×

Lokbandhu Hospital में मिले डेंगू के 2 नए मरीज़, बढ़ रही भर्ती मरीजों की संख्या, ACMO ने दिये नोटिस

लखनऊ में रोज़ाना डेंगू से ग्रसित लोगों के मामले सामने आ रहे हैं। रविवार को आशियाना स्थित लोकबंधु अस्पताल में डेंगू के दो नए रोगी मिले।

Shashwat Mishra
Report Shashwat MishraPublished By Vidushi Mishra
Published on: 19 Sep 2021 5:06 PM GMT (Updated on: 19 Sep 2021 5:22 PM GMT)
यूपी में डेंगू के जानलेवा स्ट्रेन का कहर
X

 यूपी में डेंगू के जानलेवा स्ट्रेन का कहर (डिजाइन फोटोःन्यूज़ ट्रैक)

लखनऊ: राजधानी में डेंगू (Dengue) और वायरल फीवर (Viral Fever) का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। रोज़ाना डेंगू से ग्रसित लोगों के मामले सामने आ रहे हैं। रविवार को आशियाना स्थित लोकबंधु अस्पताल में डेंगू के दो नए रोगी मिले। इसके बाद अब तक मिले मामलों की संख्या 100 के पार पहुंच गई है। वहीं, अभी तक दो लोगों की मृत्यु भी हो चुकी है। जिसमें एक 55 वर्षीय महिला व एक चार साल की बच्ची शामिल है।

लोकबंधु अस्पताल में 11 भर्ती

अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने 'न्यूज़ट्रैक' को बताया कि "लोकबंधु अस्पताल में आज दो नए मरीज़ सामने आए। दोनों मरीज़ की जांच कार्ड टेस्ट के जरिए की गई थी। एलाइजा जांच हेतु सैम्पल भेज दिए गए हैं।" उन्होंने बताया, "अस्पताल में अब भर्ती मरीजों की संख्या ग्यारह हो गई है। जिसमें सभी वयस्क हैं। आज एक भर्ती हुआ है।"

डेंगू से बचाव हेतु इन बातों का रखें ध्यान:-

जनपद में डेंगू रोग के प्रभावी नियन्त्रण हेतु मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज अग्रवाल (CMO Dr. Manoj Agarwal) के निर्देशानुसार एसीएमओ डा. के.पी. त्रिपाठी (ACMO Dr. KP Tripathi) द्वारा औरंगाबाद क्षेत्र का स्थानीय मलेरिया निरीक्षक के साथ भ्रमण किया गया।

इसके अतिरिक्त नगर मलेरिया इकाई एवं जिला मलेरिया अधिकारी की टीम द्वारा औरंगाबाद के आस-पास के क्षेत्रों का भ्रमण किया गया। साथ ही, आमजनों को डेंगू और मलेरिया से बचाव हेतु स्वास्थ्य शिक्षा दी।

• घर के आस-पास पानी जमा न हो।

• पानी से भरे हुए बर्तनों एवं टंकियों को ढक कर रखें।

• कुछ समय अन्तराल पर कूलर को खाली करके साफ कपड़े से पोछ कर सुखा दे एवं साफ करने के बाद ही पुनः प्रयोग करें।

• पूरी बाह के कपडे पहनने की सलाह।

• बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें।

• मच्छर रोधी क्रीम लगाएं।

• मच्छरदानी लगाकर ही सोएं।

02 घरों को दिया नोटिस

डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी त्रिपाठी ने बताया कि रविवार को कुल 1128 घरों व विभिन्न मच्छरजनित स्थितियों का सर्वेक्षण किया गया। कुल 02 घरों में मच्छरजनित स्थितियां पाये जाने पर नोटिस जारी किया गया।

सोमवार को इन क्षेत्रों में होगी फॉगिंग

इसके अलावा नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. एस. के. रावत द्वारा अवगत कराया गया कि 'सोमवार को नगर निगम की टीम द्वारा जोन-5 के केसरी खेडा, गीता पल्ली, सरोजनीनगर द्वितीय, नवीन गौरी, रूस्तम नगर, जाफर खेडा, गीता पल्ली, रामनगर, धौधाखेडा, जयप्रकाश नगर, शक्तिनगर, होम गार्डस मुख्यालय के आस-पास, कैलाशपुरी गली नंबर-7 से 12 तक के आस-पास के क्षेत्रों में फॉगिग का कार्य कराया जायेगा।'

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story