UP Election 2022: 'बनें यूपी की आवाज', करिए अपनी आवाज बुलंद, कांग्रेस का एक और दांव

UP Election 2022: कांग्रेस पार्टी ने जनपदवार प्रवक्ता एवं कोआर्डिनेटर नियुक्त करने के लिए ‘बनें यूपी की आवाज’ कार्यक्रम की शुरुआत आज से कर दी है।

Rahul Singh Rajpoot
Published on: 9 Nov 2021 10:45 AM GMT
UP Election 2022: बनें यूपी की आवाज, करिए अपनी आवाज बुलंद, कांग्रेस का एक और दांव
X

UP Election 2022: उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी (Congress Party) हर वर्ग के लोगों को जोड़कर अपनी पैठ मजबूत बनाने में जुटी हुई है। प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) के नेतृत्व में कांग्रेस शहर से लेकर गांव तक अपने संगठन को मजबूत बनाने में लगी हुई है। इसी क्रम में अब जिला और ब्लॉक स्तर पर अपनी टीम को मजबूत करने के लिए आज 'बनें यूपी की आवाज' कार्यक्रम को लॉन्च किया है।

मीडिया विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी और वाइस चेयरमैन पंकज श्रीवास्तव ने इसकी शुरुआत की। इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने महिलाओं को जोड़ने के लिए 40 फीसदी सीट उनके लिए आरक्षित किए जाने और छात्राओं को स्मार्ट फोन और स्कूटी देने का वादा कर एक बड़ा दांव चला था।

क्या है 'बनें यूपी की आवाज'? (Bane UP ki Awaaz)

कांग्रेस पार्टी ने जनपदवार प्रवक्ता एवं कोआर्डिनेटर नियुक्त करने के लिए 'बनें यूपी की आवाज' कार्यक्रम की शुरुआत आज से कर दी है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के चेयरमैन, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी एवं वाइस चेयरमैन पंकज श्रीवास्तव ने इसे लॉन्च किया।


इस दौरान नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि कांग्रेस पार्टी दिल खोलकर समाज के सभी वर्गों का स्वागत करती है। जो भी कांग्रेस पार्टी से जुड़कर अपने जनपद की आवाज बुलंद करना चाहता है। वह इस अभियान के तहत तय मानकों को पूराकर पार्टी का प्रवक्ता बनकर आवाज उठा सकता है।

उन्होंने कहा चयन का आधार योग्यता होगी, जिसके लिए जनपदवार परीक्षा एवं साक्षात्कार तय तिथियों पर आयोजित किया जायेगा। जनपद के प्रभारी सचिव, जिला एवं शहर अध्यक्ष तथा प्रदेश प्रवक्ता की समिति समस्त कार्यक्रमों का आयोजन एवं संचालन सुनिश्चित करेगी। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि सबसे पहले इसकी शुरुआत लखनऊ मण्डल के जिलों में आयोजित होगी। 15 नवम्बर दिन सोमवार को उन्नाव जिले में इसकी परीक्षा की शुरुआत होगी।

किस जिले में कब होगी परीक्षा

15 नवम्बर 2021 को उन्नाव

16 नवम्बर 2021 को लखनऊ

17 नवम्बर 2021 को सीतापुर

18 नवम्बर 2021 को हरदोई

19 नवम्बर 2021 को लखीमपुर

20 नवम्बर 2021 को रायबरेली

गौरतलब है कि कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा यूपी में पार्टी और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार दौरे कर रही हैं। प्रियंका गांधी किसानों, युवाओं, महिलाओं और कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाकर सरकार को घेरने में लगी हैं।

इसके साथ ही प्रियंका गांधी ने यूपी के चुनाव के लिए सात प्रतिज्ञा कर लोगों को लुभाने का प्रयास किया है। अब पार्टी युवाओं को जोड़ने और अपनी आवाज बुलंद करने के लिए एक नया प्लेटफार्म दे रही है। जिसके जरिए युवाओं की रुचि कांग्रेस के प्रति बढ़ेगी जिसके फायदा उसे आने वाले दिनों में हो सकता है।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story