×

Lucknow News: लोहिया संस्थान में ACS के निजी सचिव का 4 घंटे चला ऑपरेशन, निकाल ली गई गोली

Lucknow News: श्रीकेश सिंह ने बताया कि 'संस्थान के चिकित्सकों द्वारा उनकी गंभीर अवस्था को देखते हुए तत्काल ही ऑपरेशन करने का निर्णय लिया गया।

Shashwat Mishra
Published on: 30 Aug 2021 5:08 PM GMT
Lucknow Crime News
X

घायल अवस्था में निजी सचिव (फोटो: न्यूजट्रैक)

Lucknow News: सोमवार को राजधानी के हजरतगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत सचिवालय में नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव रजनीश दुबे के निजी सचिव विशम्भर दयाल ने ख़ुद को गोली मारी थी। जिसके बाद उन्हें पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया था। बाद में उन्हें गोमती नगर स्थित राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की इमरजेंसी में भर्ती किया गया था। जहां उनके सिर से गोली निकाली गई। लेकिन, अभी भी उनकी हालत नाज़ुक बनी हुई है। प्रवक्ता डॉ. श्रीकेश सिंह ने बताया कि 'करीब चार घण्टे के ऑपरेशन के बाद उनकी गोली निकाल ली गई।'

2 बजे लोहिया संस्थान में हुए थे भर्ती

लोहिया संस्थान के प्रवक्ता डॉ. श्रीकेश सिंह ने बताया कि 'सोमवार को लगभग 2 बजे संस्थान की इमरजेंसी में घायल अवस्था में नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव रजनीश दुबे के निजी सचिव विशम्भर दयाल को लाया गया। विशंभर दयाल द्वारा सर पर गोली मार कर आत्महत्या करने की कोशिश की गई थी। इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार देकर इनकी स्थिति को नियंत्रित किया गया।'

'स्थिति नाजुक बनी हुई'

श्रीकेश सिंह ने बताया कि 'संस्थान के चिकित्सकों द्वारा उनकी गंभीर अवस्था को देखते हुए तत्काल ही ऑपरेशन करने का निर्णय लिया गया। ऑपरेशन के लिए एक टीम का गठन किया गया, जिसमें न्यूरोसर्जरी, निश्चेतना, सामान्य शल्य चिकित्सा विभाग के चिकित्सक शामिल किए गए। करीब चार घंटे चले ऑपरेशन के बाद उनके सिर में लगी गोली को निकाला गया, जिसके बाद उन्हें संस्था के आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है। विशंभर दयाल की स्थिति अभी नाजुक बनी हुई है।'

बरामद हुआ सुसाइड नोट

सीनियर आईएएस रजनीश दुबे के निजी सचिव के द्वारा खुद को गोली मारने के मामले में नई जानकारी सामने आई है। पुलिस को तलाशी के दौरान हाथ से लिखा सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में उन्नाव के औरास थाने में विशंभर दयाल की बहन का ससुराल वालों से चल रहे विवाद और दर्ज मुकदमे के कारण तनाव का जिक्र किया गया है। सुसाइड नोट में बहन के ससुराल वालों के द्वारा प्रताड़ित किए जाने का भी जिक्र है। सुसाइड नोट मिलने के बाद आईजी रेंज लखनऊ को पूरे मामले की जांच दी गई है।


Dharmendra Singh

Dharmendra Singh

Next Story