×

UP Election 2022 : भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर का चुनावी घोषणा पत्र जारी, मुफ्त शिक्षा-स्वास्थ और कर्जमाफी का वादा

उत्तर प्रदेश चुनाव 2022 के लिए भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने पूरी तरह कमर कस ली है। इसी क्रम में आज उनकी पार्टी आजाद समाज पार्टी (Azad Samaj Party) ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया।

aman
By aman
Published on: 21 Jan 2022 6:50 AM GMT (Updated on: 21 Jan 2022 7:13 AM GMT)
Chandrashekhar Azad Ravan
X

चंद्रशेखर रावण (photo : social media ) 

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश चुनाव 2022 के लिए भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने पूरी तरह कमर कस ली है। इसी क्रम में आज उनकी पार्टी आजाद समाज पार्टी (Azad Samaj Party) ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। इस घोषणा पत्र में आजाद समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश की जनता मुफ्त शिक्षा स्वास्थ्य देने का वादा किया। साथ ही, किसानों की कर्जमाफी का भी वादा किया।

आज एक ट्वीट करते हुए भीम आर्मी चीफ ने लिखा, 'मां-बहन-बेटियों का सम्मान पत्र, युवाओं के रोजगार का अधिकार पत्र, बेटा-भाई-ताऊ-पिताजी के सशक्तिकरण का पत्र, किसानों और मजदूरों के लिए उन्नति का पत्र और दलित-पिछड़े-आदिवासी-अल्पसंख्यकों का अगली सत्ता और सरकार में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आज़ाद समाज पार्टी का संकल्प पत्र।'

बता दें, कि उत्तर प्रदेश चुनाव 2022 (up election 2022) में आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मैदान में उतरने की घोषणा कर चुके हैं। चंद्रशेखर आजाद ने ऐलान किया है कि वह गोरखपुर सदर सीट से योगी आदित्यनाथ के खिलाफ विधानसभा चुनाव में ताल ठोकेंगे। इससे पहले भीम आर्मी प्रमुख ने 18 जनवरी को यूपी की 33 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया था।

गौरतलब है कि चंद्रशेखर आजाद समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने की इच्छा रखते रहे थे। इसके लिए उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात भी की थी। बातचीत शुरू जरूर हुई थी, लेकिन परवान नहीं चढ़ पाया। तब चंद्रशेखर आजाद ने अखिलेश यादव पर आरोप लगाया था, कि उन्हें दलितों के वोट तो चाहिए, लेकिन वे दलित नेता को स्वीकार नहीं करना चाहते। वहीं, सपा का पक्ष रखते हुए अखिलेश यादव ने कहा था, कि उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को दो सीटें ऑफर की थीं। तब वो मान भी गए थे। लेकिन बाद में किसी का फोन आया और वो पलट गए।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा है, कि उनकी पार्टी कुछ लोगों के खिलाफ अपने प्रत्याशी नहीं उतारेगी। इनमें प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के अध्यक्ष शिवपाल यादव, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर, रालोद के प्रमुख जयंत चौधरी और स्वामी प्रसाद मौर्य के नाम शामिल हैं। ऐसी ही बात उन्होंने अखिलेश यादव के लिए भी कही है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story