×

Lucknow News: किसान नौजवान पटेल यात्रा के दौरान बोले सपा प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा सरकार पूरी तरह से किसान विरोधी

यूपी के सीतापुर के महमूदाबाद से सपा की किसान नौजवान पटेल यात्रा का शुभारंभ हुआ।

Shashwat Mishra
Published on: 29 Aug 2021 1:57 PM GMT
Kisan Naujawan Patel Yatra
X

सपा की किसान नौजवान पटेल यात्रा के शुभारंभ के दौरान प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम, नेता विरोधी दल रामगोविंद चौधरी व अन्य (फोटो-न्यूजट्रैक)

Lucknow News: यूपी के सीतापुर के महमूदाबाद से सपा की किसान नौजवान पटेल यात्रा का शुभारंभ हुआ। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम, नेता विरोधी दल रामगोविंद चौधरी सहित सपा के कई नेताओं ने शिरकत की। यात्रा के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह से किसान विरोधी है। सरकार में पूंजीपतियों को ही लाभ पहुंचाया जा रहा है। किसानों की ओर सरकार पूरी तरह उदासीन है। आने वाले विधानसभा चुनाव में किसान, नौजवान व छोटे व्यापारी सरकार को बदलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सपा किसानों, मजदूरों व नौजवानों की पार्टी है।

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि BJP पूंजीपतियों को लाभान्वित करने के लिए गरीबों के पेट पर लात मार रही है। BJP 2014 से पहले किसानों की आय दोगुना करने की बात कह रही थी। लेकिन आज किसानों को लागत भी नहीं मिल पा रही है ।वहीं किसान एक साल से आंदोलित है पीएम की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा। PM किसानों की बात नहीं करेंगे अपने मन की बात करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2022 में अखिलेश यादव को किसान, नव जवान, पटेल यात्रा सीएम बनायेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कानून व्यवस्था को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। पूरे देश में उत्तर प्रदेश का आंकड़ा सबसे ज्यादा है।


भाजपा को उखाड़ फेंकेंगे

इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. आशुतोष वर्मा ने कहा कि सीतापुर में शहीद सियाराम वर्मा के समाधि स्थल से सपा की किसान नौजवान पटेल यात्रा की शुरुआत हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के मार्गदर्शन से शुरू हुई किसान पटेल यात्रा की शुरुआत में प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल का सम्बोधन सभी समाजवादी साथियों के लिए प्रेरणादायी रही। वहीं, नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने खेत, खलिहान, किसान विरोधी भाजपा सरकार को जड़ से उखाड़ फेंक 2022 में सपा सरकार बनाने की अपील की।

वहीं, इसके बाद खेत खलिहान कुटीर उद्योग बचाओ किसान नौजवान पटेल यात्रा के तहत समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल कस्बा बिसवां पहुंचे। जहां जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया तदुपरांत वे यात्रा के साथ हज़रत गुलज़ार शाह मेला मैदान पहुंचे। जहां पर उन्होंने हज़रत गुलज़ार शाह मजार पर अकीदत के फूल पेश करते हुए मजार पर चादर पोशी की और दुआ की। इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगली सरकार समाजवादी पार्टी की ही होगी। आवेदक कोई भी हो प्रत्याशी अखिलेश यादव ही होंगे।


उन्होंने कहा आप सबको अखिलेश यादव को देखकर वोट देना है। उन्होंने वर्तमान भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि बीजेपी ने सरकार बनने से पहले कहा था कि 100 दिन के अंदर महंगाई कम कर देंगे, बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराया जाएगा और दो करोड़ लोगों को प्रतिवर्ष नौकरियां दी जाएंगी, लेकिन बीजेपी ने नौकरी न देकर जनता को गुमराह कर छलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी की वजह से गरीबी बढ़ती जा रही है, जिसकी वजह से हिंसा और अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही है। प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ा है।


बीजेपी के लोग केवल दो तीन पूंजीपतियों के लिए काम कर रहे हैं और सरकारी संस्थानों रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डे आदि का निजीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में लाखों लोग काल के गाल में समा गए, लेकिन बीजेपी सरकार इसे नकार रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। अखिलेश सरकार में बुनियादी सेवाओं का लाभ जनता तक पहुंचेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर पर 18 वर्ष के हो चुके मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में बढ़वाने की अपील की। इस दौरान एमएलसी आनंद भदोरिया, पूर्व विधायक निर्मल वर्मा, अफजाल कौसर, जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव, कमलेश यादव ने अपने विचार व्यक्त किए।

Raghvendra Prasad Mishra

Raghvendra Prasad Mishra

Next Story