×

Lucknow News: सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन में भाजपा नेताओं का विपक्ष पर जोरदार हमला

प्रतिनिधि सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का विपक्ष पर जोरदार हमला...

Network
Newstrack NetworkPublished By Raghvendra Prasad Mishra
Published on: 19 Oct 2021 6:06 PM GMT
State BJP chief Swatantra dev Singh
X

भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की फाइल तस्वीर (फोटो-न्यूजट्रैक)

Lucknow News: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह (Swatantra Dev Singh) ने कहा है कि विपक्षी दल लोगों का सम्मान करने व उनका कल्याण करने नहीं आए हैं। वे देश-प्रदेश और लोगों को लूटने के लिए आए हैं। वे वंशवाद चलाने आए है। वे परिवारवाद चलाने आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल 'फैमिली ट्रस्ट' है, जहां बड़े पदों पर सिर्फ परिवार के लोग ही बैठतें है । वहां सामान्य कार्यकर्ता की कोई हैसियत नहीं हैं। उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक मात्र दल है जिसमें किसी भी जाति का गरीब, पिछ़ड़ा और वंचित व्यक्ति भी प्रदेश अध्यक्ष हो सकता है, प्रदेश का मुखिया हो सकता है।

भाजपा की तरफ से आयोजित द्वितीय सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह (Swatantra Dev Singh) ने कहा कि आजादी के बाद लगातार सत्ता में रही कांग्रेस ने गरीबों की बात तो की । लेकिन गरीबी दूर नहीं की । उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि ये दल सिर्फ भ्रष्टाचार और वंशवाद के पोषक हैं।.इनके लिए सत्ता अपना और अपने परिवार के हितों को पूरा करने का साधन मात्र है। सिंह ने कहा कि विपक्षी दलों ने हमेशा देश, प्रदेश, गरीब, शोषित और वंचितों का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मर्यादा पुरूषोत्तम प्रभु श्रीराम के अस्तित्व तक को नकार दिया। हिन्दू आंतकवाद जैसे शब्दों को गढने का काम किया। कांग्रेस ने करोड़ों हिन्दुओं की श्रद्धा के केंद्र शंकराचार्य को गिरफ्तार तक करवा दिया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा सरकार में बेटियों के साथ सरेआम दुर्व्यवहार की घटनाएं होती थीं। दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट नहीं लिखी जाती थी। लेकिन आज योगी सरकार में किसी की हैसियत नहीं जो किसी बेटी को परेशान कर सके, जो परेशान करेगा सीधा जेल जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी तपस्वी के रूप में 24 घंटे अनुसूचित, गरीब, वंचित वर्ग के सामाजिक, आर्थिक व राजनैतिक उत्थान के लिए तथा उनके सम्मान के लिए कार्य कर रहे है।उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पासी समाज का स्वर्णिम इतिहास रहा है। मुगलों और अंग्रेजों से लड़ाई में पासी समाज का बहुत बड़ा योगदान रहा है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पासी राजाओं ने मुगल आक्रमणकारियों को नाकों चने चबवाये थे। अंग्रेजों की छाती पर भारत का तिरंगा फहराने में पासी समाज का भी अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के साथ बहुत बड़ा योगदान रहा। पासी समाज को भाजपा में पूरा सम्मान मिल रहा है। मौर्य ने कहा कि कांग्रेस-सपा-बसपा अनुसूचित वर्ग की विरोधी हैं। भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो सारे समाज को साथ लेकर चलती है। सबको समभाव से देखती है। सबका साथ-सबका विकास के मूल मंत्र के साथ काम करती है। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी आप सबकी पार्टी है। यह कोई परिवार की पार्टी नहीं है। आप सब भविष्य के नेता हैं, यहां पर सबका सम्मान और आदर होता है। उन्होंने कहा कि सबको सम्मानजनक जीवन जीने का संकल्प भारतीय जनता पार्टी ने लिया है।

मौर्य ने कहा कि सारी योजनाओं का लाभ समाज के वंचित लोगों को देने का भरपूर प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जमाने में राजीव गांधी ने कहा था कि जब दिल्ली से 01 रुपया जाता है तो 85 पैसे जनता को मिलते हैं। आज पूरा का पूरा पैसा गरीबों के खातों में जा रहा है। बिचौलियों और दलालों की दुकानें बंद हो गई हैं।

उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि समाज को जाति धर्म में बांटने वाली ताकते फिर सक्रिय हो रही है, ऐसी ताकतो से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा जाति धर्म के आधार पर नहीं बल्कि सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। इस प्रदेश को बडी मुश्किल से जातिवाद, क्षेत्रवाद व सम्प्रदायवाद से बचाया गया है। पिछली सरकारों के समय में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलन्द थे कि उनकी सवारियां निकलती थी। पुलिस के अधिकारी भी उनसे डरते थे। पुलिस के थाने सत्ताधारी दल के कार्यालय हो गए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जो अपने महापुरुषों का सम्मान करती है। डा शर्मा ने स्मृतियां ताजा करते हुए कहा कि स्व कल्याण सिंह के मुख्यमंत्री रहते हमने उनसे महाराजा बिजली पासी किले का सौन्दर्यीकरण कराने तथा विद्यालय भी आरंभ कराने की मांग की थी। उन्होंने उसे स्वीकार किया तथा दोनों ही काम पूरे हुए। ऐसे महान लोगों को इतिहास में दर्ज कराने की कवायद भी की गई।

उन्होंने कहा कि यह आज का आत्मनिर्भर भारत है, जिसने अपने देश के लोगों को सुरक्षित करने के लिए फ्री में वैक्सीनेशन कराया है। आज दुनिया में सबसे तेज वैक्सीनेशन कही पर हो रहा है तो वह भारत में हो रहा है। देश में सबसे अधिक वैक्सीन लगाने का कार्य उत्तर प्रदेश में हुआ है। उत्तर प्रदेश कोरोना प्रबंधन का उदाहरण बना है। आज सबसे अधिक कोरोना जांच से लेकर सबसे अधिक वेन्टीलेटरयुक्त बेड आदि सुविधा में भी यूपी सबसे आगे हैं। सम्मेलन को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा, केन्द्रीय मंत्री भानु प्रताप वर्मा, राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा लाल सिंह आर्य, प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश पासी ने भी सम्बोधित किया। सम्मेलन में पूर्व सांसद व प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत, अनुसूचित मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र कनौजिया, भगवती प्रसाद रावत, रामपाल वर्मा, कृष्णा पासवान, बृजेश रावत, बैजनाथ रावत, सुरेश राही, उपेंद्र पासवान प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

taja khabar aaj ki uttar pradesh 2021, ताजा खबर आज की उत्तर प्रदेश 2021

Raghvendra Prasad Mishra

Raghvendra Prasad Mishra

Next Story