×

Lucknow News: Omaxe R1 के निवासियों ने की सीएम योगी से अपील, RWA के धोखाधड़ी और मनमानीपन से दिलाएं निजात

Lucknow News: लगातार आज तीसरे रविवार भी यहाँ के निवासियों ने मौजूदा RWA द्वारा किये गए धोखाधड़ी के खिलाफ शांतिपूर्ण ढंग से धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी बढ़ -चढ़ के हिस्सा लिया।

Preeti Mishra
Written By Preeti Mishra
Published on: 5 Feb 2023 12:21 PM GMT
Protest at Omaxe R1
X

Protest at Omaxe R1 (Image credit: Newstrack)

Lucknow News: लखनऊ के गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित ओमैक्स रेजीडेंसी वन में मौजूदा RWA के खिलाफ रेजिडेंस का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार आज तीसरे रविवार भी यहाँ के निवासियों ने मौजूदा RWA द्वारा किये गए धोखाधड़ी के खिलाफ शांतिपूर्ण ढंग से धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी बढ़ -चढ़ के हिस्सा लिया। धरना प्रदर्शन की शुरुआत आज सुबह 11 बजे सोसाइटी के मेन गेट से हुई। उसके बाद निवासियों ने RWA के खिलाफ नारे लगाते हुए पूरी सोसाइटी के चक्कर लगायें।


मुख्यमंत्री से की अपील

प्रदर्शन करने वाले निवासियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए कहा कि ओमैक्स आर वन में RWA द्वारा किये जा रहे धोखाधड़ी और मनमानीपन का संज्ञान लें और यहाँ के निवासियों को न्याय दिलाएं।


क्या है पूरा मामला

दरअसल इस पुरे मामले की शुरुआत इस सोसाइटी में RWA द्वारा की जा रही मनमानी , धोखाधड़ी और सोसाइटी के ख़राब रख -रखाव को लेकर शुरू हुई थी। बीते 22 जनवरी को निवासियों ने जब RWA के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया था तब उन्हें पता चला था कि RWA के कार्यकारिणी के कई लोग मनमाने ढंग से सोसाइटी की बिजली का प्रयोग तो करते हैं लेकिन उसका बिल नहीं अदा करते हैं। बता दें कि सोसाइटी में प्रीपेड बिजली की व्यवस्था है जिसका अर्थ यह है कि यदि आपका पेड बैलेंस एक रूपये भी कम होता है तो आपके घर की बिजली काट दी जाती है। वहीँ निवासियों की तफ्तीश के बाद यह पता चला कि RWA के सचिव का ही बकाया बिल लाखों में था। और उनके घर की बिजली अनवरत जारी है। ऐसे में विरोध कर रहे निवासियों का कहना है कि RWA के लोगों को बिजली बिल के लिए ये विशेषाधिकार कैसे प्राप्त है? ये उनकी समझ से बाहर है।


बीते छह सालों से नहीं हुआ RWA का चुनाव

रेजिडेंस का आरोप है कि जब से ओमैक्स ने सोसाइटी बनाकर RWA को सौंपा है तब से लेकर आजतक कार्यकारिणी का चुनाव नहीं हुआ है। बता दें कि इस कार्यकारिणी में अध्यक्ष को लेकर कुल नौ सदस्य हैं। बीते रविवार जब निवासियों ने फिर धरना प्रदर्शन किया तब यह मुद्दा काफी गरमाया था। 2 फरवरी 2023 को जब प्रदर्शन करने वाले निवासी डिप्टी रजिस्ट्रार के यहाँ पहुचें तो उन्हें बताया गया कि RWA की नई कार्यकारिणी गठन कर लिया गया है। निवासियों का कहना है कि RWA द्वारा बिना हमसे पूछे किसी नोटिस या जानकारी के गुपचुप तरीके से जनवरी 2023 में चुनाव दिखाकर कार्यकारिणी की सूची पेश कर दी गयी। इनका कहना है कि RWA का यह कृत्य निवासियों के सवैधानिक अधिकारों का पूरी तरह से हनन है। निवासियों के अनुसार अगर जरुरत पड़ी तो वो इस मुद्दे को लेकर कोर्ट की शरण लेंगे और फ़र्ज़ी कार्यकारिणी का गठन करने वाले लोगों का पर्दाफाश कर उन्हें जेल भिजवायेंगे।


सोसाइटी का रख-रखाव

प्रदर्शन करने वाले निवासियों के अनुसार सोसाइटी में रख -रखाव के नाम पर केवल झाड़ू लगता है कूड़ा उठाया जाता है। इसके अलावा मैनटेनस के नाम पर कुछ ख़ास नहीं किया जाता है। इसकी गवाही सोसाइटी के बिल्डिंग में जगह -जगह उखड रहे प्लास्टर दे रहे हैं। इसके अलावा फ्लैट्स में जगह -जगह आ रहे सीलन भी निवासियों के लिए गहरी चिंता का सबब बने हुए हैं। वे लोग अपने गाढ़े खून - पसीने की कमाई का इस तरह होता दुरुपयोग देखकर काफी दुखी हैं। साथ ही RWA द्वारा उनके सवैंधानिक अधिकार का हनन कर लेने से भी इस सोसाइटी के आम नागरिक काफी आक्रोशित हैं।


RWA दे रही है धमकी

प्रदर्शन करने वाले निवासियों का कहना है कि RWA के लोग उन्हें धमकी दे रहे हैं। उनका कहना है कि पहले भी कई लोगों को धमकी दिया जा चुका है। निवासियों का कहना है कि RWA के लोग उन्हें स्पष्ट रूप से कह रहे हैं कि धरना-प्रदर्शन बंद कर दें अन्यथा अंजाम बुरा होगा।


पुलिस ने दिया आश्वासन

आज ओमैक्स रेजीडेंसी वन के रेजिडेंस मौजूदा RWA के मनमानी के खिलाफ अपनी शिकायत लेकर पुलिस मुख्यालय भी पहुचें। वहां उन्होंने अपनी सारी समस्यायें बताई। पुलिस ने निवासियों को कानूनन रूप से कार्य करने में मदद करने का आश्वासन भी दिया।


बहरहाल निवासियों को ये डर भी सता रहा है कि भ्रष्टाचार के इस दलदल की जड़ कहाँ तक फैली है इसका पता लगाना एक टेढ़ी खीर है। लेकिन वावजूद उसके यहाँ के निवासियों ने अपनी एकता को अपनी ताकत बना कर RWA के खिलाफ एक जंग छेड़ दी है। अब देखना ये है कि आने वाले समय में ये आंदोलन किस -किस रूप में आगे बढ़ता है।

Preeti Mishra

Preeti Mishra

Content Writer (Health and Tourism)

प्रीति मिश्रा, मीडिया इंडस्ट्री में 10 साल से ज्यादा का अनुभव है। डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भी काम करने का तजुर्बा है। हेल्थ, लाइफस्टाइल, और टूरिज्म के साथ-साथ बिज़नेस पर भी कई वर्षों तक लिखा है। मेरा सफ़र दूरदर्शन से शुरू होकर DLA और हिंदुस्तान होते हुए न्यूजट्रैक तक पंहुचा है। मैं न्यूज़ट्रैक में ट्रेवल और टूरिज्म सेक्शन के साथ हेल्थ सेक्शन को लीड कर रही हैं।

Next Story