टीम की तरह काम कर रही है। इसलिए उन्हें कभी भी भाजपा का विरोध करते हुए नहीं देखा जाता है।

दरअसल संजय सिंह आज आम आदमी पार्टी द्वारा बाराबंकी में आयोजित सदस्यता अभियान के कार्यक्रम में भाग लेने आए थे। इस दौरान उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती पर सीधा निशाना साधा और कहा कि 2022 के उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मायावती का चुनाव चिन्ह हाथी की सूंड में कमल का फूल होने जा रहा है। वहीं संजय सिंह ने बीते दिनों समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात को लेकर कहा कि वह मुलाकात सिर्फ उन्हें जन्मदिन की बधाई देने के लिए की गई थी। अभी फिलहाल समाजवादी पार्टी से गठबंधन को लेकर कोई बात नहीं हुई है, अगर भविष्य में ऐसा कुछ होता है तो उसकी जानकारी जरूर दी जाएगी।

संजय सिंह ने बिकरु कांड में मुख्य आरोपी विकास दुबे के शूटर अमर दुबे की पत्नी खुशी दुबे के मुद्दे को भी उठाया और कहा कि खुशी दुबे का मामला अब बहुजन समाज पार्टी उठा रही है। जबकि आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे को काफी पहले उठाया था और इसे लेकर एक चिट्ठी भी लिखी थी। उन्होंने कहा कि खुशी दुबे का क्या अपराध है यह सरकार बताए? संजय सिंह ने कहा कि कानपुर के बिकरू कांड से केवल 3 दिन पहले ही खुशी दुबे की शादी हुई थी। उन्होंने कहा कि रेखा अग्निहोत्री जो विकास दुबे के घर पर काम करती थी। अमर दुबे की मां शांति दुबे और एक अन्य महिला क्षमा दुबे, इन चारों महिलाओं के साथ एक बच्चे का नाम विकास दुबे कांड में लिखी गई सबसे पहली एफएआईआर में नहीं थे। लेकिन प्रतिशोध और नफरत की राजनीति के चलते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक जाति विशेष को निशाना बनाया और प्रदेश में अब तक पांच सौ से ज्यादा ब्राह्मणों को के खिलाफ गलत कार्रवाई की है।

संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बिकरू कांड में चार महिलाओं और एक छोटे बच्चे को लगभग एक साल से जेल में रखा है, जबकि उनका उस केस की एफआईआर में पहले कहीं नाम ही नहीं था। संजय सिंह ने सरकार से सवाल किया कि जिस छोटे बच्चे को उसकी मां के साथ सरकार ने बंद किया है। वह बड़ा होकर क्या सवाल करेगा कि आखिर उसे किस गुनाह की सजा के तौर पर उसकी मां के साथ अंदर रखा गया था। संजय सिंह ने योगी सरकार से मांग करते हुए कहा कि खुशी दुबे के साथ उन चारों महिलाओं की तत्काल रिहाई होनी चाहिए। जिन्हें बिकरू कांड में एक साल से बंद किया गया है। साथी जो मनगढ़ंत केस बनाकर चार्जशीट फाइल की गई है उसे तत्काल वापस लेना चाहिए।

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार के खिलाफ खबरें लिखने और खबरें दिखाने की सजा पत्रकारों को मिल रही है। सरकार ऐसे पत्रकारों के कार्यालय और घरों पर छापेमारी करवा रही है। यह आपातकाल के बाद ऐसी पहली घटना है। जो काफी निंदनीय। संजय सिंह ने कहा कि देश में महंगाई से जनता त्रस्त है और सरकार लोगों की जासूसी कराने में व्यस्त है। संजय सिंह ने कहा कि हजारों लोगों की जासूसी हुई है, जिसमें करोड़ों रुपए सरकार ने खर्च किया है। इसी पैसे से जब लोग कोरोना से मर रहे थे, तो उनका इलाज करवाया जा सकता था।

संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने अगले एक महीने में एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी अपना सदस्यता अभियान चला रही है और संगठन को मजबूत कर रही है। उन्होंने यूपी की सभी विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों को उतारने को लेकर कोई साफ जवाब नहीं दिया। यह पूरा अभियान 8 जुलाई से शुरू हुआ था और 8 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का लक्ष्य हर विधानसभा में 25 हजार सदस्यों को बनाने का है और उन्हें विश्वास है कि बाराबंकी की भी हर विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के 25 हजार सदस्य बनेंगे।

Raghvendra Prasad Mishra

Raghvendra Prasad Mishra

Next Story