×

Lucknow News: अखिलेश यादव ने भी किया चुनावी शंखनाद, उन्नाव में जमकर बोले भाजपा के खिलाफ

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज अपना चुनावी शंखनाद उन्नाव की धरती से किया।

Shreedhar Agnihotri
Published on: 21 July 2021 4:59 PM GMT
Akhilesh Yadav
X

सभा को संबोधित करते सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (फोटो-न्यूजट्रैक)

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज अपना चुनावी शंखनाद उन्नाव की धरती से किया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को जमकर खरी खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग झगड़ा लगाने का काम करते हैं। भाजपा ने पंचायत चुनावों में नोट का इस्तेमाल किया और ब्लाक प्रमुख तथा जिला पंचायत अध्यक्षों के पद हथिया लिए। भाजपा ने सरकारी संस्थाओं को बेच दिया है। भाजपा सरकार के रहते नौजवानों की बेकारी बढ़ी, महंगाई बेलगाम हुई। साढ़े चार साल में एक फैक्ट्री प्रदेश में नहीं लगी है। लोगों को इस सरकार ने भुखमरी के कगार पर पहुंचा दिया है। प्रदेश में मंत्रिमण्डल विस्तार का कोई मतलब नहीं। यहां लोकतंत्र दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा, भाजपा झूठी पार्टी है, इसे हटाइए। समाजवादी पार्टी इस बार 350 सीटें जीतेगी।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का लखनऊ-कानपुर हाई-वे पर जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। लखनऊ से क्रांति रथ पर सवार अखिलेश यादव के स्वागत में सर्वत्र जोशीली भारी भीड़ थी। उन्नाव में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में लखनऊ से जाते हुए रास्ते में अमौसी में मेट्रो स्टेशन पर भी बड़ी तादाद में लोग एकत्र थे। गौरी सरोजनीनगर, अमौसी एयरपोर्ट, दारोगा खेड़ा, बंथरा, बंथरा बाजार, कटी बगिया, बनी, नवाबगंज और उन्नाव में हर जगह अखिलेश यादव का जय-जयकार के साथ फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।

अखिलेश यादव आज उन्नाव से भाजपा के खिलाफ शंखनाद किया। उन्होंने सरौसी गांव में 85वीं जयंती के अवसर पर मनोहर लाल इंटर कालेज में स्थापित स्वर्गीय मनोहर लाल की प्रतिमा का अनावरण करने के उपरांत एकत्र समुदाय को सम्बोधित किया। अखिलेश यादव ने कहा कि सन् 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए बहुत कम समय बचा है। भाजपा ने जनता को बुरी तरह निराश किया है। उसके वादे सपने बनकर रह गए हैं। अपने संकल्प-पत्र का एक भी वादा पूरा नहीं किया। किसान की आय दोगुनी करने का वादा था, उल्टे किसानों की आय कम कर दी है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिला। समाज के सभी वर्गों के लोग भाजपा सरकार को हटाना चाहते है। यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के बीच रहेगी।


अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नाकामी सबके सामने है। तीसरी लहर की चर्चा है पर भाजपा सरकार इसके लिए क्या तैयारियां कर रही है, पता नहीं? भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है वह गुमराह करती है। सरकार ने कोविड संक्रमण के समय जनता को अनाथ छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कभी मृतकों की संख्या नहीं बताएगी क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने 4 लाख रुपये मुआवजा देने को कहा है। उस समय भाजपा के लोग कहीं मदद में नहीं दिखाई दिए। केवल समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता ही राशन, दवा, ऑक्सीजन की मदद करने में सक्रिय रहे। समाजवादी सरकार ने जो 108 एम्बुलेंस चलाई थी वही मददगार बनी।

यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के समय नेताओं, पत्रकारों आदि कई लोगों की जासूसी की खबरें हैं। भाजपा का राज्य विधानसभा संसद तक भारी बहुमत है। फिर उसे जासूसी कराने की क्या जरूरत आ पड़ी? यह जासूसी करना दण्डनीय अपराध है। भाजपा के फैसले जनहित में नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा कि लॉकडाउन में शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था पटरी से उतर गई। समाजवादी पार्टी की सरकार में लैपटॉप बंटे थे। वहीं बच्चों की पढ़ाई में काम आ रहे हैं। उन्होंने कहा कौन भाजपा के वादों पर भरोसा करेगा? भाजपा चुनाव के वक्त दूसरे मुद्दे ले आती है। उसे संविधान की परवाह नहीं है। भाजपा से सावधान रहना है।

इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक पूर्व विधायक राम कुमार, पूर्व सांसद अन्नू टण्डन, विशम्भर प्रसाद निषाद एवं डाॅ. अभिनव कुमार के साथ एमएलसी सुनील यादव 'साजन', डाॅ. राजपाल कश्यप, किरन पाल कश्यप, आनन्द भदौरिया, उदय राज यादव पूर्व विधायक, सुधीर रावत पूर्व मंत्री, कृपा शंकर पटेल पूर्व विधायक, धर्मेन्द्र यादव जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी उन्नाव की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

Raghvendra Prasad Mishra

Raghvendra Prasad Mishra

Next Story